
नई दिल्ली। जी20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) के अवसर पर 9 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा रात्रिभोज का आयोजन किया जा रहा है। इस जी20 आधिकारिक रात्रिभोज के लिए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और एचडी देवगौड़ा को न्योता मिला है।
रात्रिभोज का न्योता सभी मुख्यमंत्रियों को भी दिया गया है। कई विपक्षी मुख्यमंत्रियों ने रात्रिभोज में शामिल होने में असमर्थता व्यक्त की है। कांग्रेस के चार मुख्यमंत्रियों में से केवल हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के डिनर में शामिल होने की संभावना है। उनके ऑफिस ने कहा है कि अंतिम फैसला शुक्रवार को लिया जाएगा।
एच डी देवेगौड़ा बोले रात्रिभोज में शामिल नहीं होऊंगा
एच डी देवेगौड़ा ने ट्वीट कर बताया है कि वह डिनर में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने ट्वीट किया, "मैं स्वास्थ्य कारणों से माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज में शामिल नहीं होऊंगा। मैंने पहले ही सरकार को इसके बारे में बता दिया है। मैं जी20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना करता हूं।"
डिनर में शामिल नहीं होंगे सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के ऑफिस ने कहा कि वे डिनर में शामिल नहीं होंगे। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के ऑफिस ने जानकारी दी है कि सीएम का दिल्ली जाने का अभी कोई कार्यक्रम नहीं है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी भोज में शामिल नहीं होंगे। वह बीमार हैं। उन्हें पीठ संबंधी कुछ परेशानी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के भी सप्ताहांत में दिल्ली जाने की संभावना नहीं है।
भोज के लिए दिल्ली नहीं आएंगे नवीन पटनायक
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के मुख्यमंत्री के भी भोज में शामिल होने की संभावना कम है। इनकी पार्टियां न तो NDA में शामिल हैं और न ही INDIA ब्लॉक का हिस्सा हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी परिवार के साथ स्कॉटलैंड की यात्रा पर हैं। वह मंगलवार को वापस आने वाले हैं। तेलंगाना के सीएम केसी राव के ऑफिस के सूत्रों के अनुसार सीएम रात्रिभोज में शामिल नहीं होंगे। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक भी भोज के लिए दिल्ली नहीं जाने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- G20 Summit 2023 LIVE: दिल्ली पहुंचे अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज
भोज में शामिल हो सकते हैं नीतीश कुमार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भोज में शामिल होंगे या नहीं इसको लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों इस संबंध में शुक्रवार को फैसला लेने वाले हैं। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भोज में शामिल होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी भोज में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- G20 summit के चलते Air Force ने लिया यह बड़ा फैसला, दिल्ली के आसमान में उड़ेंगे राफेल
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.