
नई दिल्ली. भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अपने संसदीय क्षेत्र में जरूरतमंदों को बड़ी सौगात दी है। दरअसल, गौतम गंभीर ने 'जन रसोई' भोजनालय की शुरुआत की है। इसके जरिए लोगों को एक रुपए में दोपहर का भोजन मिलेगा।
गौतम गंभीर ने बताया, गुरुवार को गांधी नगर में भोजनालय की शुरुआत की। इसके बाद गणतंत्र दिवस पर अशोक नगर में भी ऐसा ही भोजनालय खोला जाएगा। गौतम गंभीर की योजना 10 विधानसभाओं में एक-एक जन रसोई खोलने की है।
सभी को स्वस्थ और स्वच्छ भोजन करने का अधिकार
गौतम गंभीर ने कहा, 'मेरा मानना रहा है कि जाति, पंथ, धर्म और वित्तीय हालात से परे सभी को स्वस्थ और स्वच्छ भोजन करने का अधिकार है। यह देखकर अफसोस होता है कि बेघर और बेसहारा लोगों को दिन में दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं हो पाती।
सोशल डिस्टेंसिंग का भी रखा जाएगा ध्यान
बताया जा रहा है कि जन रसोई में एक बार में 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। लेकिन कोरोना के चलते सिर्फ 50 लोग बैठने की अनुमति होगी। भोजन में चावल, दालें और सब्जियां मिलेंगी।
गौतम गंभीर ने किया ट्वीट
गंभीर ने ट्वीट कर लिखा, वादे नहीं, इरादे लाया हूं... ना मन्दिर से आरती, ना मस्जिद से अजान लाया हूं... ना राम का वास्ता, ना मोहम्मद की दुआ लाया हूं.. इंसान हूं, इंसान के लिए दो रोटी लाया हूं....वादे नहीं, इरादे लाया हूं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.