
नई दिल्ली। कोरोना के ओमिक्रान वेरिएंट का कहर देशभर में बरपा हुआ है। मगर इन दिनों पांच राज्यों (उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर) में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं, इसलिए ओमिक्रान का ज्यादा असर यहां 'दिख' नहीं रहा। शायद यही वजह है कि देशभर में जो सुर्खियां बनी हुई हैं, वह चुनाव और सिर्फ इससे जुड़ी बातें हैं।
बहरहाल, एक बड़ी खबर गोवा से है। यहां माईकल विंसेंट लोबो (Michael Vincent Lobo) ने भाजपा छोड़ दी है। अब वे शुद्ध कांग्रेसी हो गए हैं। माईकल अभी गोवा के सबसे अमीर विधायक हैं। 2017 का विधानसभा चुनाव उन्होंने कलंगुट सीट (Calangute Assembly Seat) से भाजपा के टिकट पर लड़ा था और 11 हजार 136 वोट हासिल करने के बाद उन्हें जीत मिली थी। माईकल ने 2017 के चुनाव में कांग्रेस (Congress) के जोसेफ राबर्ट सिकेरा (Joseph Robert Sequeira) को 3 हजार 825 वोटों से हराया था। अब इस बार शायद माईकल कांग्रेस में शामिल होकर जोसेफ का टिकट भी कटवा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Goa Election 2022: टिकट मिलने के बावजूद प्रत्याशी ने की गद्दारी, ममता बनर्जी की पार्टी में हुआ शामिल
12वीं तक पढ़ाई, 2 क्रिमिनल केस
वर्ष 2017 में माईकल विंसेंट लोबो की ओर से दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक वह गोवा के सबसे अमीर मौजूदा विधायक हैं। हलफनामे में उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 54 करोड़ रुपए की संपत्ति है। अब लोबो की शिक्षा का स्तर भी जान लेते हैं। लोबो की पढ़ाई-लिखाई सिर्फ 12वीं तक हुई है। यही नहीं, उनके खिलाफ तब दो आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: चुनाव में पैसा बोलता है! गोवा में मौजूदा विधायकों की संपत्ति करोड़ों में, पढ़ाई कोई 8वीं पास तो कुछ ग्रेजुएट
दूसरे नंबर पर थे कांग्रेस प्रत्याशी
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में गोवा की कलंगुट सीट पर 81.96 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इसमें भाजपा यानी माईकल को 11 हजार 136 वोट मिले। यह कुल वोटिंग का करीब 55 प्रतिशत था। कांग्रेस के जोसेफ को 7 हजार 311 वोट मिले। यह कुल वोटिंग का करीब 36 प्रतिशत था। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के गाॅडविन फर्नांडिस को एक हजार 465 वोट मिले थे। कलंगुट सीट उत्तरी गोवा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस सीट पर 24 हजार 541 वोटर थे, जो अब बढ़कर 25 हजार 389 वोटर हो गए हैं। भाजपा ने इस सीट पर पहली बार 2012 में जीत दर्ज की थी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.