
अहमदाबाद। गुजरात के सूरत में रहने वाले मयूर तारापारा नाम के व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी उंगलियां गायब हो गईं हैं। उसने कहा कि वह बेहोश हो गया था। जब होश आया तो उसके हाथ की चार उंगलियां कटी हुईं थीं। गुजरात पुलिस ने इस रहस्यमयी मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने खुलासा किया कि मयूर ने खुद ही अपनी उंगलियां काट ली थी ताकि उसे वह काम नहीं करना पड़े जो वह कर रहा है।
मयूर अपने रिश्तेदार के हीरे की दुकान में कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करता था। उसे यह काम पसंद नहीं था। इसके चलते उसने अपनी उंगलियां काट ली। यह मामला 8 दिसंबर को प्रकाश में आया था। मयूर ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उसके बाये हाथ की उंगलियां गायब हो गईं हैं। उसके शुरुआती बयान के अनुसार घटना वाली रात वह वेदांत सर्किल के पास एक दोस्त का इंतजार कर रहा था। एक घंटे बाद भी उसका दोस्त नहीं आया। इसके बाद उसने घर लौटने का फैसला किया। घर लौटते समय वह एक जरूरी काम से रुका। इसी दौरान उसे चक्कर आया और बेहोश हो गया। जब होश आया तो पता चला कि उसके बाये हाथ की चार उंगलियां नहीं हैं।
मयूर ने बताया कि उसने घटना के बारे में अपने दोस्त को बताया। वह उसे इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में ले गया। डॉक्टरों ने उनकी कटी हुई उंगलियों का इलाज किया और उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मयूर द्वारा बताए गए जगह पर पुलिस को खून के निशान और दूसरे सबूत नहीं मिले। इससे पुलिस को मयूर की कहानी पर संदेह हो गया। कुछ दिनों की जांच के बाद सूरत क्राइम ब्रांच ने सच्चाई पर से पर्दा हटा दिया।
डीसीपी भावेश रोजिया ने कहा, "मयूर तारापारा ने अपनी उंगलियां काटने की बात स्वीकार की है। उसने चाकू खरीदा और योजनाबद्ध तरीके से इस काम को अंजाम दिया। उसपर काम का बहुत अधिक दबाव था। वह अपने एक रिश्तेदार के आभूषण शोरूम में अकाउंटेंट के रूप में काम करता था। उसे यह काम पसंद नहीं था, लेकिन उसके पिता ने उसे काम करते रहने के लिए मजबूर किया था।"
जांच के दौरान पुलिस ने मयूर के मोबाइल लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता ली गई। इससे मयूर के कबूलनामे की पुष्टि हुई। मयूर ने बताया कि उसने पहले तीन उंगलियां काटी और बाद में चौथी उंगली भी काट दी। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर मयूर ने कहा, "मुझे नहीं पता कि मैंने ऐसा क्यों किया।"
यह भी पढ़ें- भाभी पर हुई देवर की नीयत खराब, इनकार किया तो कूड़े में मिला कटा हुआ सिर
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.