कोलकाता के टॉलीगंज में कूड़े के ढेर से एक महिला का कटा हुआ सिर मिला। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर महिला के देवर को गिरफ्तार कर लिया, जिसने कथित तौर पर जबरन संबंध बनाने से इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी।

कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज इलाके में कूड़े के ढेर में एक महिला का कटा हुआ सिर मिला। इसके 24 घंटे के भीतर पुलिस ने शनिवार को महिला के देवर को उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला के देवर की पहचान अतीउर रहमान लस्कर के रूप में हुई है। उसने अपनी भाभी के साथ जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। इनकार किए जाने पर उसकी हत्या कर दी और सिर काटकर कूड़े के ढेर पर फेंक दिया। कोलकाता पुलिस ने उसे दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर स्थित उनके पैतृक गांव बासुलडांगा से गिरफ्तार किया।

दो साल से पति से अलग रह रही थी महिला

लस्कर मजदूरी करता है। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसकी भाभी पिछले दो साल से पति से अलग रह रही थी। डीसीपी (दक्षिण उपनगरीय) बिदिशा कलिता ने बताया कि महिला का कटा हुआ सिर शुक्रवार को ग्राहम रोड के पास कूड़े के ढेर में मिला था। उसका धड़ और शरीर का निचला हिस्सा शनिवार को रीजेंट पार्क इलाके में एक तालाब के पास मिला था।

महिला ने देवर का फोन नंबर कर दिया था ब्लॉक

डीसीपी ने बताया कि पीड़िता रीजेंट पार्क में दाई का काम करती थी। वह हर दिन लस्कर के साथ काम पर जाती थी। लस्कर टॉलीगंज में काम करता था। लस्कर अपनी भाभी के साथ संबंध बनाना चाहता था, लेकिन महिला ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। यह बात लस्कर को नागवार गुजरी थी। एक सप्ताह से महिला अपने देवर से बात करने से बच रही थी। उसने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था।

कलिता ने कहा, "गुरुवार शाम को काम खत्म होने के बाद लस्कर जबरन महिला को अपने साथ एक निर्माणाधीन इमारत में ले गया। वहां लस्कर ने गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद उसे शव के तीन टुकड़े किए। उन टुकड़ों को अलग-अलग जगह फेंक दिया। पुलिस इस मामले में दूसरे लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस को कैसे मिला कटा हुआ सिर?

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने गोल्फ ग्रीन थाना क्षेत्र के ग्राहम रोड पर एक प्लास्टिक बैग में कटा हुआ सिर देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला के सिर को जांच के लिए एमआर बांगुर हॉस्पिटल भेजा। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सभी CCTV कैमरा के फुटेज को खंगाला। इससे पता चल गया कि महिला का सिर किसने फेंका है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कटे हुए सिर पर चोट के निशान और खून के धब्बे भी थे। इससे पता चला कि हत्या उसके बरामद होने के 12 घंटे के भीतर ही की गई थी।

यह भी पढ़ें- अनचाही नौकरी, काम का दबाव, बचने को काट ली उंगलियां, पुलिस ने यूं खोला भेद