पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BJP 'समरसता संकल्प यात्रा' निकालने की तैयारी में है। 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होने वाली यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। जानिए गुरु रविदास और दलित वोटों से इसका क्या कनेक्शन है।

Punjab Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दलित समुदायों के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत पार्टी 'समरसता संकल्प यात्रा' निकालने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को जालंधर से इस यात्रा को रवाना कर सकते हैं। यात्रा का समापन 3 दिसंबर को वाराणसी में होगा। इसके जरिए गुरु रविदास की विरासत और सामाजिक समरसता के संदेश को उत्तर भारत के कई राज्यों तक पहुंचाने की कोशिश होगी।

BJP Samrasta Sankalp Yatra: किन राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा?

प्रस्तावित यात्रा पंजाब से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली से गुजरेगी। इसका समापन वाराणसी में होगा। जालंधर को शुरुआत के लिए चुनना भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

  • जालंधर दोआबा क्षेत्र में आता है, जिसमें होशियारपुर, कपूरथला और शहीद भगत सिंह नगर भी शामिल हैं।
  • पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 23 दोआबा क्षेत्र में हैं। इनमें 8 सीटें SC वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
  • 2011 की जनगणना के मुताबिक, पंजाब की आबादी में अनुसूचित जातियों की हिस्सेदारी करीब 32 फीसदी है।

Punjab Dalit Politics: गुरु रविदास के जरिए पहुंच बनाने की कोशिश

दोआबा में रविदासिया समुदाय की बड़ी आबादी और डेरा सचखंड बल्लां का प्रभाव इसे राजनीतिक रूप से अहम बनाता है। BJP पहले भी गुरु रविदास से जुड़ी पहलों पर जोर देती रही है।

  • फरवरी में पीएम मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट करने की घोषणा की थी।
  • जुलाई में उन्होंने जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का उद्घाटन किया और संत रविदास एक्सप्रेस को रवाना किया।
  • यह ट्रेन अमृतसर के छेहरटा को वाराणसी से जोड़ती है।

Punjab Election 2027: BJP के सामने क्या है चुनौती?

BJP की कोशिश पंजाब में AAP के दलित आधार को चुनौती देने और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के PDA नैरेटिव का जवाब देने की है। हालांकि, असली चुनौती इन प्रतीकात्मक पहलों और विकास कार्यों को जमीनी राजनीतिक समर्थन में बदलने की होगी।