लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA431 की लैंडिंग के दौरान विमान की पूंछ दो बार रनवे से टकरा गई। पायलटों ने दोबारा उड़ान भरी और दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतरा। देखें वायरल वीडियो।
British Airways Flight: लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर ब्रिटिश एयरवेज की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एम्स्टर्डम से आ रही फ्लाइट BA431 का पिछला हिस्सा लैंडिंग की कोशिश में दो बार रनवे से टकरा गया। इस घटना के बाद पायलटों ने तुरंत लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा हवा में ले गए। पूरी घटना एयरपोर्ट पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हालांकि, दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतर गया। इस खौफनाक मंजर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हीथ्रो एयरपोर्ट पर टेल स्ट्राइक, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
- रनवे से दो बार टकराई पूंछ: ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA431 जब लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतर रही थी, तभी विमान का संतुलन थोड़ा बिगड़ा और उसकी पूंछ दो बार रनवे से रगड़ खा गई।
- हवा में वापस ले गए विमान: खतरे को भांपते हुए पायलटों ने तुरंत लैंडिंग रद्द कर दी और विमान को दोबारा आसमान की ओर मोड़ दिया। ऊपर उठते समय विमान हल्का सा बाईं ओर झुका हुआ भी दिखा, जिससे नीचे मौजूद लोगों की धड़कनें तेज हो गईं।
- सुरक्षित लैंडिंग: कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद पायलटों ने दोबारा कोशिश की और सुबह करीब 10:49 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया।
लाइव कैमरे में कैद हुआ खौफनाक वीडियो, 50 लाख से ज्यादा बार देखा गया
- सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप: यह पूरी घटना एविएशन लाइवस्ट्रीमिंग चैनल 'बिगजेट टीवी' (BigJet TV) के 24/7 कैमरे में लाइव रिकॉर्ड हो गई। X (ट्विटर) पर शेयर किए जाने के बाद इस वीडियो को 50 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और लोग पायलट की तारीफ कर रहे हैं।
- तेज हवा और जांच: रिपोर्टों के मुताबिक, लैंडिंग के वक्त एयरपोर्ट पर उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। फिलहाल, ब्रिटिश एयरवेज ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।














