Manali Snowfall News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण प्रशासन ने ऊंचाई वाले रास्तों को बंद कर दिया है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख दर्रों पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी है और लोगों से बेवजह सफर न करने की अपील की है।

Himachal Snowfall Update: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लाहौल-स्पीति जिले में गुरुवार रात से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप जैसे इलाकों में सफर करना फिलहाल जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

लाहौल-स्पीति पुलिस के मुताबिक, शिंकुला टॉप और बारालाचा टॉप की ओर जाने वाले वाहनों को दारचा पुलिस पोस्ट पर ही रोक दिया गया है। वहीं, कुंजुम टॉप की तरफ जाने वाली गाड़ियों को लोसर चेक पोस्ट से आगे जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा ग्राम्फू से छतरू और कुंजुम टॉप जाने वाला मार्ग भी बंद कर दिया गया है।

स्नो चेन और 4x4 गाड़ियों को ही मिल सकती है अनुमति

पुलिस ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में ही स्नो चेन लगी 4x4 गाड़ियों को आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, यह फैसला सड़क की स्थिति और मौसम को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने से बचें।

Scroll to load tweet…

पुलिस ने पर्यटकों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति और जरूरी सुरक्षा इंतजामों के इन रास्तों पर सफर न करें। यदि किसी बेहद जरूरी काम से यात्रा करनी पड़े तो स्नो चेन लगी 4x4 गाड़ी का इस्तेमाल करें और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े रखें। पुलिस ने साफ कहा है कि लोगों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।

रोहतांग पास और मढ़ी में भी गिरी बर्फ

लाहौल-स्पीति के अलावा रोहतांग पास और मढ़ी में भी शुक्रवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग पास पर करीब 4 से 5 इंच और मढ़ी में लगभग एक इंच बर्फ जमा हुई है। इसके बाद मनाली पुलिस ने मढ़ी से रोहतांग पास तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। फिलहाल सिर्फ आपातकालीन वाहनों को ही जाने की अनुमति है।

गुलाबा बैरियर पर भी सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। जो वाहन बर्फबारी के दौरान मढ़ी तक पहुंच गए थे, उन्हें सुरक्षित वापस मनाली भेजा जा रहा है।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि बर्फबारी के बीच रोमांच के चक्कर में अपनी सुरक्षा को खतरे में न डालें और पुलिस की एडवाइजरी का पालन करें।