
अहमदाबाद. गुजरात नगरपालिका चुनावों में भाजपा ने एक फिर शानादार प्रदर्शन किया। पार्टी ने सभी 6 नगर निगमों - अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, भावनगर, और जामनगर में बहुमत हासिल किया। इसके साथ ही भाजपा ने 576 सीटों में से 409 पर जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस 50 पर सिमट गई है।
छह नगर निगमों में 144 वार्डों में 576 सीटों के लिए मतदान 21 फरवरी को हुआ था। मतगणना मंगलवार सुबह 9 बजे शुरू हुई।
पीएम मोदी ने जनता का शुक्रिया अदा किया
पीएम मोदी ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए गुजरात की जनता का शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, धन्यवाद गुजरात, राज्य में नगरपालिका चुनावों के नतीजे विकास और सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास को दिखाते हैं। भाजपा पर दोबारा भरोसा जताने के लिए जनता का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमेशा गर्व की बात है।
पीएम मोदी ने कहा, मैं राज्य के कार्यकर्ताओं के हर एक प्रयास की सराहना करता हूं। कार्यकर्ताओं ने राज्य में पार्टी के विजन को लोगों तक पहुंचाया। गुजरात सरकार की जनता के लिए बनाई गईं नीतियां पूरे राज्य में प्रभाव डाल रही हैं।
उन्होंने कहा, गुजरात में आज की जीत ऐतिहासिक है। खासकर उस पार्टी के लिए दो दशकों से लगातार ऐसी जीत दर्ज कर रही है। समाज के सभी वर्गों, खासकर भाजपा के प्रति गुजरात के युवाओं का व्यापक समर्थन देखना खुशी की बात है।
कांग्रेस बुरी तरह हारी- अमित शाह
आज गुजरात में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव के नतीजे आए। नतीजे दिखाते हैं कि गुजरात भारतीय जनता पार्टी का गढ़ के रूप में खुद को प्रस्थापित करता है। भाजपा ने 85% सीटें जीती हैं। कांग्रेस पार्टी बुरी तरह इस चुनाव में हारी है। पूरे गुजरात में सिर्फ 44 सीटें कांग्रेस को मिली हैं।
जेपी नड्डा ने भी जताया आभार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, गुजरात की सभी 6 महानगर पालिका में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में गुजरात BJP को अपार बहुमत मिला है। मैं इस जीत के लिए सभी 6 महानगर पालिका के मतदाताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।
उन्होंने कहा, गुजरात BJP की यह ऐतिहासिक जीत प्रदेश की जनता की आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की जन-कल्याणकारी और विकास की नीतियों में अटूट विश्वास की जीत है। मैं प्रदेश की जनता को भाजपा में निरंतर विश्वास प्रकट करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
ओवैसी की पार्टी चमकी
अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने शानदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने अहमदाबाद के जमालपुर की पैनल यानी चार सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, सूरत में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।
22 साल की उम्मीदवार ने जीता चुनाव
सूरत में 22 साल की पायल पाटीदार ने इस चुनाव में जीत दर्ज की है। वे आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रही थीं। इसी के साथ पायल सबसे कम उम्र में पार्षद बनी हैं। उन्होंने सूरत के पूर्णा पश्चिम वार्ड नंबर 16 से जीत हासिल की।
सूरत में आप को 27 सीटें
किसके कितने उम्मीदवार मैदान में : 6 नगर निगम में कुल 2,276 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने सबसे ज्यादा उम्मीदवार उतारे हैं।
भाजपा- 577
कांग्रेस- 566
आप- 470
एनसीपी- 91
अन्य पार्टियां- 353
निर्दलीय- 228
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.