
Rain Alert: उत्तर भारत में मानसून अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश थोड़ी कम हुई है, लेकिन गर्मी और उमस से लोग अब भी परेशान है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 17 सितंबर के बीच पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे एक बार फिर कई दिनों तक तेज बारिश का दौर चलेगा। इसके बाद ही धीरे-धीरे मानसून विदाई की ओर बढ़ेगा।
आईएमडी के मुताबिक, 14 और 15 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। महाराष्ट्र में भी बारिश हो सकती है। दक्षिण कोंकण में तेज बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की मां की डीपफेक वीडियो मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ केस दर्ज
मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, खासकर धाराशिव और लातूर में भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह, विदर्भ के 11 जिले भी अलर्ट पर हैं, जहां अकोला, अमरावती, नागपुर और भंडारा में कई जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
गंगा और यमुना का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन अब बाढ़ की तबाही साफ दिखाई देने लगी है। कई घर गिर चुके हैं और खेतों में पानी भरा हुआ है। फर्रुखाबाद, उन्नाव, कन्नौज, फतेहपुर, इटावा और औरैया के कई गांवों का रास्ता अब भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है। वहीं, पंजाब के लुधियाना समेत कई जिलों में पानी जरूर घटा है, लेकिन हालात अभी भी खराब हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.