
Red Alert In Himachal: उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में नदियां उफान पर हैं। जगह-जगह पानी भर जाने से सड़कों पर लंबे जाम लग रहे हैं, जिससे लोगों को घर पहुंचने में घंटों की परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने अब एक बार फिर कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
हरियाणा में भी हालात बिगड़ रहे हैं। नारनौंद में एक मकान गिरने से महिला की मौत हो गई वहीं, फतेहाबाद जिले में घग्गर नदी के उफान से 30 गांव जलभराव की चपेट में आ गए। दिल्ली में हो रही लगातार बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। बीते दिन लोग यहां घंटों तक जाम में फंसे रहे। दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। यमुना बाजार और मोनेस्ट्री बाजार जैसे निचले इलाकों में पानी घुस गया है। करीब 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
पंजाब की हालत सबसे गंभीर है। हिमाचल से लगातार पानी आने के कारण राज्य के सभी 23 जिलों को बाढ़ग्रस्त घोषित कर दिया गया है। भाखड़ा बांध का जलस्तर 1677 फीट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ तीन फीट नीचे है। कई गांव जलमग्न हैं और लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कसौली और सोलन में भूस्खलन की वजह से कई लोगों की मौत हो गई है। कई रास्ते बंद हैं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवाजाही बाधित है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी टैरिफ के बीच भारत के लिए खुशखबरी, रूस ने तेल पर दी बड़ी छूट
बिहार के खगड़िया और कटिहार जिलों में गंगा, बूढ़ी गंडक, कोसी और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंगा 147 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू और पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यूपी के प्रयागराज, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ समेत 50 से ज्यादा जिलों में भी मूसलाधार बारिश की संभावना है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.