
हैदराबाद। 18 साल की लड़की को 19 साल के उसके प्रेमी ने 20 दिन तक होटल के कमरे में कैद रखा। इस दौरान उसका यौन शोषण किया। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लड़के के संपर्क में आई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान ही उसे आरोपी से प्यार हो गया था। उसी प्रेमी ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया।
यह घटना हैदराबाद के नारायणगुडा की है। हैदराबाद सिटी पुलिस की She टीम ने शनिवार को लड़की को मुक्त कराया। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। हैदराबाद पुलिस की महिला शाखा लड़की द्वारा किसी तरह व्हाट्सएप पर शेयर किए गए लोकेशन के आधार पर उसके पास पहुंची।
प्रेमी ने मिलने के लिए बुलाया, बना लिया बंधक
लड़की इंजीनियरिंग की छात्रा है। उसने बताया कि आरोपी ने उसे हैदराबाद मिलने के लिए बुलाया था। उसने धमकी दी थी। उसने लड़की को कई सप्ताह कमरे में बंद रखा। कई दिनों बाद लड़की ने किसी तरह अपने परिवार को फोन किया और अपने ठिकाने के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने पुलिस में FIR दर्ज कराई।
व्हाट्सएप लोकेशन के आधार पर लड़की तक पहुंची पुलिस
पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा-हैदराबाद) डी कविता ने बताया कि लड़की द्वारा शेयर किए गए व्हाट्सएप लोकेशन का इस्तेमाल करते हुए शी टीम ने तुरंत नारायणगुडा के एक होटल में उसे ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस लड़की को खोजने के लिए पहुंची। लड़की को उसके माता-पिता के साथ भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि नारायणगुडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। “शी टीम्स” तेलंगाना पुलिस की एक विशेष इकाई है। इसका काम छेड़छाड़ करने वालों और महिलाओं का पीछा करने वालों पर नकेल कसना है। यह टीम महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा देती है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.