
कोलकाता। कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (RG Kar Hospital) में महिला डॉक्टर की हत्या (Kolkata hospital horror) हुए एक महीने हो गए। 9 अगस्त की सुबह महिला का शव मिला था। पहले उसके साथ रेप किया गया फिर बेरहमी से मार डाला गया। मामले की जांच CBI कर रही है। एजेंसी ने 12 पॉलीग्राफ टेस्ट किए हैं। 100 लोगों से पूछताछ की है। इसके बाद भी अब तक इस मामले में एकमात्र आरोपी संजय रॉय है।
संजय रॉय को घटना के एक दिन बाद 10 अगस्त को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। उसका ब्लूटूथ इयरफोन अस्पताल के तीसरी मंजिल के सेमिनार हॉल में पीड़िता के शव के पास पाया गया था।
पीड़ित के नाखूनों के नीचे पाए गए खून और त्वचा के निशान से लिए गए सैंपल के डीएनए रॉय के डीएनए से मेल खाते है। सीबीआई द्वारा जांच का जिम्मा संभालने के बाद कोलकाता पुलिस ने रॉय के कपड़े और अंडरगारमेंट्स सहित उनके द्वारा जब्त की गई 53 वस्तुओं को सौंप दिया। सीबीआई ने मनोविज्ञान विशेषज्ञों से रॉय की कई जांच की। इसमें उसे "पशु जैसी प्रवृत्ति" वाला "यौन विकृत व्यक्ति" बताया गया। एजेंसी ने रॉय के डीएनए और फोरेंसिक रिपोर्ट एम्स दिल्ली को भेजी है। उस पर अपनी अंतिम राय का इंतजार कर रही है।
संजय रॉय का दावा- उसे फंसाया जा रहा है
संजय रॉय ने स्थानीय कोर्ट में दावा किया है कि उसे फंसाया जा रहा है। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान उससे पूछा गया कि हत्या करने के बाद उसने क्या किया? इस पर रॉय ने बीच में टोकते हुए कहा कि उसने हत्या नहीं की है। वह कमरे में गया था और उसने देखा कि महिला बेहोश पड़ी थी। खून से लथपथ थी। रॉय ने दावा किया कि वह महिला को जानता भी नहीं था। हालांकि 8 अगस्त की रात के सीसीटीवी फुटेज में वह महिला डॉक्टर को घूरता दिखा है।
CBI ने 100 लोगों से की पूछताछ
CBI ने करीब 100 गवाहों से पूछताछ की है। उनके बयान रिकॉर्ड किए हैं। इनमें अस्पताल के सुरक्षाकर्मी, डॉक्टर, नर्स और पीड़िता के दोस्त शामिल हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और संजय रॉय के दोस्त अनूप दत्ता (कोलकाता पुलिस में एएसआई) सहित गवाहों का पॉलीग्राफ टेस्ट किया गया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.