
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने एक बार फिर UNSC (United Nations Security Council) में 'कश्मीर राग' अलापा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने UNSC की महिलाओं, शांति और सुरक्षा संबंधी बहस में जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया। इस पर भारत ने करारा जवाब दिया है। भारत ने कहा कि पाकिस्तान 'दुर्भावनापूर्ण और झूठे प्रचार' कर रहा है। उसके द्वारा उठाए गए सवाल जवाब देने योग्य भी नहीं हैं।
जम्मू-कश्मीर पर जरदारी के बयान का जवाब देते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री आधारहीन और राजनीति से प्रेरित बातें बोल रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली बहस में कंबोज ने कहा, "मेरा प्रतिनिधिमंडल इस तरह के दुर्भावनापूर्ण और झूठे प्रचार को जवाब देने लायक नहीं समझता है।"
सकारात्मक काम पर है भारत का ध्यान
रुचिरा कंबोज ने कहा कि हमारा ध्यान सकारात्मक और दूरंदेशी काम करने पर है। हम महिला, शांति और सुरक्षा से जुड़े एजेंडे को पूरी तरह से लागू करने के हमारे सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने के लिए चर्चा पर ध्यान दे रहे हैं। हम बहस के विषय का सम्मान करते हैं। हमारा फोकस विषय पर बना रहेगा।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा परिषद में महिला, शांति और सुरक्षा पर बहस आयोजित की गई थी। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत का अभिन्न अंग हैं और रहेंगे। भारत ने इस बात पर जोर दिया है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य, पड़ोसी संबंध चाहता है, लेकिन उसे पहले आतंक और शत्रुता मुक्त वातावरण तैयार करना होगा।
यह भी पढ़ें- PM मोदी के साथ गुवाहाटी की महिलाओं ने खेली होली, गुलाबी रंग से रंग गई SPG के जवानों की काली सूट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.