कोरोना से जंग में भारत को लगातार मिल रही मदद, 'वैक्सीन मैत्री' के बदले विदेशों से अब तक आए ये उपकरण

भारत कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहा है। ऐसे में दुनिया के तमाम देश भारत की मदद के लिए आगे आए हैं। भारत को इन देशों से मेडिकल उपकरण, दवाईयां मदद के तौर पर मिल रही हैं। वहीं, कोरोना प्रबंधन के तहत केंद्र द्वारा इन्हें तत्काल  राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भेजा जा रहा है।

Asianet News Hindi | Published : May 25, 2021 5:58 AM IST / Updated: May 26 2021, 12:15 PM IST

नई दिल्ली. भारत कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहा है। ऐसे में दुनिया के तमाम देश भारत की मदद के लिए आगे आए हैं। भारत को इन देशों से मेडिकल उपकरण, दवाईयां मदद के तौर पर मिल रही हैं। वहीं, कोरोना प्रबंधन के तहत केंद्र द्वारा इन्हें तत्काल  राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भेजा जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 23 मई तक भारत को कुल मिलाकर 16,630 ऑक्सीजन कंसट्रेटर, 15,961 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, 11,516 वेंटिलेटर/बीआई पीएपी, और करीब 6.9 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन विदेशों से मिले हैं। 

राज्यों में भेजे जा रहे उपकरण
विदेशों से मिलने वाली मदद को राज्यों और केंद्रशासित राज्यों में पहुंचाने के लिए व्यापक निगरानी की जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक कमेटी भी बनाई है। इसने 26 अप्रैल, 2021 से काम करना शुरू किया है। 

वैक्सीन मैत्री के तहत मिल रही मदद
भाजपा ने ट्वीट कर कहा, भारत को कोरोना जंग से वैश्विक मदद वैक्सीन मैत्री के बदले मिल रही है। कोरोना की दूसरी लहर के खिलाफ जंग में दुनियाभर के देश भारत के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ा रहे हैं। दरअसल, भारत सरकार ने कोरोना की दूसरी लहर से पहले दुनिया के करीब 70 देशों को वैक्सीन मैत्री के तहत वैक्सीन दी है। 

भारत को इन देशों से मिली मदद
कोरोना के खिलाफ जंग में अमेरिका, रूस, जापान, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, आयरलैंड, भूटान, बेल्जियम, रोमानिया, लक्जमबर्ग, सिंगापुर, सऊदी अरब, पुर्तगाल, स्वीडन, न्यूजीलैंड, कुवैत और मारीशस समेत करीब 40 देशों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है।

भारत में क्या है कोरोना की स्थिति?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,96,427 नए केस सामने आए हैं। पिछले 40 दिनों बाद केसों की स्पीड बहुत कम हुई है। जबकि मौतें पिछले दिनों की तुलना में घटकर 3496 रह गई हैं।  रिकवरी लगातार बेहतर जा रही है। पिछले 24 घंटे में 3.26 लाख लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल मौतों की संख्या पर ब्रेक लगाने की कोशिशें जारी हैं। देश में अब तक 2,69,47,496 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 2,40,47,760 लोग ठीक हो चुके हैं।

Asianet News का विनम्र अनुरोधः आइए साथ मिलकर कोरोना को हराएं, जिंदगी को जिताएं...। जब भी घर से बाहर निकलें मास्क जरूर पहनें, हाथों को सैनिटाइज करते रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। वैक्सीन लगवाएं। हमसब मिलकर कोरोना के खिलाफ जंग जीतेंगे और कोविड चेन को तोडेंगे। #ANCares #IndiaFightsCorona

Share this article
click me!