
Apache Attack Helicopters: भारत ने छह AH-64E आपाचे अटैक हेलीकॉप्टर के लिए अमेरिका के साथ 5691 करोड़ रुपए का सौदा किया था। इनमें से तीन हेलीकॉप्टर मंगलवार को इंडियन आर्मी को मिले। सेना इन हेलीकॉप्टरों को जोधपुर में तैनात करेगी। बाकी बचे तीन हेलीकॉप्टर 2025 के अंत तक मिलने की उम्मीद है।
अपाचे को दुनिया के सबसे ताकतवर अटैक हेलीकॉप्टरों में से एक माना जाता है। इसे उड़ने वाला टैंक भी कहते हैं। यह बेहद महंगा है। यह इतना ताकतवर है कि दुश्मन कांप जाए। भारत ने छह आपाचे हेलीकॉप्टरों के लिए अमेरिका के साथ 5691 करोड़ रुपए की डील की। इस तरह एक हेलीकॉप्टर के लिए 948.5 करोड़ रुपए देने पड़े हैं। इतने में करीब 100 रोल्स रॉयस फैंटम कार खरीदे जा सकते हैं। एक रोल्स रॉयस फैंटम की कीमत करीब 9.5 करोड़ रुपए है।
1- अमेरिकी सेना के पास 800 से अधिक अपाचे हैं। 1,000 से अधिक अपाचे मिस्र, ग्रीस, इजरायल, नीदरलैंड, जापान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों को बेचे गए हैं। अब इस लिस्ट में भारत का नाम जुड़ गया है।
2- अपाचे में दो टर्बोशाफ्ट इंजन लगे हैं। प्रत्येक इंजन 1,265 किलोवाट की शक्ति पैदा करता है।
3- अपाचे हेलीकॉप्टर की अधिकतम रफ्तार 279 किमी/घंटा है। इसका रेंज 1,900 किमी है। यह 6,400 मीटर ऊंचाई तक जा सकता है।
4- अपाचे हेलीकॉप्टर का वजन करीब 5165kg है। यह अधिकतम 10,433kg वजन के साथ उड़ सकता है।
5- अपाचे हेलीकॉप्टर में दो लोग बैठ सकते हैं। एक पायलट और दूसरा को-पायलट। दोनों स्वतंत्र रूप से हेलीकॉप्टर उड़ा या हथियार चला सकते हैं।
6- दिन हो या रात, अपाचे काम करता है। यह खराब मौसम में भी उड़ान भर सकता है।
7-अपाचे में मिलीमीटर वेव लॉन्गबो रडार लगा है। यह दुश्मन को दूर से ही देखने में मदद करता है।
8- अपाचे हेलीकॉप्टर का मुख्य हथियार 30mm का ऑटोमैटिक बोइंग M230 चेन गन है। यह एक मिनट में 625 गोले दागता है। हेलीकॉप्टर अपने साथ 1,200 राउंड गोले ले जाता है।
9- अपाचे में माउंटेड हेलमेट स्क्रीन और इंटीग्रेटेड हेलमेट एंड साइटिंग डिस्प्ले सिस्टम (IHADSS) दिया गया है। पायलट या शूटर जहां देखता है इसका M230 चेन गन खुद वहां निशाना लगाता है।
10- अपाचे हवा से सतह पर मार करने वाले हेलफायर मिसाइल से लैस है। इसका रेंज 8-12km है।
11- अपाचे दूसरे हेलीकॉप्टर और विमान को भी मार गिरा सकता है। इसके लिए इसके पास हवा से हवा में मार करने वाले स्टिंगर, एआईएम-9 साइडवाइंडर, मिस्ट्रल और साइडआर्म जैसे मिसाइल हैं।
12- जमीन पर भारी बमबारी के लिए अपाचे के पास हाइड्रा नाम का रॉकेट है। इससे 70mm के गाइडेड रॉकेट फायर होते हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.