
Indian Navy: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत अधिक बढ़ा हुआ है। इस बीच इंडियन नेवी ने अरब सागर में अपने युद्धपोत आईएनएस सूरत (INS Surat) से मिसाइल टेस्ट कर अपना दम दिखाया है।
आईएनएस सूरत नौसेना का लेटेस्ट भारत में बना गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर है। इसने गुरुवार को सफलतापूर्वक सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल का टेस्ट किया। इस मिसाइल ने टेस्ट के दौरान सी-स्किमिंग टारगेट पर सटीक निशाना लगाया। यह भारतीय नौसेना की रक्षात्मक क्षमता के मामले में बहुत बड़ी कामयाबी है।
सी-स्किमिंग मिसाइल को हवा में नष्ट करना बेहद खास क्षमता है। समुद्र की सतह पर मौजूद युद्धपोत को मिसाइल से हमला किए जाने का खतरा होता है। इससे बचने के लिए युद्धपोत को सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल से लैस किया जाता है। ये मिसाइल हमला करने आ रहे मिसाइल हो हवा में ही नष्ट कर देते हैं, जिससे युद्धपोत का बचाव होता है।
जब बात युद्धपोत को पर हमला करने की हो तो सी-स्किमिंग मिसाइल अधिक कारगर होते हैं। ये मिसाइल समुद्र की सतह के करीब उड़ते हुए युद्धपोत तक पहुंचते हैं। ऐसा करने से वे युद्धपोत के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम से बचने की कोशिश करते हैं। अब भारत के पास ऐसा मिसाइल है जो सी-स्किमिंग करने वाले हमलावर मिसाइल से भी सुरक्षा दे सकता है।
भारतीय नौसेना ने X पर मिसाइल टेस्ट का वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ लिखा, "भारतीय नौसेना के INS Surat ने समुद्र में लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। यह हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में एक और मील का पत्थर है।"
INS Surat से जिस मिसाइल का टेस्ट किया गया उसे भारत और इजरायल ने मिलकर विकसित किया है। इसका रेंज 70 किलोमीटर है। इससे पहले दिन में पाकिस्तान ने अरब सागर में नो-फ्लाइ जोन घोषित कर सतह से सतह पर मार करने वाले मिसाइल का टेस्ट करने की जानकारी दी। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका रेंज 480 किलोमीटर है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.