
बेंगलुरू। यूक्रेन के खारकीव में रूसी मिसाइल अटैक का शिकार हुए कर्नाटक के नवीन की आज ही सुबह 10:30 बजे घर वालों से बात हुई थी। उन्हें क्या पता था कि जिसे बिल्कुल सही सलामत मोबाइल फोन की स्क्रीन पर देख रहे हैं, चंद घंटों बाद नवीन की मौत की खबर मिलेगी। दोपहर एक बजे विदेश मंत्रालय ने परिजनों को मौत की जानकारी दी। नवीन के पिता कर्नाटक के किसान हैं। यूक्रेन पर हमले की खबर के बाद से नवीन का पूरा परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर परेशान था। रविवार को खारकीव में रूसी सैनिकों के कब्जे की खबरों के बाद से परिवार की चिंता और बढ़ी थी। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक हमलों की वजह से उसे निकलने का मौका नहीं मिल रहा था। इस बीच आज रूस ने खारकीव में जबरदस्त मिसाइल अटैक किए, जिसमें नवीन निशाना बन गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक सुबह 10:30 बजे उससे हुई वीडियो कॉल में माता-पिता ने उसे सलाह दी थी कि घर से बाहर निकलते वक्त तिरंगा दिखाना। परिजनों ने उससे नाश्ते और खाने के बारे में भी जानकारी ली थी। उन्होंने उसे बहादुरी के साथ रहने और लगातार मैसेज करते रहने को कहा था।
विदेश मंत्रालय ने कहा- शव लाने का हर संभव प्रयास कर रहे
दोपहर में उसकी मौत की खबर के बाद नवीन के चचेरे भाई शिवकुमार ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से फोन पर बात विदेश मंत्रालय की तरफ से उन्हें बताया कि नवीन किराने का कुछ सामान लेने गया था, इसी दौरान मिसाइल अटैक की चपेट में आ गया। परिजनों ने पूछा कि क्या उसका शव मिल सकता है, इस पर विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया कि यह वॉर जोन का मामला है, इसलिए हालात थोड़ा कठिन हैं। लेकिन हमने शव को कब्जे में ले लिया है और अपनी तरफ से सभी संभव प्रयास कर रहे हैं। जैसे ही संभव होता है, हम इसे भारत लाएंगे। परिजनों ने पूछा कि क्या यह जानकारी 100 फीसदी सही है कि मृतक नवीन ही है। इस पर बताया गया कि स्टूडेंट कॉन्ट्रैक्टर ने और नवीन के दोस्तों ने भी इसकी पुष्टि की है।
एमबीबीएस चौथे वर्ष का छात्र का नवीन
नवीन कर्नाटक के हावेरी का मूल निवासी था। यूक्रेन में वह आर्किटेक्टोरा बेकातोवा में रह रहा था। वह खारकीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और एमबीबीएस चौथे वर्ष का छात्र था।
यह भी पढ़ें खारकीव पर रूस के मिसाइल हमले में भारतीय छात्र की मौत, MBBS करने गया था 22 वर्षीय Naveen Shekhrappa
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.