
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार देर रात राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने सीएम के इस्तीफा को स्वीकार कर लिया है। नई सरकार बनने तक बोम्मई कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
बसवराज बोम्मई अपने विधानसभा सीट शिगगांव से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने पार्टी की हार की जिम्मेदारी ली है। बोम्मई ने कहा, "हमें एक बात पर जरूर ध्यान देना चाहिए। इस बार हमें 36 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं। यह पिछली बार से अधिक है। हम चाहे जो भी विश्लेषण करें, हार तो हार होती है। इस चुनाव का अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर असर नहीं होगा। 8-10 महीने बाद लोकसभा चुनाव होने हैं। हम इसके लिए काम करेंगे।"
बोम्मई ने कांग्रेस के यासिर अहमद खान पठान को हराया
बोम्मई ने शिगगांव से कांग्रेस प्रत्याशी यासिर अहमद खान पठान को 35,978 मतों के अंतर से हराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य प्रमुख पार्टी नेताओं के नेतृत्व में भाजपा ने कर्नाटक में चुनाव प्रचार अभियान चलाया था। इसके बाद भी भाजपा अपनी सरकार बचाने में कामयाब नहीं हुई। कर्नाटक सरकार के 11 मंत्री भी चुनाव हार गए। कर्नाटक के 224 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए। कांग्रेस को 135 सीटों पर जीत मिली।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक में कांग्रेस को मिली जीत की 'संजीवनी', 10 PHOTOS में देखिए देशभर में कार्यकर्ता कैसे मना रहे जश्न
पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को दी बधाई
कर्नाटक में बीजेपी की हार के बावजूद पीएम नरेंद्र मोदी ने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। उन्होंने चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को भी बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई साल तक सेवा का मौका देने के लिए कर्नाटक के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी कर्नाटक के लोगों के कल्याण के लिए काम करती रहेगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.