
बेंगलुरु। कर्नाटक में हो रहे विधानसभा चुनाव (karnataka assembly election 2023) के लिए 10 मई को मतदान होना है। इससे पहले राज्य का चुनावी परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। एक महीने पहले करीबी चुनावी लड़ाई की उम्मीद जताई जा रही थी। अब भाजपा तेजी से बढ़त लेती दिख रही है। एशियानेट न्यूज नेटवर्क और जन की बात द्वारा कराए गए सर्वे में ये रुझान उभर कर सामने आए हैं। इस बार के चुनाव में कई VVIPs के राजनीतिक भविष्य का फैसला होना है। आइए डालते हैं VVIPs निर्वाचन क्षेत्रों वाले कुछ जिलों पर नजर...
बसवराज बोम्मई (शिगगांव, हावेरी)
एक महीने में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के जिले की जमीनी स्थिति में बदलाव हुआ है। नए सर्वे में पता चला है कि मुंबई कर्नाटक क्षेत्र के हावेरी जिले में भाजपा बढ़त हासिल कर रही है। इस जिले में छह विधानसभा सीट हैं। मार्च-अप्रैल में हुए सर्वे में पता चला था कि भाजपा को यहां चार सीटें मिल सकती हैं। नए सर्वे में पता चला है कि भाजपा 6 में से पांच सीट जीत सकती है।
सिद्धारमैया (वरुणा, चामराजनगर)
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के चामराजनगर जिले के वरुणा सीट से जीतने की उम्मीद है। हालांकि कांग्रेस को ओल्ड मैसूर क्षेत्र के इस जिले में बढ़त मिलती नहीं दिख रही है। नए सर्वे में पता चला है कि जिले के चार सीटों में से बीजेपी को दो और कांग्रेस को दो सीटों पर जीत मिल सकती है। एशियानेट के पिछले सर्वे में भी यही ट्रेंड दिखा था।
एचडी कुमारस्वामी (चन्नापटना, रामनगर)
रामनगर ओल्ड मैसूर क्षेत्र का जिला है। यहां JDS (जनता दल-सेक्युलर) ने अपनी पकड़ मजबूत की है। मुकाबला जेडीएस और कांग्रेस के बीच है। एशियानेट न्यूज के नए सर्वे से पता चला है कि JDS को रामनगर जिले की चार में से तीन सीटों पर जीत मिल सकती है। पिछले एशियानेट न्यूज सर्वे में पता चला था कि यहां कांग्रेस और JDS को 2-2 सीटें मिल सकती हैं।
जगदीश शेट्टार (हुबली, धारवाड़)
टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शेट्टार धारवाड़ जिले के हुबली से मैदान में हैं। शेट्टार की गिनती बड़े लिंगायत नेताओं में होती है। उनके पार्टी छोड़ने से कई भाजपा नेताओं को दुख हुआ था। कांग्रेस को उम्मीद है कि शेट्टार के आने से मुंबई कर्नाटक क्षेत्र के धारवाड़ जिले में उसे बढ़त मिलेगी। हालांकि सर्वे से पता चला है कि शेट्टार के पार्टी बदलने से जमीन पर स्थिति नहीं बदली है। मार्च-अप्रैल में किए गए सर्वे में पता चला था कि धारवाड़ के 7 सीटों में से चार भाजपा और तीन कांग्रेस को मिल सकती है। नए सर्वे में भी यही आंकड़ा सामने आया है।
डीके शिवकुमार (कनकपुरा, बेंगलुरु ग्रामीण)
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख डीके शिवकुमार बेंगलुरु ग्रामीण जिले के कनकपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले सर्वे में पता चला था कि जिले की चार में से दो सीटें JDS के खाते में जा सकती हैं। भाजपा और कांग्रेस को 1-1 सीटें मिल सकती हैं। नए सर्वे में जिले में कांग्रेस की स्थिति बेहतर होती दिख रही है। यहां कांग्रेस को चार में से दो सीटों पर जीत मिलती दिख रही है। भाजपा और जेडीएस को एक-एक सीट मिल सकती है।
BY विजेंद्र (शिकारीपुरा, शिवमोगा)
विजेंद्र पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे हैं। शिकारीपुरा सीट से पहले पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा चुनाव लड़ते थे। नए सर्वे से पता चला है कि चुनावी मैदान में येदियुरप्पा के नहीं रहने पर भी यह जिला भाजपा का गढ़ बना रहेगा। पिछले सर्वे के बाद से जमीनी स्थिति नहीं बदली है। जिले की सात सीटों में से भाजपा को चार, कांग्रेस को दो और जेडीएस को एक सीट मिल सकती है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.