
बेंगलुरु। कर्नाटक में हो रहे विधानसभा चुनाव 2023 (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार कर रहे हैं। पीएम चित्रदुर्ग में जनसभा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और जेडीएस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि ये परिवारवादी दल कांग्रेस का विकास नहीं करेंगे।
नरेंद्र मोदी ने कहा, "कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस और जेडीएस दोनों से सावधान रहना है। कांग्रेस और जेडीएस दिखावे के लिए दो दल हैं, लेकिन दिल से और अपनी करतूतों से ये दोनों एक ही हैं। ये दोनों परिवारवादी हैं। दोनों भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं और समाज को बांटने की राजनीति करते हैं।"
पीएम ने कहा, "आजादी के 'अमृतकाल' में कनार्टक का ये पहला चुनाव है। यह कर्नाटक को नंबर वन राज्य बनाने का चुनाव है। यह तय करेगा कि आने वाले 25 वर्षों में कर्नाटक विकास की किस उंचाई पर होगा। कर्नाटक को हमें विकसित भारत की ड्राइविंग फोर्स बनाना है। ग्रोथ इंजन बनाना है। इसलिए भाजपा सरकार दोबारा बनाना है, डबल इंजन की सरकार को लाना है।"
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ब्लू प्रिंट है भाजपा का संकल्प पत्र
नरेंद्र मोदी ने कहा, "प्रदेश भाजपा की टीम और कर्नाटक भाजपा के नेतृत्व को मैं बधाई देता हूं। वे बहुत अच्छा संकल्प पत्र लेकर आए हैं। इसमें कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने का रोड मैप है। इसमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का ब्लू प्रिंट है। महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया गया है।"
कांग्रेस ने कर्नाटक को आतंकियों के रहमोकरम पर छोड़ा
पीएम ने कहा, "कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस का इतिहास और उसकी सोच नहीं भूलनी है। कांग्रेस का इतिहास आतंक और आतंकवादियों के तुष्टिकरण का है। जब दिल्ली में बाटला हाउस एनकाउंटर हुआ तो कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता के आंखों में आतंकियों के मर जाने की खबर सुनकर आंसू आ गए थे। जब सर्जिकल स्ट्राइक हुए, जब एयर स्ट्राइक हुए तो कांग्रेस ने देश की सेनाओं के सामर्थ पर सवाल खड़ा कर दिया। कर्नाटक में आपने देखा है कि कांग्रेस कैसे आतंक को बढ़ावा देती रही है। कांग्रेस ने कर्नाटक को आतंकियों के रहमोकरम पर छोड़ दिया था। बीजेपी ने आतंकवाद की कमर तोड़ी है।"
यह भी पढ़ें- कर्नाटक चुनाव 2023: मल्लिकार्जुन के बेटे प्रियांक ने पीएम मोदी को कहा- नालायक, बीजेपी ने बताया भ्रष्ट मानसिकता
10 मई को होगा मतदान
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आखिरी दौर में है। 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को नतीजे आएंगे। चुनाव एक चरण में हो रहे हैं। भाजपा के सामने अपनी सरकार बचाने की चुनौती है। भाजपा पीएम की रैली ऐसे इलाकों में आयोजित कर रही है जहां पार्टी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.