
कोलकाता। कोलकाता एयरपोर्ट (Kolkata airport) पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। अधिकारियों ने इस घटना के बारे में रविवार को जानकारी दी। यहां इंडियो एयरलाइन का एक विमान लैंडिंग करने जा रहा था तभी पायलट और को-पायलट की आंखों पर लेजर लाइट पड़ा, जिससे वे कुछ देर के लिए अंधे हो गए। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ और विमान सही सलामत लैंड कर गया। विमान के कॉकपिट पर शक्तिशाली लेजर रोशनी डाली गई थी। यह घटना तब हुई जब पायलट विमान को जमीन पर उतारने जा रहे थे। विमान की लैंडिंग के दौरान हुई यह घटना यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा था।
इंडिगो फ्लाइट 6E 223 बेंगलुरु से कोलकाता पहुंची थी। पायलट विमान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतारने जा रहे थे। विमान टच डाउन से चंद किलोमीटर पहले था तभी उसके कॉकपिट पर तेज लेजर लाइड पड़ी। लेजर रोशनी इतनी तेज थी कि पायलट और को-पायलट कुछ देर के लिए अंधे हो गए। इस दौरान विमान तेज रफ्तार से जमीन की ओर बढ़ रहा था। गनीमत रही कि इतना होने के बाद भी पायलट विमान को सुरक्षित रूप से लैंड करा सके। इस विमान में 165 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे। इस तरह 171 लोगों की जान खतरे में पड़ गई थी।
लैंडिंग के बाद कैप्टन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी जानकारी
लैंडिंग के बाद विमान के कैप्टन ने घटना की जानकारी कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। इसके बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों ने घटना के बारे में एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को बताया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत उस जगह पर पहुंचे जहां से लेजर लाइट छोड़ा जा रहा था। पुलिस ने तत्काल लेजर लाइट बंद करा दिया।
यह भी पढ़ें- Video: चाय पीने गया ड्राइवर, चल पड़ी मालगाड़ी, 80 km/h तक पहुंची रफ्तार, जाने 84km दूर कैसे रुकी
टेकऑफ और लैंडिंग के वक्त विमान को रहता है अधिक खतरा
गौरतलब है कि विमान को टेकऑफ और लैंडिंग के वक्त अधिक खतरा रहता है। इस दौरान हुई गड़बड़ी बड़े हादसे का कारण बन जाती है। पायलट टेकऑफ के समय विमान को जमीन से उड़ाकर सुरक्षित ऊंचाई तक ले जाने के दौरान बेहद सतर्क रहते हैं। इस तरह लैंडिंग के दौरान विमान को तेज रफ्तार से जमीन पर उतरना होता है। विमान को रनवे पर सीमित दूरी में रुकना भी होता है। इस दौरान पायलट को परेशानी होने पर बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.