
कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले (Kolkata Doctor Murder Case) में पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से पूरे वारदात को अंजाम दिया। इस बात की आशंका है कि महिला डॉक्टर के साथ रेप हत्या के बाद किया गया।
महिला डॉक्टर की हत्या के बाद आरोपी घर वापस आया और सो गया। सुबह उसने सबूत नष्ट करने के लिए अपने कपड़े साफ किए। हालांकि, वह अपने जूते से खून के निशान साफ नहीं कर पाया। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है। आरोपी नागरिक स्वयंसेवक है। वह आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से जुड़ा नहीं है, लेकिन अक्सर वहां आता था। महिला डॉक्टर की हत्या अस्पताल के सेमिनार हॉल में की गई थी। गुरुवार को वह नाइट ड्यूटी पर थी। शुक्रवार सुबह उसका शव मिला। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
महिला डॉक्टर की पहले हत्या फिर रेप की आशंका
पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने बताया है कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता की आंखों, मुंह और गुप्तांग से खून बह रहा था। उसके बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ और होठों पर भी चोटें थीं। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि जो सबूत मिल रहे हैं उससे यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि डॉक्टर की पहले हत्या की गई और फिर उसके साथ बलात्कार किया गया।
अपराधी को सजा देने की मांग को लेकर डॉक्टर कर रहे विरोध प्रदर्शन
डॉक्टर हत्याकांड के अपराधी को सजा देने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इससे पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित हुईं हैं।
यह भी पढ़ें-ट्रेनी डॉक्टर की रेप व मर्डर का आरोपी कर चुका 4 शादियां, 3 पत्नियां भागीं
दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टर वैकल्पिक सेवाएं बंद रखेंगे
कोलकाता में महिला डॉक्टर की क्रूर हत्या के खिलाफ दिल्ली के प्रमुख सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर सोमवार से अनिश्चित काल के लिए सभी वैकल्पिक सेवाएं बंद करने जा रहे हैं। वे मामले में तत्काल कार्रवाई और सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के अध्यक्ष डॉ. अविरल माथुर ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। हमारी सुरक्षा से समझौता हो रहा है। हम अब और चुप नहीं बैठ सकते।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.