Asianet News Hindi | Published : Sep 23, 2022 4:49 AM IST / Updated: Sep 23 2022, 07:20 PM IST

आज की हिंदी न्यूज Highlights: असम के CM ने केंद्र सरकार से की PFI पर बैन लगाने की मांग

सार

नई दिल्ली। आज दिन शुक्रवार, तारीख 23 सितंबर 2022 है। आज की ताजा खबर (Today Hindi News Highlights) में पीएफआई द्वारा केरल में बुलाया गया बंद और उपद्रव प्रमुख है। पीएफआई के समर्थकों ने राज्य में कई जगह उपद्रव किया है। तिरुवनंतपुरम और कोयट्टम में पीएफआई के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर खूब उपद्रव किया। इस दौरान सरकारी बसों में तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने जरूरी काम से घर से बाहर निकले लोगों की कारों के शीशे तोड़ दिए। दूसरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनवायरमेंट क्लीयरेंस के नाम पर विकास के काम नहीं रुकने चाहिए। पढ़ें आज की ताजा खबरें...

07:20 PM (IST) Sep 23

असम के CM ने की PFI पर बैन लगाने की मांग

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पीएफआई पर बैन लगाया जाए। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम पुलिस ने पीएफआई के कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद नगरबेड़ा में कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, हमने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। असम सरकार लगातार केंद्र से पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध कर रही है।
 

07:08 PM (IST) Sep 23

किशनगंज में अमित शाह ने की कोर कमेटी के साथ बैठक

दो दिन के बिहार दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज स्थित माता गुजरी विश्वविद्यालय में राज्य कोर कमेटी के साथ बैठक की। इससे पहले पूर्णिया में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि 2024 के चुनाव में राजद और जदयू का बिहार से सूपड़ा साफ हो जाएगा।
 

06:47 PM (IST) Sep 23

जेपी नड्डा ने कहा- डीएमके चला रही वंशवादी शासन

तमिलनाडु के मदुरै में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डीएमके सरकार राज्य में ओछी राजनीति कर रही है। डीएमके ने तमिलनाडु के लोगों को गुमराह किया है। डीएमके के नेता वंशवादी शासन चला रहे हैं और भ्रष्टाचार को वैध बना रहे हैं। D का मतलब वंशवाद, M का मतलब पैसे की ठगी, K का मतलब कट्टा पंचायत।
 

06:41 PM (IST) Sep 23

डॉ राजीव बहल बने ICMR के महानिदेशक

डॉ राजीव बहल को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वह स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सह सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
 

06:37 PM (IST) Sep 23

पीएम उम्मीदवार नहीं नीतीश कुमार: ललन सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम उम्मीदवार नहीं हैं। वह केवल विपक्षी दलों को एकजुट करने में सूत्रधार बनना चाहते हैं। विपक्ष की एकता से ही भारत भाजपा मुक्त हो सकता है। नीतीश कुमार सीबीआई या ईडी से नहीं डरते। जिस तरह से बीजेपी सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है, वह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। बीजेपी स्थापित और भरोसेमंद संस्थानों की विश्वसनीयता को खत्म कर रही है। राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है।

06:16 PM (IST) Sep 23

दिलीप तिर्की बने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष

भारत के पूर्व हॉकी कप्तान दिलीप तिर्की को हॉकी इंडिया (HI) का अध्यक्ष चुना गया है। दिलीप तिर्की को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है। उनके विरोधियों उत्तर प्रदेश हॉकी प्रमुख राकेश कत्याल और झारखंड हॉकी प्रमुख बोला नाथ सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। हॉकी इंडिया के चुनाव 1 अक्टूबर को होने थे। तिर्की की नियुक्ति की घोषणा शुक्रवार (23 सितंबर) को की गई।
 

05:59 PM (IST) Sep 23

नवीन पटनायक के पास है 64.97 करोड़ की संपत्ति

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की संपत्ति एक साल में एक लाख रुपए घट गई है। उनके पास दिसंबर, 2021 तक 64.97 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। यह एक साल पहले 64.98 करोड़ रुपए थी। एक आधिकारिक पोर्टल से यह जानकारी सामने आई है। इस पोर्टल पर ओडिशा के सभी मंत्री अपनी संपत्ति का विवरण जमा करते हैं। पटनायक के पास 12.09 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। उनके पास  3.45 लाख रुपए के सोने के गहने हैं। वह 1980 मॉडल की एम्बेस्डर कार के मालिक हैं, जिसकी कीमत 6,434 रुपए बताई गई है। मुख्यमंत्री के दो बैंक खातों में 72 लाख रुपए और 21.71 लाख रुपए जमा थे।

05:46 PM (IST) Sep 23

पुणे में पीएफआई कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया

महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने पीएफआई के 35 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वे पुणे जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बुंदगार्डन थाना के सीनियर इंस्पेक्टर प्रताप मानकर ने कहा कि 35-40 पीएफआई कार्यकर्ताओं को बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने के चलते हिरासत में लिया गया है। 
 

05:37 PM (IST) Sep 23

अमेरिका की सफाई- रूस पर भारत के स्टैंड के चलते पाकिस्तान को नहीं दी F-16 पैकेज

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने पाकिस्तान के लड़ाकू विमान F-16 के लिए जरूरी प्रमुख पुर्जे देने की घोषणा की है। अमेरिका पाकिस्तान को यह मदद F-16 विमान को उड़ने लायक बनाए रखने के लिए दे रहा है। पाकिस्तान को मिली अमेरिकी मदद पर भारत की ओर से आपत्ति जताई गई थी। इसपर अमेरिका की ओर से सफाई दी गई है। 

अमेरिका के रक्षा विभाग के अधिकारी ने कहा है कि पाकिस्तान को F-16 विमान के लिए दी जा रही मदद भारत के लिए कोई संदेश नहीं है।  दरअसल, रूस यूक्रेन जंग के बाद भारत का स्टैंड रूस के प्रति अमेरिका और उसके सहयोगी देशों से अलग रहा है। सहायक रक्षा सचिव (इंडो-पैसिफिक सिक्योरिटी अफेयर्स) एली रैटनर से पत्रकारों ने पूछा कि क्या एफ-16 को अपग्रेड करना और यूएस-पाकिस्तान रक्षा सहयोग पर बातचीत भारत के लिए रूस पर तटस्थता का संदेश था। इसपर एली रैटनर ने कहा कि नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है।

05:24 PM (IST) Sep 23

अधीर रंजन चौधरी बोले- राहुल गांधी को नहीं पद की जरूरत

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि राहुल गांधी स्वाभाविक नेता हैं। उन्हें किसी पद की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष नहीं होंगे। अब बीजेपी की गांधी परिवार को नीचा दिखाने की कोशिश बंद होनी चाहिए। कांग्रेस में लोकतंत्र है। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे, लेकिन क्या बीजेपी ने चुनाव किया था? उनके अध्यक्ष का फैसला नागपुर में लिया गया।
 

05:22 PM (IST) Sep 23

NHAI के चीफ जनरल मैनेजर को CBI ने किया गिरफ्तार

सीबीआई ने एनएचएआई के एक मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) को 5 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक निजी कंपनी के दो कर्मियों को रिश्वत देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुख्य महाप्रबंधक पटना स्थित रिजनल ऑफिस में घूस ले रहे थे। इसके बाद सीबीआई ने आठ विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली। सीजीएम परिसर से करीब 60 लाख रुपए बरामद हुए हैं।
 

04:49 PM (IST) Sep 23

असदुद्दीन ओवैसी ने की मुस्लिमों का आरक्षण बढ़ाने की मांग

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिमों का आरक्षण बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया कि तेलंगाना सरकार को सुधीर आयोग के सुझाव के अनुसार पिछड़े मुस्लिम कोटा को बढ़ाकर 8-12% करना चाहिए। तेलंगाना के मुसलमानों की जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति की तुलना में मौजूदा 4% आरक्षण अपर्याप्त है।
 

04:43 PM (IST) Sep 23

उद्धव गुट को मिली शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की अनुमति

बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिवसेना के उद्धव गुट को मुंबई के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली करने की अनुमति दे दी है। बीएमसी के फैसले पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने उद्धव गुट को 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रैली करने की अनुमति दी है। कोर्ट ने कहा कि शिवसेना के आवेदन को खारिज करना सही नहीं है। बीएमसी ने अपनी ताकत का दुरुपयोग किया है।

04:38 PM (IST) Sep 23

त्रिपुरा में भाजपा विधायक ने दिया इस्तीफा

त्रिपुरा के कारबुक विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बरबा मोहन त्रिपुरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष को इस्तीफा पत्र सौंपा।
 

04:24 PM (IST) Sep 23

बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज की एकनाथ शिंदे गुट की याचिका

बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की अनुमति मांगने वाली शिवसेना के दोनों गुटों (एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट) की याचिकाओं पर सुनवाई की। कोर्ट ने एकनाथ शिंदे गुट के विधायक सदा सर्वंकर की याचिका को खारिज कर दिया। सर्वंकर ने आवेदन दायर कर कोर्ट से गुहार लगाई थी कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की याचिका पर सुनवाई नहीं की आए और फैसला नहीं सुनाया जाए।शिवाजी पार्क में शिवसेना के दोनों गुट दशहरा रैली करना चाहते थे। कानून-व्यवस्था बिगड़ने के खतरे को देखते हुए बीएमसी ने दोनों गुटों को रैली की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

04:13 PM (IST) Sep 23

6-10 महीने में आएगा नया दूरसंचार बिल

केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नया दूरसंचार बिल छह से दस महीने में आने की उम्मीद है। सरकार को कोई जल्दी नहीं है। फाइनल बिल लागू करने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इसपर अभी परामर्श चल रहा है। बातचीत के आधार पर अंतिम मसौदा तैयार होगा। इसके बाद मसौदा संसद की समिति प्रक्रियाओं से गुजरेगा फिर इसे संसद में पेश किया जाएगा। इसमें 6-10 महीने लग सकते हैं। हम जल्दी में नहीं हैं।

03:58 PM (IST) Sep 23

ढाई साल बाद भूटान ने खोला इंटरनेशनल बॉर्डर

कोरोना महामारी के चलते भूटान ने ढाई साल बाद इंटरनेशनल बॉर्डर खोला है। भूटान के राजदूत मेजर जनरल वेत्सोप नामग्याल ने कहा कि भूटान आने वाले लोगों को क्वारंटाइन में नहीं रहना होगा। उनकी कोरोना जांच नहीं होगी। यात्रियों को सिर्फ कोरोना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाना होगा। हमने अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को खोलने में ढाई साल का समय लिया, क्योंकि महामारी के दौरान हमारी प्राथमिकता जानमाल के नुकसान को रोकना था। इसलिए हमने बहुत कड़े कदम उठाए। यह बहुत प्रभावी था। भूटान में COVID-19 से शायद ही किसी की मौत हुई।

03:51 PM (IST) Sep 23

कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में नहीं हैं दिग्विजय सिंह

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में नहीं हैं। दिग्विजय ने कहा, "मैं पहले ही कह चुका हूं और दोहरा रहा हूं कि मुझे पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है।" आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के दिल्ली में एक मस्जिद और मदरसे का दौरा करने के बारे में उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का परिणाम है।

03:43 PM (IST) Sep 23

ओडिशा में मिले कोरोना के 202 नए संक्रमित

ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना के 202 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 45 बच्चे हैं। गुरुवार को यहां 252 कोरोना संक्रमित मिले थे। ओडिशा में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 1,400 है। यहां कोरोना से 9,186 मरीजों की मौत हुई है। 
 

03:17 PM (IST) Sep 23

इसरो ने बनाया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला घुटना

इसरो ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला कृत्रिम घुटना बनाया है। इसकी मदद से घुटने से ऊपर के दिव्यांग लोग आराम से चल पाएंगे। 1.6 किलोग्राम वजनी यह घुटना माइक्रोप्रोसेसर से कंट्रोल होता है। इसकी मदद से दिव्यांग व्यक्ति थोड़े से समर्थन के साथ एक बार में करीब 100 मीटर तक चल सकता है। इसरो ने कहा है कि कृत्रिम घुटना को और बेहतर किया जा रहा है।
 

 

 

03:07 PM (IST) Sep 23

डॉ एम श्रीनिवास बने AIIMS के निदेशक

डॉ एम श्रीनिवास को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली का निदेशक नियुक्त किया गया है। वह पहले ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हैदराबाद के डीन थे। एम्स-दिल्ली के निदेशक के रूप में डॉ गुलेरिया का दूसरा कार्यकाल 23 सितंबर को समाप्त होने वाला है।

03:01 PM (IST) Sep 23

मैक्सिको ने कहा- सिर्फ PM मोदी कर सकते हैं रूस यूक्रेन के बीच शांति कायम

मैक्सिको ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में कहा है कि सिर्फ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे जंग को बंद करा सकते हैं और दोनों देशों के बीच शांति कायम करा सकते हैं। मैक्सिको ने संयुक्त राष्ट्र में एक समिति गठित करने का प्रस्ताव पेश किया। समिति रूस और यूक्रेन के बीच स्थायी शांति की मध्यस्थता करेगी। इसमें नरेंद्र मोदी, पोप फ्रांसिस और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बहस में भाग लेने के दौरान मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो लुइस एब्रार्ड कैसाबोन ने यह प्रस्ताव रखा।

02:45 PM (IST) Sep 23

राजस्थान के 400 तीर्थयात्री उत्तराखंड में फंसे

राजस्थान के करीब 400 तीर्थयात्री उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भूस्खलन के कारण फंस गए हैं। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उनके ठहरने और खाने की व्यवस्था की गई है। उत्तराखंड प्रशासन के अनुसार उत्तरकाशी और हर्षिल (हल्गू गार्ड और गबनानी) के बीच का रास्ता बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बंद हो गया है। 

02:31 PM (IST) Sep 23

भारतीय सेना ने सिक्किम में लगाया खास रडार

भारतीय सेना और रक्षा भू-सूचना विज्ञान और अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE) ने संयुक्त रूप से 20 सितंबर को उत्तरी सिक्किम में हिमस्खलन निगरानी रडार स्थापित किया है। भारतीय सेना ने जानकारी दी कि सिक्किम में अपनी तरह के इस पहले रडार को लगाया गया है। यह हिमस्खलन आने से तीन सेकंड पहले ही उसका पता लगा लेता है। इसकी मदद से हिमस्खलन से होने वाली जानमाल की क्षति को कम किया जा सकेगा।
 

02:18 PM (IST) Sep 23

विदेश मंत्रालय ने कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों को किया सतर्क

विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी कर कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों और छात्रों को सावधानी बरतने व सतर्क रहने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कनाडा में हेट क्राइम, सांप्रदायिक हिंसा और भारत विरोधी गतिविधियों की घटनाओं में वृद्धि हुई है। विदेश मंत्रालय और कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने इन घटनाओं को कनाडा के अधिकारियों के साथ उठाया है। उनसे घटनाओं की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

02:01 PM (IST) Sep 23

आरएसएस ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला

केरल के कन्नूर में आरएसएस ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला हुआ है। एनआईए द्वारा पीएफआई के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हड़ताल के दौरान मट्टनूर में आरएसएस ऑफिस पर दो लोगों ने एक पेट्रोल बम फेंका। दूसरी ओर पुलिस ने कोच्चि में विरोध प्रदर्शन के दौरान दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ करने के आरोप में पीएफआई के पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
 

01:57 PM (IST) Sep 23

लोकसभा चुनाव होगा लालू-नीतीश की जोड़ी का सफाया

अमित शाह ने कहा कि 2014 में नीतीश कुमार के पास केवल 2 लोकसभा सीटें थीं। वे 'ना घर के रहे थे और न घाट के'। 2024 के लोकसभा चुनाव आने दें, बिहार की जनता लालू-नीतीश की जोड़ी का सफाया कर देगी। हम 2025 के चुनावों में पूर्ण बहुमत के साथ यहां सत्ता में आने जा रहे हैं।

बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को लंबे समय तक संदेह का लाभ दिया। अब वे जानते हैं कि इस बार न तो लालू की पार्टी आएगी और न ही आपकी पार्टी। इस बार बिहार में केवल पीएम मोदी का कमल खिलेगा। क्या राजनीतिक गठजोड़ बदलकर पीएम बन सकते हैं नीतीश बाबू? राजनीति में आने के बाद से उन्होंने कई लोगों को धोखा दिया है। लालू जी, सावधान रहें नीतीश कल आपको छोड़कर कांग्रेस की गोद में बैठ सकते हैं।

01:50 PM (IST) Sep 23

भाजपा को पूर्ण बहुमत दीजिए बिहार को विकसित बनाएंगे

अमित शाह ने कहा कि लालू यादव के समय बिहार में क्या होता था सबको मालूम है। अपहरण, लूट और हत्या की घटनाओं से लोग सहमे रहते थे और लालू यादव पटना के गांधी मैदान में लाठी रैली करते थे। अब लालू यादव और नीतीश कुमार गांधी मैदान में लाठी लेकर रैली करेंगे और लालू यादव नीतीश के कंधे पर दिखेंगे। हमें स्वार्थ की राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति करनी है। आपने भाजपा को हमेशा वोट दिया,लेकिन लंगड़ी सरकार बनाई। एक बार भाजपा को पूर्ण बहुमत दीजिए हम बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे। 

01:42 PM (IST) Sep 23

बिहार के लोगों को नहीं चाहिए जंगल राज

गृह मंत्री ने कहा कि बिहार के लोगों को फिर से जंगल राज नहीं चाहिए। जैसे ही नीतीश ने लालू के साथ सरकार बनाई अपराध बढ़ गया। नीतीश कहते हैं कि उनके खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है। अगर षड्यंत्र हो रहा है तो आप साजिश करने वालों को पकड़ते क्यों नहीं हैं? षड्यंत्र करने वाले उनके साथ सरकार में बैठे हैं। 

अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार और ललन सिंह चारा घोटाला की बात करते थे, चारा घोटाला करने वाले तो आपकी सरकार में मंत्री बन गए। अब उनसे कैसे पूछोगे? आज लालू के डर से नीतीश सीबीआई के खिलाफ बात कर रहे हैं। लालू नीतीश की जोड़ी एक्सपोज हो चुकी है। बिहार को आगे ले जाना है तो पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार होनी चाहिए। बिहार और झारखंड वामपंथी उग्रवाद के अड्डे होते थे। पीएम के नेतृत्व में तीन साल में बिहार को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त करा दिया गया।

01:33 PM (IST) Sep 23

लालू और नीतीश ने दिया जनता को धोखा

अमित शाह ने कहा कि लालू और नीतीश दल बदल कर बिहार की जनता को धोखा दे रहे हैं। सीमावर्ती जिलों के लोगों से कहने आया हूं कि डरने की जरूरत नहीं है। लालू नीतीश की जोड़ी भले बिहार में सत्ता में आई हो केंद्र में मोदी सरकार है। हमने नीतीश कुमार को बड़प्पन दिखाकर सीएम बनाया था। जैसे ही लोकसभा का चुनाव आया वह प्रधानमंत्री बनने के लिए लालू और कांग्रेस की गोद में बैठ गए हैं। लोकसभा चुनाव में लालू यादव और नीतीश कुमार की पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
 

01:27 PM (IST) Sep 23

अमित शाह बोले- लालू की गोद में बैठ गए हैं नीतीश, बिहार में फैला डर का माहौल

पूर्णिया में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि वे (राजद और जदयू के नेता) कह रहे हैं कि मैं यहां झगड़ा लगाने आया हूं। मेरा जन्म इस काम के लिए नहीं हुआ है। लालू यादव ने पूरे जीवन यही काम किया है। नीतीश कुमार लालू यादव की गोद में बैठ गए हैं। इससे बिहार में डर का माहौल फैल गया है। 
 

01:08 PM (IST) Sep 23

बिहार पहुंचे अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के दौरे पर बिहार पहुंचे हैं। पूर्णिया में उनका भव्य स्वागत किया गया। यहां वह थोड़ी देर में  ‘जन भावना महासभा’ को संबोधित करेंगे।
 

01:03 PM (IST) Sep 23

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने की केरल बंद के दौरान उपद्रव की निंदा

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने पीएफआई के ठिकानों पर एनआईए और ईडी की छापेमारी और पीएफआई के लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में बुलाए गए केरल बंद के दौरान हुए उपद्रव की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया कि जो लोग सोचते हैं कि वे भारत और भारतीयों को डराने के लिए हिंसा का इस्तेमाल कर सकते हैं, वे भ्रम में हैं। पीएफआई ऐसा संगठन है जिसने बार-बार साबित किया है कि कुछ समुदायों के खिलाफ हिंसा करेंगे। इस तरह के संगठन आगे नहीं बढ़ सकते। हिंसा पर पूर्ण विराम लगाना होगा।

 

 

12:43 PM (IST) Sep 23

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पंजाब पर लगाया 2,000 करोड़ का जुर्माना

पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पंजाब पर 2,000 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया है। पंजाब सरकार द्वारा ठोस और तरल कचरा प्रबंधन के लिए इंतजाम नहीं किया गया, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। इसी वजह से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा जुर्माना लगाया गया है।
 

12:39 PM (IST) Sep 23

शेड्यूल के अनुसार हो रही S-400 की डिलीवरी

रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा है कि भारत को S-400 मिसाइल सिस्टम की डिलीवरी शेड्यूल के अनुसार हो रही है। यूक्रेन जंग के चलते रक्षा से जुड़े मामलों में कोई देर नहीं हुई है। 
 

12:34 PM (IST) Sep 23

भूपेंद्र हुड्डा ने की सोनिया गांधी से मुलाकात

हरियाणा कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सोनिया गांधी से मिलने के बाद भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमने पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए इस बारे में बात की। सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर उनका रुख तटस्थ है।
 

12:29 PM (IST) Sep 23

मंडल अध्यक्ष के घर जेपी नड्डा ने किया नाश्ता

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमिलनाडु के शिवगंगा में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और एससी व ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर जाकर नाश्ता किया।
 

12:13 PM (IST) Sep 23

दूसरे जज के पास हुआ सत्येंद्र जैन का केस ट्रांस्फर

दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट एंड सेशन कोर्ट ने आप नेता सत्येंद्र जैन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को दूसरे जज के पास ट्रांस्फर करने की अनुमति दी है। ईडी ने इसके लिए याचिका लगाई थी। अब यह मामला स्पेशल जज विकास ढुल को ट्रांस्फर किया गया है। मामले की सुनवाई पहले स्पेशल जज गीतांजलि गोयल ने की थी। सत्येंद्र जैन राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट जाएंगे।
 

12:06 PM (IST) Sep 23

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को जारी किया नोटिस

धोखाधड़ी से धर्मांतरण कराने या धर्मांतरण के लिए डराने, धमकाने और लालच देने के मामलों को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग संबंधी याचिका पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में केंद्र और राज्य सरकारों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है।
 

12:02 PM (IST) Sep 23

ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

पंजाब पुलिस ने कनाडा में रहने वाले लखबीर लांडा और पाकिस्तान में रह रहे हरविंदर रिंडा द्वारा नियंत्रित ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बताया कि दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एक एके-56 राइफल, 2 मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।