Asianet News Hindi | Published : Sep 24, 2022 4:32 AM IST / Updated: Sep 24 2022, 07:05 PM IST

आज की हिंदी न्यूज Highlights: पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे पर, CM बोले- बर्दाश्त नहीं करेंगे

सार

नई दिल्ली। आज दिन शनिवार तारीख 24 सितंबर 2022 है। आज की ताजा खबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्वारा हिमाचल प्रदेश के मंडी में 'युवा सम्मेलन' को किया गया संबोधित प्रमुख है।कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन आज से शुरू हो रहा है। दूसरी ओर एनआईए ने आरोप लगाया है कि पीएफआई ने युवाओं को लश्कर-ए-तैयबा, ISIS और अन्य आतंकवादी समूहों में शामिल होने के लिए उकसाया। यह संगठन एक विशेष समुदाय के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने के लिए लोगों को भड़का रहा है। वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसआईटी के गठन का आदेश दिया है। पढ़ें आज की ताजा खबरें...

07:05 PM (IST) Sep 24

शिवाजी महाराज की भूमि पर बर्दाश्त नहीं करेंगे 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे

पुणे में पीएफआई के प्रदर्शनकारियों द्वारा 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि "छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि" पर "राष्ट्र-विरोधी" नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

एकनाथ शिंदे ने ट्वीट किया, “पुणे में जिस तरह के राष्ट्र-विरोधी 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए, उसके लिए जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। पुलिस निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेगी। शिवाजी की भूमि पर इस तरह के नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।"

06:53 PM (IST) Sep 24

पाकिस्तान में हिंदू महिला और 2 किशोरियों को अगवा कर कराया धर्म परिवर्तन

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू समुदाय की एक महिला और दो किशोरियों का अपहरण कर लिया गया है। इनमें से दो का जबरन इस्लाम में धर्म परिवर्तन कर उनकी शादी मुस्लिम पुरुषों से कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि 14 साल की मीना मेघवार को नसरपुर इलाके से अगवा कर लिया गया। वहीं, मीरपुरखास कस्बे के बाजार से घर लौटते समय एक अन्य हिंदू किशोरी का अपहरण कर लिया गया। मीरपुरखास में तीन बच्चों की मां हिंदू महिला को अगवा किया गया और धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी मुस्लिम व्यक्ति से कर दी गई। 
 

06:38 PM (IST) Sep 24

आरिफ मोहम्मद ने कहा- PFI के लोगों पर कार्रवाई करे सरकार

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने PFI द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के छापे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर कहा कि ये हिंसा का सहारा लेकर अपने राजनीतिक मुद्दे को राह देना चाहते हैं। सरकार को ऐसे लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। कल जो भी हुआ वह अराजकता थी। हिंसा करने वाला व्यक्ति कानून के शासन और लोकतंत्र का अपमान करता है। इस संस्थान (PFI) के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें आ चुकी हैं।

06:27 PM (IST) Sep 24

तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर जाएंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर से तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर जाएंगे। वह माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा करेंगे। इसके साथ ही दो रैलियों को संबोधित करेंगे। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव और पूर्व मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि इस यात्रा को विधानसभा चुनावों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हालांकि एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अमित शाह की रैलियों से बीजेपी के चुनावी अभियान की शुरुआत होगी।
 

06:14 PM (IST) Sep 24

सीबीआई ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर को किया गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) फोन टैपिंग मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय पांडे को गिरफ्तार किया है। उन्हें पहले ईडी ने गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में थे। दिल्ली की एक अदालत ने सीबीआई को संजय पांडे की 4 दिन की सीबीआई रिमांड दी। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई के पास जांच आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त आधार हैं।

05:39 PM (IST) Sep 24

सुएला ब्रेवरमैन को मिला पहला क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय पुरस्कार

ब्रिटेन की भारतीय मूल की गृह सचिव सुएला ब्रेवरमैन को लंदन में एक समारोह में पहली बार महारानी एलिजाबेथ द्वितीय वुमन ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया है। सुएला ब्रेवरमैन को इस महीने की शुरुआत में ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस द्वारा कैबिनेट में नियुक्त किया गया था। 
 

05:32 PM (IST) Sep 24

सीरिया के पास समुद्र में डूबा जहाज, 86 प्रवासियों की मौत

लेबनॉन और सीरिया के प्रवासियों से भरा एक जहाज सीरिया के पास समुद्र में डूब गया। हादसे में 86 लोगों की मौत हुई है। सभी प्रवासी शरण लेने के लिए दूसरे देश जा रहे थे। जहाज 20 सितंबर को लेबनान के मिनेह से रवाना हुआ था। वह 22 सितंबर डूब गया। 23 सितंबर को जहाज की पहचान हुई।
 

04:29 PM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी के शव को परिजन ले गए घर

अंकिता भंडारी के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन एम्स ऋषिकेश से अपने घर ले गए। अंकिता का शव शनिवार सुबह चिल्ला नहर से बरामद किया गया था। 
 

03:31 PM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी हत्याकांड, पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर जुटे लोग

अंकिता भंडारी हत्याकांड में लोगों को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। शनिवार सुबह चिल्ला नहर से शव बरामद किया गया था। एम्स ऋषिकेश में शव का पोस्टमॉर्टम चल रहा है। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं। 
 

03:19 PM (IST) Sep 24

रविवार को गुजरात जाएंगे केजरीवाल और मान

गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) पूरा दम लगा रही है। रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुजरात जाएंगे। दोनों नेता युवाओं, सफाई कर्मियों और गुजरात सरकार के अस्थायी कर्मचारियों से बात करेंगे। केजरीवाल ने कहा है कि गुजरात में समाज का हर वर्ग उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी की ओर देख रहा है।
 

03:05 PM (IST) Sep 24

दिल्ली पहुंचे लालू यादव, सोनिया गांधी के करेंगे मुलाकात

राजद प्रमुख लालू यादव दिल्ली पहुंचे हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। लालू ने कहा, "अमित शाह परेशान हैं। बिहार से उनकी सरकार का सफाया हो गया है। 2024 में भी ऐसा ही होने वाला है। वह इधर-उधर भाग रहे हैं। कह रहे हैं कि बिहार में "जंगल राज" है। गुजरात में रहते हुए उन्होंने क्या किया? जब वे थे तब जंगल राज था। नीतीश कुमार और मैं सोनिया गांधी से मिलेंगे। हम विपक्ष को एकजुट करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।"
 

03:01 PM (IST) Sep 24

शशि थरूर ने लिया नॉमिनेशन फॉर्म

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हो रहा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्हें शशि थरूर चुनौती देंगे। थरूर ने अपने प्रतिनिधि को भेजकर पार्टी मुख्यालय से नॉमिनेशन फॉर्म मंगाया है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन थरूर के करीबी आलिम जावेरी ने पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के फॉफिस से फॉर्म लिया।
 

02:49 PM (IST) Sep 24

साइकिल में छिपा लाया गया था सोना कस्टम ने किया जब्त

केरल के कोझीकोड में सीमा शुल्क विभाग ने कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर साइकिल की सीट के नीचे छिपाकर लाए गए सोना को जब्त किया है। एडाकुलम में रहने वाला अब्दुल शेरिफ दुबई से सोना छिपाकर लाया था। जब्त किए गए सोने का वजन एक किलोग्राम से अधिक था। अब्दुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
 

02:33 PM (IST) Sep 24

अमित शाह ने बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के साथ की समीक्षा बैठक

बिहार दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज में बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अमित शाह ने सुरक्षा बलों की तैयारियों को देखा और अधिकारियों से सीमा की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
 

02:26 PM (IST) Sep 24

महबूबा मुफ्ती ने कहा- जेल में बदल गया है जम्मू-कश्मीर

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर का मसला जटिल है। इसे जेल में तब्दील कर दिया गया है। आए दिन मुठभेड़ होती रहती है। इस मुद्दे को हल करना महत्वपूर्ण है। अगर पाकिस्तान के पीएम ने जम्मू-कश्मीर मुद्दे को सुलझाने और भारत-पाकिस्तान संबंधों को सुधारने के बारे में कहा है तो ऐसा होना चाहिए।

02:19 PM (IST) Sep 24

विहिप ने ब्रिटिश दूतावास के सामने किया विरोध प्रदर्शन

ब्रिटेन में हिंदू समाज के लोगों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दिल्ली स्थित ब्रिटिश दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन किया है। विहिप प्रमुख आलोक कुमार ने कहा कि ब्रिटेन के एक संसद सदस्य ने सरकार को लिखा कि कोई हिंदू समारोह नहीं होना चाहिए। विश्व शांति के लिए ब्रिटेन को इस्लामी आतंकवादियों की ओर झुकाव बंद करना चाहिए।
 

02:11 PM (IST) Sep 24

लीसेस्टर सिटी में बढ़ाई गई सुरक्षा

सांप्रदायिक झड़पों के कुछ दिनों बाद ब्रिटेन की पुलिस ने लीसेस्टर सिटी में सुरक्षा बढ़ा दी है। लीसेस्टर पुलिस ने एक ट्वीट में हिंदू समुदाय से अपने आगामी त्योहारों की तैयारी करने का आग्रह किया है। इस ट्वीट पर भारतीय समुदाय की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। 
 

02:02 PM (IST) Sep 24

मथुरा से कंगना के चुनाव लड़ने पर बोलीं हेमा मालिनी-कल राखी सावंत भी बनेंगी

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा की यात्रा की। उनसे जब पत्रकारों ने पूछा कि यहां से एक्ट्रेस कंगना रनौत के चुनाव लड़ने की चर्चा है तो हेमा मालिनी ने कहा कि इसपर मैं अपना विचार क्या बता सकती हूं। मेरा विचार भगवान पर है। मथुना का कोई व्यक्ति सांसद बनना चाहेगा तो  आप उसे नहीं बनने देंगे। आपने लोगों के दिमाग में बिठा रखा है कि फिल्म स्टार की चाहिए। अच्छा है। कल को राखी सावंत भी बनेंगी।
 

01:43 PM (IST) Sep 24

PFI कार्यकर्ताओं ने लगाए 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे

महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएफआई कार्यकर्ताओं ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। भाजपा नेताओं ने नारे लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुणे पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है। 

शुक्रवार को PFI के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को देशभर में PFI के ठिकानों पर हुई छापेमारी के विरोध में जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 40 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया गया तभी "पाकिस्तान जिंदाबाद" के नारे लगाए गए।

01:33 PM (IST) Sep 24

BJP ने पुलकित के पिता और भाई को पार्टी से निकाला

अंकिता भंडारी हत्याकांड में बीजेपी ने कार्रवाई की है। भाजपा ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और भाई अंकित आर्य को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अंकित आर्य को उत्तराखंड सरकार ने उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष के पद से मुक्त कर दिया है। विनोद आर्य पूर्व मंत्री हैं।

01:28 PM (IST) Sep 24

पुलकित आर्य के रिसॉर्ट में लोगों ने लगाई आग

अंकिता भंडारी हत्याकांड से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित वनतारा रिसॉर्ट में आग लगा दी। रिसॉर्ट का मालिक बीजेपी नेता विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य है। हत्याकांड में पुलकित समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों ने भाजपा विधायक रेणु बिष्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उग्र लोगों ने विधायक की कार में तोड़फोड़ की। पुलिस किसी तरह विधायक को भीड़ से बचाकर ले गई। 

01:18 PM (IST) Sep 24

खराब मौसम के चलते मंडी नहीं जा सके नरेंद्र मोदी, रैली को वर्चुअली किया संबोधित

खराब मौसम के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के मंडी में आयोजित रैली में नहीं पहुंच सके। उन्होंने वर्चुअल मोड में रैली को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि मुझे मंडी में रैली में शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण मैं कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका। आने वाले दिनों में मैं जरूर आऊंगा और वहां के लोगों से मिलूंगा।

पीएम ने कहा कि खेल हो या कला, हिमाचल प्रदेश के युवाओं का उत्साह और कौशल देश को लाभान्वित कर रहा है। युवाओं को प्रोत्साहित करना भाजपा की प्राथमिकता है। यूपी और उत्तराखंड में भी हर पांच साल में सरकारें बदल जाती थीं, लेकिन दोनों राज्यों में हाल के विधानसभा चुनावों में लोगों ने फिर से भाजपा सरकार को चुना। अब लोग स्थिर सरकार के महत्व को समझ रहे हैं। 

12:12 PM (IST) Sep 24

विदेश मंत्रालय ने जारी किया अलर्ट, फर्जी जॉब रैकेट से रहें सावधान

विदेश मंत्रालय ने भारत के युवाओं को फर्जी जॉब रैकेट से सावधान रहने का अलर्ट जारी किया है। नौकरी के नाम पर युवाओं को म्यांमार ले जाने और वहां बंदी बनाकर काम कराने के मामले सामने आने के बाद मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि आईटी कुशल युवाओं को फर्जी जॉब रैकेट निशाना बना रहे हैं। पीड़ितों को अवैध रूप से म्यांमार ले जाया जाता है और कठोर परिस्थितियों में काम करने के लिए बंदी बना लिया जाता है। भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह के फर्जी नौकरी के प्रस्तावों में नहीं फंसें।

11:57 AM (IST) Sep 24

20 राज्यों में 56 जगहों पर छापेमारी कर रही CBI

ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसईएम) मामले में 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 56 स्थानों पर सीबीआई की तलाशी चल रही है। सिंगापुर के माध्यम से न्यूजीलैंड की इंटरपोल इकाई द्वारा शेयर किए गए इनपुट के आधार पर सीबीआई छापेमारी कर रही है। 
 

11:48 AM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी हत्याकांड: भाजपा नेता के बेटे के रिजॉर्ट पर चला बुलडोजर

अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी भाजपा नेता विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य के उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित वनंतरा रिजॉर्ट पर बुलडोजर चला है। शुक्रवार रात उसे ध्वस्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी डीएम को राज्य के सभी रिसॉर्ट्स की जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अवैध तरीके से बने सभी रिसॉर्ट्स के खिलाफ कार्रवाई होगी।
 

11:36 AM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के सभी 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अंकिता को चिल्ला नहर में धकेल दिया था। पौड़ी गढ़वाल डीएम वीके जोगदांडे ने बताया कि एसडीआरएफ ने शव बरामद किया। पहले पानी का स्तर ऊंचा था। इसे कम किया गया, जिसके बाद शनिवार सुबह शव बरामद किया गया। एसडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार से ही हमारी टीम शव की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पानी अधिक था। प्रशासन ने पानी कम किया तो शनिवार सुबह लड़की का शव मिला। परिजनों ने कपड़ों के माध्यम से उसकी पहचान की।
 

11:26 AM (IST) Sep 24

PFI के टारगेट पर था PM का पटना दौरा, माहौल खराब करने की थी तैयारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दावा किया है कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) एक विशेष समुदाय के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने के लिए लोगों को भड़का रहा है। PFI के ऑफिस और उसके नेताओं के ठिकानों पर देशभर में हुई छापेमारी में मिले दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है। 

केरल के कोच्चि में दर्ज एक मामले के संबंध में एनआईए ने 10 लोगों को हिरासत में लेने की मांग एनआईए के स्पेशल कोर्ट से की है। जांच एजेंसी ने कोर्ट में पेश किए गए रिपोर्ट में आरोप लगाया कि PFI ने युवाओं को लश्कर-ए-तैयबा और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक और सीरिया (ISIS) सहित अन्य आतंकवादी समूहों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। एनआईए ने दावा किया कि पीएफआई ने हिंसक जिहाद के हिस्से के रूप में आतंकवादी हमले कर भारत में इस्लामी शासन स्थापित करने की भी साजिश रची।

11:09 AM (IST) Sep 24

दिल्ली में लगातार तीसरे दिन हुई बारिश, जल जमाव से लोग परेशान

दिल्ली में शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश हुई, जिससे सुबह कुछ स्थानों पर यातायात बाधित हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 15 मिमी बारिश हुई। बारिश के चलते हुए जल जमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
 

11:03 AM (IST) Sep 24

तमिलनाडु में आरएसएस कार्यकर्ता के घर पर फेंका पेट्रोल बम

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पास तांबरम के चितलापक्कम में आरएसएस कार्यकर्ता सीतारामन के घर पर पेट्रोल बम फेंका गया है। तांबरम पुलिस ने कहा है कि पेट्रोल बम फेंकने वाले दो अज्ञात लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
 

11:00 AM (IST) Sep 24

हरियाणा में किसानों ने किया नाकेबंदी हटाने का फैसला

हरियाणा में किसान सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कुरुक्षेत्र में जीटी रोड ब्लॉक कर दिया था। अब नाकेबंदी हटाने का फैसला किया गया है। भारतीय किसान संघ (हरियाणा) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चादुनी ने कहा कि हमने जिला प्रशासन के साथ बातचीत की है। उन्होंने सुनिश्चित किया है कि धान की खरीद तुरंत शुरू होगी। हमारी मांगें मान ली गई हैं। हमने सड़क पर से नाकेबंदी हटाने का फैसला किया है।
 

10:52 AM (IST) Sep 24

PFI के टारगेट पर था PM मोदी का पटना दौरा

एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए गए पीएफआई के कार्यकर्ताओं से पूछताछ में अहम जानकारी मिल रही है। केरल से गिरफ्तार किए गए एक पीएफआई कार्यकर्ता ने बताया है कि 12 जुलाई को बिहार के पटना में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली पीएफआई के निशाने पर थी। पीएफआई की तैयारी  रैली में माहौल खराब करने की थी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी गई थी। पूछताछ के दौरान पता चला है कि पीएफआई को एक साल में 120 करोड़ रुपए की फंडिंग मिली थी।

10:47 AM (IST) Sep 24

संन्यासी अखाड़ों ने नहीं माना अविमुक्तेश्वरानंद को नया शंकराचार्य

संन्यासी अखाड़ों ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को उनके गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की मृत्यु के बाद ज्योतिष पीठ के नए शंकराचार्य के रूप में नियुक्त को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। गुजरात के द्वारका के शारदा पीठ और उत्तराखंड के ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का 11 सितंबर को मध्य प्रदेश में उनके आश्रम में निधन हो गया था।
 

10:31 AM (IST) Sep 24

अमित शाह ने किशनगंज के काली मंदिर में की पूजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे का आज दूसरा दिन है। दिन की शुरुआत उन्होंने पूजा अर्चना के साथ की है। वह किशनगंज के बूढ़ी काली माता मंदिर में पहुंचे और पूजा की। वह किशनगंज में आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
 

10:27 AM (IST) Sep 24

पुणे में PFI कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज

NIA की छापेमारी के खिलाफ प्रदर्शन के चलते पुणे में पीएफआई के 60-70 कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। इनपर बिना अनुमति के शुक्रवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने रियाज सैय्यद नाम के पीएफआई कार्यकर्ता को मुख्य आरोपी बनाया है। 
 

10:20 AM (IST) Sep 24

पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के 4912 संक्रमित

देशभर में पिछले 24 घंटे में 4912 कोरोना संक्रमित मिले हैं और कोरोना के 5,719 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 44,436 है। 
 

10:11 AM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीएम बोले दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी का शव बरामद हो गया है। सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इसको लेकर हमने डीआईजी पी रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी और अपराधियों को सजा दिलाएगी। चाहे कोई भी हो, अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। उत्तराखंड में जितने अवैध रिजॉट बनाए गए हैं उन सभी पर कार्रवाई के लिए आदेश दिया है। कल अंकिता हत्याकांड में आरोपी के रिजॉट पर कार्रवाई हुई है। आगे और भी कार्रवाई होगी। अभी फॉरेंसिक और कई और जांच होनी है, इसलिए रिजॉट के कुछ हिस्से को सील किया गया है।
 

10:02 AM (IST) Sep 24

अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक पी रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। बता दें कि भाजपा नेता विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य पर 19 साल की रिसेप्शनिस्ट की हत्या का आरोप लगा है। शनिवार सुबह अंकिता भंडारी का शव बरामद किया गया।