Asianet News | Published : May 20, 2024 12:22 AM IST / Updated: May 20 2024, 08:26 PM IST

Lok Sabha Chunav Phase 5 में 57.47% मतदान, उद्धव ठाकरे बोले- हार के डर से मोदी सरकार ने कम कराई वोटिंग

सार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 49 लोकसभा क्षेत्रों में वोटिंग हुई। राहुल गांधी, स्मृति ईरानी, राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेताओं के भाग्य का फैसला मतदाताओं ने किया।  

 

06:10 PM (IST) May 20

पांचवें चरण में 49 सीटों पर 57.47% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को 57.47% मतदान हुआ। बिहार में 52.60%, जम्मू-कश्मीर में 54.49%, झारखंड में 63.00%, लद्दाख में 67.15%, महाराष्ट्र में 48.88%, ओडिशा में 60.72%, उत्तर प्रदेश में 57.79% और पश्चिम बंगाल में 73% मतदान हुआ है।

06:06 PM (IST) May 20

शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न

सोमवार को शाम 6 बजे लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जो लोग 6 बजे तक कतार में लगे उन्हें 6 बजे के बाद भी वोट डालने दिया गया।

 

05:55 PM (IST) May 20

उद्धव ठाकरे का आरोप-प्रशासन के कारण कम हुई वोटिंग

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया है कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार हार के डर से कम वोटिंग करा रही है। उन्होंने कहा, "प्रशासन के कारण वोटिंग कम हुई है। जहां भी हमें बढ़त मिली है, वहां मशीनें ठीक से व्यवस्थित नहीं थी। मशीनें बंद की गईं। यह मोदी सरकार का नाटक है। हार का डर है। लोगों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।"

 

05:39 PM (IST) May 20

अमिताभ बच्चन और सलमान खान ने किया मतदान

मुंबई में एक्टर अमिताभ बच्चन और सलमान खान ने मतदान कर लिया है। मतदान के बाद पोलिंग बूथ से बाहर निकलते समय सलमान खान ने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने भी मतदान किया है।

 

05:01 PM (IST) May 20

मुकेश अंबानी ने डाला वोट

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी अपने बेटे के साथ वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। मतदान के बाद नीता अंबानी ने कहा कि वोट डालना हमारा अधिकार और कर्तव्य है। मैं सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील करती हूं।

 

04:17 PM (IST) May 20

3 बजे तक 47.53% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को 3 बजे तक 47.53% मतदान हुआ है। बिहार में 45.33%, जम्मू-कश्मीर में 44.90%, झारखंड में 53.90%, लद्दाख में 61.26%, महाराष्ट्र में 38.77%, ओडिशा में 48.95%, उत्तर प्रदेश में 47.55% और पश्चिम बंगाल में 62.72% मतदान हुआ है।

 

03:37 PM (IST) May 20

परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे शाहरुख खान

एक्टर शाहरुख खान अपने परिवार के साथ वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने मतदान किया। वहीं, एक्टर रणबीर कपूर ने भी मतदान किया है। वह काफी देर तक लाइन में खड़े रहे।

02:44 PM (IST) May 20

आमिर खान ने किया मतदान

एक्टर आमिर खान और किरण राव ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। इसके बाद आमिर खान ने कहा, "सभी हिन्दुस्तानियों से अपील करना चाहूंगा कि ज्यादा से ज्यादा वोट डालने के लिए बाहर आएं। लोकतंत्र का हिस्सा बनें। वोट डालना हमारी जिम्मेदारी है।"

 

02:41 PM (IST) May 20

1 बजे तक 36.73% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को दोपहर 1 बजे तक 36.73% मतदान हुआ है। बिहार में 34.62%, जम्मू-कश्मीर में 34.79%, झारखंड में 41.89%, लद्दाख में 52.02%, महाराष्ट्र में 27.78%, ओडिशा में 35.31%, उत्तर प्रदेश में 39.55% और पश्चिम बंगाल में 48.41% मतदान हुआ है।

 

02:28 PM (IST) May 20

अनूप जलोटा बोले- रुकनी नहीं चाहिए देश की प्रगति

गायक अनूप जलोटा ने मुंबई के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, "भारत के अधिकांश लोग आज मोदी जी को वोट दे रहे हैं। वो लोग जो 400 की बात करते हैं, 400 है या 450 पता नहीं, लेकिन इतना जरूर है कि हर एक के मन में उत्साह है। वो चाहते हैं कि देश जिस तरह से प्रगति कर रहा है ये प्रगति अब रुकनी नहीं चाहिए। अब ये प्रगति ऐसी चलनी चाहिए, जैसा पिछले 10 वर्षों में मोदी जी ने किया है। हमें विश्वास है कि हमारा देश नंबर वन और सर्वशक्तिमान बनेगा।"

 

01:45 PM (IST) May 20

मतदान केंद्र पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने वोट डालने आए लोगों से बातचीत की।

 

 

01:40 PM (IST) May 20

लॉकेट चटर्जी ने लगाया धांधली का आरोप

पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा सांसद और उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि मेहंदीपुर प्राथमिक विद्यालय धनियाखाली में बने मतदान केंद्र पर धांधली हो रही है। उन्होंने कहा, "यह आशिमा पात्रा का बूथ है। पिछली बार यहां ईवीएम से धांधली की गई थी। मैं यहां आई तो देखा कि शांतिपूर्ण तरीके से धांधली चल रही थी। पुलिस चुप है।"

 

01:36 PM (IST) May 20

पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ वोट डालने आए रणवीर सिंह

एक्टर रणवीर सिंह अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ मतदान करने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। एक्टर ऋतिक रोशन ने मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वोट देने से पहले अपने उम्मीदवार के बारे में जानकारी जुटानी चाहिए। यह पता कर लेना चाहिए कि किसे वोट दे रहे हैं।

 

12:07 PM (IST) May 20

रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद और रायबरेली से उम्मीदवार राहुल गांधी रायबरेली पहुंच गए हैं। उन्होंने पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की है।

 

11:58 AM (IST) May 20

सुबह 11 बजे तक 23.66% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार तो 11 बजे तक 23.66% मतदान हुआ है। बिहार में 21.11%, जम्मू-कश्मीर में 21.37%, झारखंड में 26.18%, लद्दाख में 27.87%, महाराष्ट्र में 15.93%, ओडिशा में 21.07%, उत्तर प्रदेश में 27.76% पश्चिम बंगाल में 32.70% मतदान हुआ है।

 

11:42 AM (IST) May 20

जम्मू-कश्मीर में लोग धूम-धाम से मना रहे लोकतंत्र का पत्र

जम्मू-कश्मीर में लोग लोकतंत्र का पर्व धूमधाम से मना रहे हैं। बारामूला में मतदान चल रहा है। यहां के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

 

 

11:31 AM (IST) May 20

लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विमान से लखनऊ पहुंचे हैं। वह रायबरेली के पोलिंग बूथ पर जाएंगे।

10:56 AM (IST) May 20

एक्टर धर्मेंद्र ने किया मतदान

एक्टर धर्मेंद्र ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। एक्ट्रेस हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल ने भी मतदान किया है।

 

10:54 AM (IST) May 20

वोट डालने पहुंचे उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे अपने बेटे आदित्य ठाकरे के साथ मुंबई के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे।

 

10:31 AM (IST) May 20

राजनाथ सिंह ने डाला वोट

रक्षा मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह ने लखनऊ के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। लखनऊ से सपा ने रविदास मेहरोत्रा को मैदान में उतारा है।

 

10:28 AM (IST) May 20

सीएम एकनाथ शिंदे ने डाला वोट

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में पीएम नरेंद्र मोदी ने जो फैसले लिए हैं उसके आधार पर मुझे विश्वास है कि महाराष्ट्र के लोग महायुति को वोट देने जा रहे हैं।

10:00 AM (IST) May 20

पश्चिम बंगाल में भाजपा-टीएमसी के लोगों के बीच नोकझोंक

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में बैरकपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह और एक टीएमसी कार्यकर्ता के बीच बहस हुई है। अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के कार्यकर्ता लोगों को वोट डालने के लिए घरों से नहीं निकलने दे रहे हैं।

 

09:54 AM (IST) May 20

सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान हुआ है। बिहार में 8.86%, जम्मू-कश्मीर में 7.63%, झारखंड में 11.68%, लद्दाख में 10.51%, महाराष्ट्र में 6.33%, ओडिशा में 6.87%, उत्तर प्रदेश में 12.89%और पश्चिम बंगाल में 15.35% मतदान हुआ है।

 

 

09:04 AM (IST) May 20

राहुल गांधी बोले-चल रही बदलाव की आंधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में दावा किया है कि बदलाव की आंधी चल रही है।

 

 

08:45 AM (IST) May 20

आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने डाला वोट

मुंबई में आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, " 140 करोड़ लोगों के चुनाव में भाग लेना गर्व का क्षण है। मतदान की प्रक्रिया बहुत सहज थी। मैं चुनाव आयोग और देश भर में काम कर रहे सभी अधिकारियों को बधाई देता हूं। प्रत्येक मतदाता से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और मतदान करें।"

 

08:35 AM (IST) May 20

स्मृति ईरानी ने अमेठी के लोगों से कहा- उन्नति के लिए करें मतदान

स्मृति ईरानी ने एक्स पर पोस्ट कर अमेठी के लोगों से कहा है कि कानून-व्यवस्था, खुशहाली और उन्नति के लिए मतदान करें।

 

 

08:32 AM (IST) May 20

सारण से चुनावी मैदान में हैं लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य

बिहार के सारण में चुनाव हो रहा है। यहां से लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य मैदान में हैं। उन्होंने कहा, "मतदाताओं से अपील है कि सभी लोग अपने-अपने घरों से निकलें और भारी संख्या में मतदान करें।" सारण से भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रुडी को लेकर रोहिणी ने कहा, "वह मेरे चारा हैं। वह मुझे आशीर्वाद देंगे।"

 

07:50 AM (IST) May 20

पीयूष गोयल वोट डालने पहुंचे

केंद्रीय मंत्री और मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे हैं। एक्टर फरहान अख्तर और निर्देशक जोया अख्तर ने मुंबई में मतदान किया है।

 

07:31 AM (IST) May 20

एक्टर अक्षय कुमार ने किया मतदान

एक्टर अक्षय कुमार ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर आकर वोट डाला है। वह सुबह-सुबह पोलिंग बूथ पहुंचे और लाइन में लग गए। अपनी बारी आने पर उन्होंने वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि मेरा भारत विकसित रहे, मजबूत रहे, उसी को दिमाग में रखते हुए मैंने वोट किया। पूरा भारत जो उनके दिमाग में सही लगे उसी हिसाब से वोट करें।"

07:16 AM (IST) May 20

मायावती ने किया मतदान

बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वह सुबह करीब 7 बजे मतदान केंद्र पहुंच गईं थी। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखाई। इसके बाद कहा, "मैंने अपना वोट डाल दिया है। मतदाताओं से अपील करती हूं कि अपना वोट डालने जरूर अपने पोलिंग बूथ पर जाएं। जलपान बाद में करें पहले अपना वोट डालने जाएं।"

 

07:11 AM (IST) May 20

वोट डालने पहुंचे अनिल अंबानी

उद्योगपति अनिल अंबानी मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। वह लाइन में खड़े हुए और अपनी बारी आने का इंतजार किया। वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद उन्होंने मतदान कर लिया।

07:02 AM (IST) May 20

5वें चरण का मतदान शुरू

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण का मतदान सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

 

06:57 AM (IST) May 20

बिहार में मतदान केंद्रों पर लगने लगी लाइन

बिहार के मुजफ्फरपुर, हाजीपुर समेत अन्य जगहों पर पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगने लगी है। भीषण गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह-सुबह मतदान के लिए पहुंचे हैं।

 

06:34 AM (IST) May 20

पीएम नरेंद्र मोदी ने की वोट डालने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी को लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

 

 

06:00 AM (IST) May 20

पांचवें चरण के प्रमुख उम्मीदवार

  • केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर)
  • स्मृति ईरानी (अमेठी)
  • राजनाथ सिंह (लखनऊ)
  • चिराग पासवान (हाजीपुर)
  • श्रीकांत शिंदे (कल्याण)
  • राहुल गांधी (रायबरेली)
  • रोहिणी आचार्य (सारण)
  • उमर अब्दुल्ला (बारामूला)

05:54 AM (IST) May 20

उत्तर प्रदेश के 14 सीटों पर होगा मतदान

सोमवार को बिहार के 5, झारखंड के 3, महाराष्ट्र के 13, ओडिशा के 5, उत्तर प्रदेश के 14, पश्चिम बंगाल के 7, जम्मू-कश्मीर के 1 और लद्दाख के 1 सीट पर मतदान होगा। ओडिशा विधानसभा की 35 सीटों और 21 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।

 


More Trending News