Asianet News | Published : May 13, 2024 12:48 AM IST / Updated: May 15 2024, 10:19 AM IST

Lok Sabha Chunav Phase 4 Voting: 63.04% मतदान, बंगाल में भाजपा नेता दिलीप घोष की गाड़ी पर पथराव

सार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण का मतदान सोमवार को संपन्न हो गया।  अखिलेश यादव, महुआ मोइत्रा समेत कई बड़े चेहरे इस फेज में मैदान में थे। हैदराबाद के मतदाताओं ने असदुद्दीन ओवैसी और माधवी लता के राजनीतिक भाग्य का फैसला किया।

 

07:08 PM (IST) May 13

चौथे चरण में 63.04% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के चुनाव में 63.04% मतदान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 68.20%, बिहार में 55.92%, जम्मू और कश्मीर में 36.88%, झारखंड में 64.30%, मध्य प्रदेश में 69.16%, महाराष्ट्र में 52.93%, ओडिशा में 64.23%, तेलंगाना में 61.59%, उत्तर प्रदेश में 58.02% और पश्चिम बंगाल में 76.02% मतदान हुआ है।

06:07 PM (IST) May 13

छिटपुट हिंसा के बीच चौथे चरण का मतदान संपन्न

देश के 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में सोमवार को हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण का मतदान संपन्न हो गया। पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष की गाड़ी पर टीएमसी के लोगों ने पथराव किया। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। आंध्र प्रदेश में भी कई जगहों पर दो पक्षों के बीच झड़पें हुईं हैं।

 

05:13 PM (IST) May 13

दिलीप घोष की गाड़ी पर पथराव, CISF का एक जवान घायल

पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष की गाड़ी पर टीएमसी समर्थकों ने पथराव किया। इस घटना में CISF का एक जवान घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है।

04:59 PM (IST) May 13

आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर छिटपुट हिंसा

वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली YSRCP और एन चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर खासकर पलनाडु, कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में एक-दूसरे पर हिंसा के आरोप लगाए हैं। आंध्र प्रदेश के तेनाली में एक मतदान केंद्र पर YSRCP विधायक शिवकुमार, उनके समर्थकों और वोट डालने के लिए कतार में इंतजार कर रहे मतदाताओं के बीच हाथापाई हो गई। विधायक ने एक मतदाता को थप्पड़ मार दिया।

 

04:52 PM (IST) May 13

एक्टर महेश बाबू ने किया मतदान

एक्टर महेश बाबू ने पत्नी नम्रता शिरोडकर के साथ हैदराबाद के जुबली हिल्स पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र में वोट डाला। एक्टर राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी ने भी जुबली हिल्स के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।

 

04:30 PM (IST) May 13

अखिलेश यादव का दावा-जीत रहा है इंडिया अलायंस

अखिलेश यादव ने सोमवार की शाम कहा, "इंडिया अलायंस जीत रहा है। शुरुआत दौर में कुछ ईवीएम में परेशानी थी, उसे ठीक किया गया। बहुत अधिक वोट पड़ रहा है। जो लोग सोचते हैं कि खोट से जीत जाएंगे, उन्हें जनता वोट से हराएगी। बीजेपी के लोगों का जो काम रहा है 10 साल का उसमें जनता को धोखा मिला है। उनकी हर बात जुमला निकली।"

 

03:59 PM (IST) May 13

3 बजे तक 52.60% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के चुनाव में 3 बजे तक 52.60% मतदान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 55.49%, बिहार में 45.23%, जम्मू और कश्मीर में 29.93%, झारखंड में 56.42%, मध्य प्रदेश में 59.63%, महाराष्ट्र में 48.35%, ओडिशा में 52.91%, तेलंगाना में 52.34%, उत्तर प्रदेश में 48.41% और पश्चिम बंगाल में 66.05% मतदान हुआ है।

03:07 PM (IST) May 13

पश्चिम बंगाल: दुर्गापुर में भाजपा नेता दिलीप घोष के काफिले पर पथराव

पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान हिंसा हुई है। इसके चलते कुछ लोग घायल हुए हैं। भाजपा सांसद और उम्मीदवार दिलीप घोष के काफिले पर पथराव हुआ है। इस दौरान झड़प भी हुई। दिलीप घोष ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के गुंडों ने हमला किया। वे लोगों को मतदान करने से रोक रहे हैं।

 

02:42 PM (IST) May 13

1 बजे तक 40.32% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के चुनाव में दोपहर 1 बजे तक 40.32% मतदान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 40.26%, बिहार में 34.44%, जम्मू और कश्मीर में 23.57%, झारखंड में 43.80%, मध्य प्रदेश में 48.52%, महाराष्ट्र में 30.85%, ओडिशा में 39.30%, तेलंगाना में 40.38%, उत्तर प्रदेश में 39.68% और पश्चिम बंगाल में 51.87% मतदान हुआ है।

02:00 PM (IST) May 13

माधवी लता के खिलाफ केस दर्ज

हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता के खिलाफ मलकपेट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। वोटिंग केंद्र पर जाकर मतदाताओं के पहचान पत्र देखने के मामले में उनके खिलाफ आईपीसी और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। माधवी लता मुसलमान महिलाओं का बुर्का हटाकर चेहरा देख रहीं थीं। पहचान पत्र से चेहरे की मिलान कर रहीं थीं। उन्होंने कई महिलाओं से पूछताछ भी की थी।

 

01:14 PM (IST) May 13

ज्वाला गुट्टा ने किया मतदान

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने हैदराबाद में मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है। लोगों को वोट डालने आना चाहिए। यह सत्ता में बैठे लोगों के लिए भी एक संदेश है कि हम आपको सत्ता में ला सकते हैं और यदि आप देश व समाज के लिए सही काम नहीं कर रहे हैं तो हटा भी सकते हैं।

 

12:37 PM (IST) May 13

पश्चिम बंगाल: गले मिले भाजपा-तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर सीट पर आज मतदान हो रहा है। यहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच मुकाबला है। यहां एक मतदान केंद्र के पास अनोखा नजारा दिखा है। भाजपा सांसद और उम्मीदवार दिलीप घोष और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कीर्ति आजाद मतदान केंद्र पर एक साथ पहुंच गए। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया। उन्होंने हाथ मिलाया और कुछ देर तक बातें की।

11:55 AM (IST) May 13

11 बजे तक 24.87% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के चुनाव में सुबह 11 बजे तक 24.87% मतदान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 23.10%, बिहार में 22.54%, जम्मू और कश्मीर में 14.94%, झारखंड में 27.40%, मध्य प्रदेश में 32.38%, महाराष्ट्र में 17.51%, ओडिशा में 23.28%, तेलंगाना में 24.31%, उत्तर प्रदेश में 27.12% और पश्चिम बंगाल में 32.78% मतदान हुआ है।

11:19 AM (IST) May 13

केटी रामा राव ने किया मतदान

बीआरएस नेता केटी रामा राव ने हैदराबाद में मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, "हम सभी को घर से बाहर आकर मतदान करना चाहिए। लोकतंत्र में जब राजनीति सब कुछ तय करती है तो मुझे लगता है कि मताधिकार के इस्तेमाल के महत्व को समझना जरूरी है। हम जिस तरह की सरकार चाहते हैं, उसके लिए वोट करें। मुझे उम्मीद है कि आप प्रगति, निर्णायक नीतियों और उन लोगों के लिए वोट करेंगे जिनके पास निर्णय है, न कि उनके लिए जो वास्तव में विभाजन चाहते हैं।"

 

10:33 AM (IST) May 13

लोकसभा चुनाव चौथा चरण: 9 बजे तक 10.35% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में सुबह 9 बजे तक 10.35% मतदान हुआ है। आंध्र प्रदेश में 9.05%, बिहार में 10.18%, जम्मू और कश्मीर में 5.07%, झारखंड में 11.78%, महाराष्ट्र में 6.45%, ओडिशा में 9.23%, तेलंगाना में 9.51% और उत्तर प्रदेश में 11.67% मतदान हुआ है।

 

10:29 AM (IST) May 13

आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 9 बजे तक 9.21% मतदान

आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे तक 9.21% मतदान हुआ। वहीं, ओडिशा में विधानसभा के लिए पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 9.25% मतदान हुआ।

 

10:09 AM (IST) May 13

पश्चिम बंगाल: बीरभूम में भाजपा के स्टॉप पर तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के बाहर उनके स्टॉल पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की। वहीं, एक टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा कि हमें यह भी नहीं पता कि बीजेपी कैंप कार्यालय कहां है। हम अपना काम कर रहे हैं। उन्हें सीसीटीवी की जांच करनी चाहिए, उन्हें पता चल जाएगा कि यह किसने किया।

08:52 AM (IST) May 13

चिरंजीवी ने वोट डालने के बाद कहा-आएं और करें मतदान

फिल्म स्टार चिरंजीवी कोनिडेला ने हैदराबाद के एक पोलिंग बूथ पर आकर मतदान किया। उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें। कृपया आएं और अपना वोट डालें।"

 

08:48 AM (IST) May 13

अधीर रंजन चौधरी बोले जीत पर नहीं शंका

पश्चिम बंगाल के बरहामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “हम जीतेंगे इसमें हमें कोई शंका नहीं है। अभी तक 2-4 छिटपुट घटनाएं हुई हैं। हमने भी शिकायत की है, लेकिन हम यह नहीं कह सकते कि बहुत बड़ी घटना घटी है। मेरा मुकाबला बीजेपी और टीएमसी से है, किसी व्यक्ति से नहीं। टीएमसी को यहां से यूसुफ पठान को बेकार खड़ा कर दिया।”

08:40 AM (IST) May 13

पश्चिम बंगाल में TMC कार्यकर्ता की हत्या, फेंका गया देसी बम

पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा हुई है। राज्य के बोलपुर के केतुग्राम में एक टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या हुई है। बीती रात उसपर देसी बम फेंका गया था।

 

08:24 AM (IST) May 13

एन चंद्रबाबू नायडू ने किया मतदान

आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने गुंटूर में एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, "मैंने अपने राजनीतिक करियर के दौरान इतनी भीड़ कभी नहीं देखी। वोट डालने के लिए लोग अमेरिका, बेंगलुरु, चेन्नई समेत अन्य जगहों से आए हैं। लोग लोकतंत्र और अपने भविष्य की रक्षा के लिए वोट डालना चाहते हैं।"

 

08:22 AM (IST) May 13

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने डाला वोट

केंद्रीय मंत्री और सिकंदराबाद से भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद में मतदान किया। किशन रेड्डी ने कहा, "सुबह 6:50 बजे मैं मतदान केंद्र पहुंचा। मैंने परिवार के साथ मतदान किया है। सभी से अनुरोध है कि आज मतदान दिवस है। पोलिंग डे के दिन छुट्टी रहती है। बहुत से लोग इसे सिर्फ छुट्टी का दिन मानते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। मतदान के बाद छुट्टी मनाना चाहिए।"

 

08:15 AM (IST) May 13

आंध्र प्रदेश के सीएम बोले उज्जवल भविष्य के लिए करें वोट

आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ ही विधानसभा के लिए भी चुनाव हो रहे हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने जनता से कहा है कि आपने पिछले 5 साल में शासन देखा है। अगर आपको लगता है कि इस शासन से फायदा हुआ है तो वोट करें। यह आपको एक उज्जवल भविष्य की ओर ले जाएगा।

 

08:04 AM (IST) May 13

पुलवामा में मतदाताओं की लगी लंबी कतार

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। श्रीनगर लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी, पीडीपी के नवहीद-उर-रहमान पारा और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के मोहम्मद अशरफ मीर के बीच मुकाबला है।

07:27 AM (IST) May 13

गिरिराज सिंह ने किया मतदान

वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "मतदाताओं से कहूंगा कि वोट जरूर डालें। ये लोकतंत्र का पर्व है। ये एक वोट अटल बिहारी वायपेयी को सरकार से गिरा सकती है। एक वोट नरेंद्र मोदी को 400 के पार ले जाने का काम करेगा। इससे गरीबों को ताकत मिलेगी। बिहार की सभी 40 सीटें नरेंद्र मोदी की झोली में आएंगी। कल पटना में रोड शो कर नरेंद्र मोदी ने जनता से सीधा अपील किया है। इसका असर दिखना शुरू हो गया है।"

07:17 AM (IST) May 13

पीएम मोदी ने की मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विभिन्न भाषाओं में पोस्ट कर लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है।

 

 

07:02 AM (IST) May 13

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए मतदान शुरू

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल से लेकर हैदराबाद तक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें दिख रहीं हैं। तेज गर्मी से बचने के लिए बहुत से लोग सुबह-सुबह मतदान करने पहुंचे हैं।

 

06:35 AM (IST) May 13

हैदराबाद में असदुद्दीन ओवैसी और माधवी लता के बीच मुकाबला

तेलंगाना के हैदराबाद सीट पर आज मतदान होगा। यहां एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा उम्मीदवार कोम्पेला माधवी लता के बीच मुकाबला है।

 

06:33 AM (IST) May 13

गिरिराज सिंह पहुंचे मंदिर

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बिहार के बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। आज यहां मतदान होगा। वोटिंग शुरू होने से पहले गिरिराज पूजा करने मंदिर पहुंचे। भाजपा के नित्यानंद राय उजियारपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

 

06:30 AM (IST) May 13

पश्चिम बंगाल में अधीर रंजन चौधरी का मुकाबला यूसुफ पठान से

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का मुकाबला पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार यूसुफ पठान से है। टीएमसी की महुआ मोइत्रा कृष्णानगर से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी अमृता रॉय से है। शत्रुघ्न सिन्हा आसनसोल सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के एसएस अहलूवालिया से है। बर्धमान-दुर्गापुर सीट पर भाजपा के दिलीप घोष और तृणमूल कांग्रेस के कीर्ति आजाद के बीच मुकाबला है।

 

06:28 AM (IST) May 13

उत्तर प्रदेश के कन्नौज से चुनावी मैदान में हैं अखिलेश यादव

आज उत्तर प्रदेश के कन्नौज सीट पर मतदान होगा। यहां से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी लखीमपुर से चुनावी मैदान में हैं।

 

06:26 AM (IST) May 13

1717 प्रत्याशी लड़ रहे चुनाव

लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे फेज में 1,717 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। 1.92 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर 19 लाख से अधिक मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है। 17.70 करोड़ मतदाता हैं। इनमें से 8.73 करोड़ महिला मतदाता है।

06:21 AM (IST) May 13

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए होगा मतदान

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में आज लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए भी मतदान होगा। आंध्र प्रदेश की सभी 175 विधानसभा सीटों और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।

 

06:19 AM (IST) May 13

आंध्र प्रदेश के 25 सीटों पर होगा मतदान

आज आंध्र प्रदेश के 25, बिहार के 5, झारखंड के 4, मध्य प्रदेश के 8, महाराष्ट्र के 11, ओडिशा के 4, तेलंगाना के 17, उत्तर प्रदेश के 13, पश्चिम बंगाल के 8 और जम्मू कश्मीर के 1 सीटों पर मतदान होगा।

 


More Trending News