
BJP first List Lok Sabha election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने 195 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में कई बड़े चेहरों को टिकट न देकर सबको चौका दिया है। विवादित और आपत्तिजनक बयानबाजी करने वाले आधा दर्जन सांसदों का टिकट इस बार कट गया है। संसद में साथी सांसद को धर्म के नाम पर आपत्तिजनक बात कहने वाले दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी हों या हेटस्पीच देने के आरोपी प्रवेश वर्मा, प्रज्ञा सिंह ठाकुर, इस बार सबको बीजेपी ने प्रत्याशी बनाने से परहेज किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले केपी सिंह यादव को भी बीजेपी ने झटका दे दिया है।
केंद्रीय व पूर्व केंद्रीय मंत्री को भी दिया झटका
भारतीय जनता पार्टी की पहली लिस्ट आई तो कई बड़े चेहरों को जोरदार झटका लगा है। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी को इस बार टिकट नहीं मिला है। केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, केंद्रीय राज्यमंत्री जॉन बारला भी टिकट कटने वाले सांसदों की लिस्ट में हैं। सीनियर लीडर व पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व दिल्ली से सांसद हर्षवर्धन को भी इस बार मौका नहीं मिला है।
कहां से किसका टिकट कटा और किसको मिला?
दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में पांच पर बीजेपी ने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। इसमें चांदनी चौक सीट पर सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.हर्षवर्धन को टिकट नहीं मिला है। डॉ.हर्षवर्धन की जगह पर प्रवीण खंडेलवाल को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। नई दिल्ली सीट से केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी सांसद थीं लेकिन इस बार उनका टिकट काटकर बांसुरी स्वराज को टिकट दिया गया है। बांसुरी स्वराज, पूर्व दिग्गज सुषमा स्वराज की बेटी हैं। वेस्ट दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा का टिकट कट गया है। प्रवेश वर्मा, दिल्ली के पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। हालांकि, सांसद बनने के बाद से वह हेट स्पीच की वजह से भी सुर्खियों में रहे हैं। इस बार पार्टी ने उनसे दूसरी बना ली है। प्रवेश वर्मा की जगह कमलजीत सहरावत को टिकट दिया गया है।
संसद में सरेआम बसपा सांसद दानिश अली को कटुआ-मियां कहकर अपमानित करने वाले बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी से भी पार्टी ने छुटकारा पाने की कोशिश की है। उनको टिकट न देकर दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को प्रत्याशी बनाया गया है। रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली विधानसभा में बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष हैं।
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भी टिकट के लिए नो...
भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भी बीजेपी ने प्रत्याशी नहीं बनाया है। आपत्तिजनक और विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली प्रज्ञा सिंह ठाकुर की जगह पर बीजेपी ने भोपाल से आलोक शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
मध्यप्रदेश की गुना संसदीय सीट से सांसद केपी सिंह यादव को भी बीजेपी ने टिकट नहीं दिया है। केपी सिंह यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को 2019 के लोकसभा में हराया था। लेकिन इस बार बीजेपी ने केपी सिंह यादव की जगह ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया है।
असम और पश्चिम बंगाल में भी दो केंद्रीय मंत्रियों को झटका
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉन बारला, पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार सीट से बीजेपी के टिकट पर जीते थे। लेकिन इस बार उनको टिकट न देकर पार्टी ने दो बार के विधायक मनोज तिग्गा को प्रत्याशी बनाया है। असम में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली का टिकट काट दिया गया है। रामेश्वर तेली की जगह बीजेपी ने डिब्रूगढ़ से सर्वानंद सोनोवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। सर्वानंद सोनोवाल पूर्व सीएम हैं।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.