
उत्तर प्रदेश। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (6 अप्रैल) को उत्तर प्रदेश स्थित सहारनपुर जिले में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस जो आज आपके सामने है, पहले वाली पार्टी नहीं रह गई है। ये आजादी की लड़ाई लड़ने वाली पहले वाली कांग्रेस नहीं है। ये बदल चुकी है। पहले के कांग्रेस में महात्मा गांधी जैसे लोग थे, लेकिन आज वो चीजें कांग्रेस में देखने को नहीं मिलती है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस द्वारा कल पेश किए गए चुनावी घोषणा पत्र को पूरी तरह से मुस्लिम लीग की याद दिलाने वाले घोषणा पत्र करार दिया।
पहले की कांग्रेस और अब की कांग्रेस में अंतर
पीएम मोदी ने सहारनपुर में हुई चुनावी जनसभा में कहा कि पहले की कांग्रेस और आज की कांग्रेस पार्टी में अंतर है। ये वह कांग्रेस नहीं जिसने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से मोर्चा लिया था। उन्होंने कहा कि इस पार्टी से कई महान नेताओं के नाम जुड़े हुए हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक कांग्रेस पार्टी का हिस्सा रह चुके हैं। लेकिन अब जनता कह रही है कि वह कांग्रेस तो दशकों पहले खत्म हो गई है। आज की कांग्रेस के पास न विजन है और न देश को आगे बढ़ाने की नीति है। यह देश के विकास की नीति से पूरी तरह से कट चुकी है।
21वीं सदी के भारत को आगे नहीं ले जा सकती ये कांग्रेस
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जो चुनावी घोषणापत्र जारी किया है वह उसकी सोच को बताता है। उनके चुनावी घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की छाप नजर आती है। उनके घोषणा पत्र में वही सोच दिखाई देती है जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग से प्रेरित इस घोषणापत्र के शेष बचे हिस्से में वामपंथी हावी दिख रहे हैं। आज की कांग्रेस 21वीं सदी में भारत को विकास के पथ पर आगे नहीं ले जा सकती है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.