
अमरावती। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने एक जनसभा के दौरान खुद को अर्जुन बताया है। उन्होंने चुनावी लड़ाई की तुलना महाभारत से की। जगन मोहन ने लोगों से कहा कि आप सभी भगवान कृष्ण हैं और मैं आपका अर्जुन। उन्होंने समर्थकों को अपनी सेना बताया।
जगन मोहन ने रविवार को एक जनसभा में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, "कई दलों के साथ मेरा गठबंधन नहीं है। मैं चुनाव में अकेला हूं। मेरे पास गरीब घरों से आने वाले कई स्टार प्रचारक हैं। मैं पार्टी को जीत दिलाने के लिए तैयार हूं।" जगन मोहन ने जनसभा के दौरान इशारों-इशारों में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी), जनसेना और भाजपा के बीच गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन तीनों दलों की स्थिति बिना सेना के कमांडर जैसी है।
आंध्र प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है एकता
जगन मोहन ने कहा कि अगले पांच साल भी आंध्र प्रदेश विकास करे इसके लिए लोगों की एकता जरूरी है। दरअसल, आंध्र प्रदेश में मई 2024 से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं। यहां लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव भी कराए जाने की उम्मीद है।
सीएम ने कहा कि पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू सिर्फ वादे करते हैं। वे अपने वादे पूरे नहीं करते। उन्होंने आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने का वादा किया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने नायडू के घोषणापत्र को भ्रामक करार दिया। टीडीपी ने चुनाव के लिए "सुपर सिक्स गारंटी" का वादा किया है। मुख्यमंत्री ने इसे आंध्र प्रदेश के बजट पर बोझ बताया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेंगे।
यह भी पढ़ें- चुनाव आते ही बढ़ गई उड़न खटोला की मांग, जानें एक घंटे उड़ने के लिए कितने रुपए खर्च करते हैं नेता
जगन मोहन ने कहा कि 66 लाख लाभार्थियों के लिए पेंशन, किसानों के लिए मुफ्त बिजली, सब्सिडी वाला चावल, हेल्थकेयर कवरेज, शिक्षा पर खर्च लौटाने, संपूर्ण पोषण कार्यक्रम और स्कूली बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन जैसी योजनाएं जारी रखेंगे। इनपर 52,700 करोड़ रुपए खर्च होते हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.