
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण में शनिवार को 57 सीटों पर मतदान चल रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। शाम छह बजे तक मतदान चलेगा। इस बीच देशभर के लोगों को शाम के छह बजने का इंतजार है। इसकी वजह एग्जिट पोल है।
शाम के 6 बजे से टीवी चैनल एग्जिट पोल दिखाना शुरू करेंगे। इससे चार जून को आने वाले रिजल्ट के संकेत मिल जाएंगे। इस बात का इशारा हो जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार केंद्र में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं या कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जयकार होने वाली है।
कांग्रेस ने किया है एग्जिट पोल बहसों का बहिष्कार
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। तब तक, एग्जिट पोल अंतिम नतीजों की भविष्यवाणी करने का प्रयास करेंगे। इस बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को घोषणा किया कि वह टीवी चैनलों पर किसी भी एग्जिट पोल बहस में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी ने एग्जिट पोल बहसों का बहिष्कार किया है। पार्टी का कहना है कि यह टीवी चैनलों द्वारा टीआरपी पाने के लिए की जाने वाली अटकलबाजी है।
एग्जिट पोल की भविष्यवाणी सत्य साबित होगी इसकी कोई गारंटी नहीं होती। कई मौकों पर एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। हालांकि कई बार एग्जिट पोल की भविष्यवाणी सही भी साबित हुई है। आइए पिछले दो आम चुनावों में एग्जिट पोल के नतीजों की सटीकता पर नजर डालते हैं।
लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे
भारत में लोकसभा चुनाव 543 सीटों पर होते हैं। सरकार बनाने के लिए 272 सीटों का आंकड़ा चाहिए। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। NDA 543 में से 353 सीटें जीतकर विजयी हुआ। भाजपा ने 303 सीटें जीतीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) लगभग 93 सीटों पर सिमट गया।
लोकसभा चुनाव 2019 एग्जिट पोल
| एग्जिट पोल एजेंसी | NDA | UPA |
| इंडिया टुडे-एक्सिस | 339-365 | 77-108 |
| न्यूज 24- टुडेज चाणक्या | 350 | 95 |
| टाइम्स नाउ-VMR | 306 | 132 |
| न्यूज 18 -Ipsos | 336 | 82 |
| CVoter | 287 | 128 |
| इंडिया न्यूज- पोलस्ट्रैट | 287 | 128 |
| रिजल्ट | 353 | 93 |
लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे
बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 2014 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को भारी जीत के साथ गिराया था। एनडीए ने 336 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए ने 60 सीटें जीती थीं।
लोकसभा चुनाव 2014 एग्जिट पोल
| एग्जिट पोल एजेंसी | NDA | UPA |
| इंडिया-टुडे -Cicero | 272 | 115 |
| न्यूज 24- चाणक्या | 340 | 70 |
| टाइम्स नाऊ-ORG | 249 | 148 |
| CNN IBN-CSDS-लोकनीति | 276 | 97 |
| इंडिया टीवी-CVoter | 289 | 101 |
| NDTV-हंसा रिसर्च | 279 | 103 |
| परिणाम | 336 | 60 |
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.