Election Special: CAA की शक्ति-श्री राम का आशीर्वाद, जानें किन मुद्दों के दम पर 400 पार की हुंकार कर रहे मोदी

NDA को उम्मीद है कि उसे लोकसभा चुनाव 2024 में 400 से अधिक सीटें मिलेंगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस दक्षिण के राज्यों पर है। पीएम अपने दो कार्यकाल के कामों को गिनाकर तीसरे कार्यकाल के लिए वोट मांग रहे हैं।

Vivek Kumar | Published : Mar 13, 2024 9:59 AM IST / Updated: Mar 13 2024, 04:24 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार शुरू हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भाजपा के लिए 370 और NDA के लिए 400 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, CAA, महिला आरक्षण और विकास जैसे कई मुद्दे हैं, जिनसे एनडीए को उम्मीद है कि 400 का आंकड़ा पार हो जाएगा। लोकसभा चुनाव 543 सीटों पर होते हैं।

आम चुनाव से पहले CAA बना बड़ा मुद्दा

CAA को लेकर 2019 में संसद में कानून बनाया गया था। आम चुनाव से ठीक पहले केंद्र सरकार ने इसे लागू कर दिया है। CAA पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए वहां के अल्पसंख्यक शरणार्थियों को नागरिकता देने के विषय में है। इससे किसी भारतीय की नागरिकता खत्म नहीं होगी। चुनाव से पहले यह बड़ा मुद्दा बन गया है। विपक्षी दलों के नेता इसके खिलाफ बयान दे रहे हैं। कई राज्यों ने इसे अपने यहां लागू नहीं होने देने की बात की है।

अयोध्या में बना भव्य राम मंदिर

भाजपा ने राम मंदिर का अपना वादा पूरा किया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है। रामलला विराजमान हो गए हैं। भाजपा को उम्मीद है कि राम मंदिर बनने से पूरे देश में उसके पक्ष में हवा बनी है। पार्टी को हिंदी भाषी राज्यों में राम मंदिर बनने से अधिक लाभ होने की उम्मीद है। दूसरी ओर विपक्ष इस मामले में ऊहापोह में है। विपक्षी दल राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं हुए थे।

जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाकर अपना एक और वादा पूरा किया है। आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर लगाम लगा है। विकास तेजी से हो रहा है। यहां के लोगों को दूसरे राज्यों के लोगों की तरह केंद्र सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

आधी आबादी का आशीर्वाद

नरेंद्र मोदी की सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने वाला कानून बनाया है। इसका लाभ 2029 या 2034 के लोकसभा चुनाव में मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही सरकार ने तीन तलाक पर बैन समेत महिलाओं के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। इससे भाजपा को उम्मीद है कि उसे आधी आबादी का आशीर्वाद मिलेगा।

100 रुपए सस्ता हुआ गैस सिलेंडर

नरेंद्र मोदी की सरकार ने बीते दिनों महंगाई की मार कम करने के लिए रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 100 रुपए कम किया है। दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस की कीमत अब 803 रुपए प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर हो गई है। स्थानीय टैक्स के आधार पर गैस सिलेंडर की कीमतें राज्यों में अलग-अलग होती हैं।

2047 तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य

नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। भारत की अर्थव्यवस्था आकार के सामने में अभी दुनिया में पांचवें नंबर पर है। पीएम ने कहा है कि उनके तीसरे कार्यकाल में यह दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगा।

बढ़ रहा NDA का कुनबा

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन NDA का कुनबा बढ़ रहा है। बीजेपी और बीजेडी के बीच गठबंधन को लेकर कभी भी घोषणा हो सकती है। वहीं, आंध्र प्रदेश में BJP और TDP के बीच सीट शेयरिंग को लेकर समझौता हो गया है। भाजपा 6 और टीडीपी 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह को मिला भारत रत्न

मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह, साइंटिस्ट एमएस स्वामीनाथन, पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिया है। चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इसे मोदी सरकार ने पूरा किया। कर्पूरी ठाकुर पिछड़ों के नेता थे। वहीं, चौधरी चरण सिंह किसान नेता थे।

किसानों को बैंक अकाउंट में मिल रहा पैसा

नरेंद्र मोदी की सरकार पीएम-किसान सम्मान निधि के नाम से किसानों को सीधे उनके बैंक अकाउंट में मदद का पैसा भेज रही है। अब तक 2.60 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार किसानों को रियायती कीमत पर उर्वरक उपलब्ध करा रही है।

बढ़ी सेना की ताकत

नरेंद्र मोदी सरकार ने भारत की सेनाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। फ्रांस से राफेल फाइटर जेट, रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदे गए। वायु सेना, नौ सेना और थल सेना तीनों की क्षमता बहुत बढ़ी है। सीमा के पास के इलाकों में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हुआ है।

युवा शक्ति का साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को अपने साथ जोड़ते हैं। 8 मार्च को उन्होंने देश के प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स को नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड दिया। इस दौरान उन्होंने कुछ कंटेंट क्रिएटर्स से बात भी की। ट्रेन में सवारी हो या कोई और अवसर जब भी पीएम को मौका मिलता है वह बच्चों और युवाओं से बातचीत करते हैं।

बूथ विजय अभियान

लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा द्वारा पूरे देश में बूथ विजय अभियान चलाया जा रहा है। 10 दिनों के इस अभियान की शुरुआत 13 मार्च को हुई। इस अभियान के दौरान भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सभी बूथ तक जाएंगे और जनता से संपर्क करेंगे।

इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास

नरेंद्र मोदी सरकार ने देशभर में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर खास ध्यान दिया है। 2023-24 के बजट में बुनियादी ढांचे के लिए 10 लाख करोड़ रुपए खर्च करने का फैसला किया गया है। सरकार सड़क, रेलवे, बंदरगाह और हवाई अड्डा जैसे सभी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम कर रही है।

मोदी की गारंटी

राम मंदिर निर्माण से लेकर जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने तक नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपने कई वादों को पूरा किया है। इस संबंध में नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा जो वादे करती है उसे पूरा करती है। यह गारंटी है। उन्होंने इसे मोदी की गारंटी नाम दिया है। पीएम सरकार द्वारा आम जनता के हित में किए जा रहे काम को मोदी की गारंटी कहते हैं।

यह भी पढ़ें- 'नरेंद्र मोदी लोकप्रिय नेता, लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर बनेंगे पीएम' अमेरिकी कांग्रेस सांसद का दावा

साउथ में ताबड़तोड़ दौरा

भाजपा को 370 और एनडीए को 400 से अधिक सीटें दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस दक्षिण के राज्यों पर है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भाजपा की कोशिश अधिक से अधिक सीटें जीतने की है। इन राज्यों में पार्टी की स्थिति उत्तरी राज्यों की तुलना में कमजोर रही है।

यह भी पढ़ें- SBI ने सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश किए चुनावी बांड के आंकड़े, 2 PDF फाइलों में छुपे है सारे रहस्य, जानें पूरी डिटेल

Read more Articles on
Share this article
click me!