
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर मतदान होने वाला है। 2019 में इनमें से एक सीट भी कांग्रेस नहीं जीत पाई थी। वहीं, भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिली थी। वोट शेयर की बात करें तो इन 58 सीटों पर एनडीए को 51.36% और इंडिया ब्लॉक के दलों को 28.66% वोट मिले थे।
भारत में लोकसभा चुनाव 543 सीटों पर होते हैं। छठे चरण के समापन के साथ ही कुल 486 सीटों पर चुनाव पूरा हो जाएगा। 57 सीटों पर सातवें और आखिरी चरम में मतदान होगा। शनिवार को छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान होगा। दिल्ली के सभी 7 सीटों पर वोटिंग होगी। हरियाणा के 10 सीटों पर चुनाव होगा।
छठे चरण में जिन 58 सीटों पर चुनाव हो रहा है वहां भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत रही है। 2019 के चुनाव में 58 में से 45 सीटों पर NDA के दलों ने जीत हासिल की थी। इनमें से 40 सीटें भाजपा को मिली थी। वहीं, 2014 के आम चुनाव की बात करें तो इन 58 सीटों में से NDA ने 39 सीटों को अपने नाम किया था। INDIA ब्लॉक की पार्टियों को 11 सीटों पर जीत मिली थी।
छठे चरण में मैदान में हैं 889 उम्मीदवार
छठे चरण में कुल 889 उम्मीदवार मैदान में हैं। बसपा ने सबसे अधिक 54 उम्मीदवार उतारे हैं, उसके बाद भाजपा ने 51, बंगाल की सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) ने 27 और कांग्रेस ने 25 उम्मीदवार उतारे हैं। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 162 उम्मीदवार हैं, इसके बाद झारखंड की चार सीटों पर 91 उम्मीदवार हैं।
183 उम्मीदवारों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले
छठे चरण में चुनाव लड़ रहे 183 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 38, उसके बाद झारखंड में 28 और हरियाणा में 27 मामले वाले उम्मीदवार हैं। झारखंड के रांची और उत्तर पूर्वी दिल्ली में क्रमशः 10 और 7 मामलों वाले सबसे अधिक उम्मीदवार हैं। इस चरण में भाजपा के सबसे अधिक 28 उम्मीदवार आपराधिक मामलों वाले हैं। AAP और राजद के 100% उम्मीदवार लंबित मामलों का सामना कर रहे हैं।
343 उम्मीदवार हैं करोड़पति
छठे चरण के 343 उम्मीदवार करोड़पति हैं। हरियाणा में सबसे अधिक 102, उसके बाद दिल्ली में 68 और उत्तर प्रदेश में 59 करोड़पति प्रत्याशी हैं। इस चरण में भाजपा के पास सबसे अधिक 48 करोड़पति उम्मीदवार हैं। इसके बाद बसपा के 23 और कांग्रेस के 20 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: 58 सीटों पर शनिवार को होगा मतदान, जानें 2019 में किस पार्टी को मिली थी यहां जीत
हरियाणा के कुरूक्षेत्र से भाजपा के नवीन जिंदल इस चरण के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। उनके पास 1,241.48 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 482.21 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ ओडिशा के कटक से भाजपा उम्मीदवार संतरूप मिश्रा दूसरे नंबर पर हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.