
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब को पूरी श्रद्धा से भारत लाए। जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं, तो नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते हुए देख रहे हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "10 साल पहले तक किसानों की क्या स्थिति थी? यूरिया की कालाबजारी होती थी। किसानों को यूरिया के लिए लाठी खानी पड़ती थी। आज किसानों को पर्याप्त यूरिया मिल रहा है। यूरिया की जो बोरी दुनिया में तीन हजार में मिलती है वह हमारी सरकार तीन सौ से भी कम में देती है। यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के रूप में 70 हजार करोड़ रुपए मिले हैं। कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को अपने ही पैसे के लिए तरसाया जाता था। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया। योगी आदित्यनाथ ने तो पहले दिन से ही गन्ना किसानों के लिए अनेक कदम उठाए।"
इंडी गठबंधन ने किया राम मंदिर का अपमान
नरेंद्र मोदी ने कहा, "इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देशभर में जिस शक्ति की पूजा हो रही है कांग्रेस ने उस शक्ति का अपमान किया है। शक्ति का कोई उपासक इंडी गठबंधन को इस अपमान के लिए माफ नहीं करेगा।"
उन्होंने कहा, "सपा कांग्रेस के इंडी गठबंधन को भारत की विरासत की परवाह नहीं है। 500 साल के इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना। इंडी गठबंधन वालों को राम मंदिर के निर्माण से पहले भी नफरत थी और आज भी नफरत है। मंदिर बनने से रोकने के लिए अदालत गए। लाख कोशिश की। लेकिन जब देश की जनता ने पाई-पाई देकर इतना भव्य मंदिर बना दिया। मंदिर ट्रस्ट ने आपके सारे गुनाह माफ कर मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आमंत्रित किया। आपने आमंत्रण ठुकराकर राम मंदिर का अपमान किया।"
यह भी पढ़ें- दिग्गजों के सामने कौन: क्या चुनावों में हारने वाले ये नेता दे पाएंगे राहुल गांधी को चुनौती
तुष्टिकरण के दलदल में डूबी है कांग्रेस
मोदी ने कहा, "तुष्टिकरण के दलदल में कांग्रेस इतना डूब गई है कि बाहर नहीं निकल सकती। कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग के घोषणा पत्र जैसा दिख रहा है। तुष्टिकरण के चलते कांग्रेस और सपा सीएए का विरोध कर रही है। विदेशी धरती पर प्रताड़ना के चलते भागे हिंदुओं, सिखों को भारत नागरिकता नहीं देगा तो कौन देगा। समाजवादी पार्टी आज जिस कांग्रेस के साथ खड़ी है उस कांग्रेस ने 1984 में सिख भाई-बहनों के साथ क्या किया था वह कोई भूल नहीं सकता। भाजपा सिखों के साथ पूरी शक्ति से खड़ी है।"
यह भी पढ़ें- मुस्लिम लीग से जुड़े PM के इस बयान से कांग्रेस नाराज, चुनाव आयोग में कर दी शिकायत
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.