Magician OP SHARMA: सत्य साईं बाबा को लाइव टीवी पर कर चुके हैं चैलेंज, अब चमत्‍कारी बाबाओं को लेकर कह दी ये बड़ी बात

Published : May 02, 2023, 05:28 PM ISTUpdated : May 02, 2023, 06:04 PM IST
Magician Jr. OP SHARMA

सार

वर्ष 2012-13 में सत्य साईं बाबा को एक टीवी चैनल के माध्यम से चैलेंज किया गया था। जितने भी तरह के चमत्कार वह दिखाते थे। वह सब हम लोगों ने टीवी चैनल पर लाइव करके दिखाया। उन्हें चैलेंज किया था कि आप आइए और इस चीज का जवाब दीजिए।

Magician OP SHARMA: महान जादूगर ओपी शर्मा का 16 अक्टूबर 2022 को देहांत हो गया। अब जूनियर ओपी शर्मा यानि सत्य प्रकाश शर्मा अपने पिता के काम को आगे बढ़ा रहे हैं। इनके देश और दुनिया भर में अब तक 40 हजार से ज्यादा शो हो चुके हैं। जूनियर ओपी शर्मा 3 साल की उम्र से ही लगातार स्टेज शो कर रहे हैं। शुरुआती दौर में वह अपने पिता (जादूगर ओपी शर्मा) के साथ एक सहयोगी कलाकार के रूप में काम करते रहें। फिर उन्‍होंने कामर्शियल शो शुरु किया। पहले जादूगर ओपी शर्मा और जूनियर ओपी शर्मा अलग-अलग शो करते थे। फिर पिता-पुत्र एक साथ मिलकर शो करते रहें। लोगों ने इसे खूब पंसद किया और पिता-पुत्र की जोड़ी स्टेज से लोगों का मनोरंजन करती रही।

2012-13 में टीवी पर चैलेंज के बाद भी नहीं आया कोई जवाब

जादूगर जूनियर ओ पी शर्मा कहते हैं हम लोगों ने वर्ष 2012-13 में सत्य साईं बाबा को एक टीवी चैनल के माध्यम से चैलेंज किया था। तब नोएडा में हमारा एक शो चल रहा था। एक हफ्ते तक लगातार चैलेंज टीवी पर चलता रहा। जितने भी तरह के चमत्कार वह दिखाते थे। जैसे-सुपारी बनाना, ताबीज बनाना आदि। वह सब हम लोगों ने टीवी चैनल पर लाइव करके दिखाया। उन्हें चैलेंज किया था कि आप आइए और इस चीज का जवाब दीजिए। चैनल ने भी बहुत प्रयास किया, पर कोई कैमरे के सामने आया नहीं।

शो के दौरान हुए ऐसे भी वाकये

जादूगर शर्मा कहते हैं कि शो में स्टेज से नरकंकालों का डांस भी दिखाया जाता था। यह नरकंकाल कभी-कभी दर्शकों के बीच भी पहुंच जाया करते थे और उनसे हाथ भी मिलाया करते थे। एक बार शो के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जो भुलाया नहीं जा सकता। एक 7 माह की गर्भवती महिला शो देख रही थी। नरकंकाल जब दर्शकों के बीच पहुंचा तो उस महिला ने आडिटोरियम में ही बच्चे को जन्म दे दिया। उस घटना के बाद से नरकंकाल मंच से नीचे नहीं उतारे गए। शो में लड़की को आरा मशीन से दो टुकड़ों में काटते थे। एक बार प्रदर्शन के दौरान आरा खुल गया और लड़की के पेट में कट लग गया था।

जादू चमत्कार की दृष्टि से देखेंगे तो ठगे जाएंगे

जूनियर ओपी शर्मा कहते हैं कि जादू पूर्ण रूप से एक मनोरंजक कला है। इसको हमेशा मनोरंजन की दृष्टि से ही देखें और आनन्द लें। यदि इसे चमत्कार की दृष्टि से देखेंगे तो जरुर ठगे जाएंगे। जो लोग इसे चमत्कार के रूप में प्रस्तुत करते हैं और अपने आप को सिद्ध पुरुष बताते हैं। यह भी बताते हैं कि उनके पास कोई दैवीय शक्ति है। यह पूरी तरह से गलत है। कभी ऐसी चीजों पर भरोसा न करें। यह सब विज्ञान से जुड़ी चीजे हैं। लोग इसी कला को सीखकर गलत तरीके से लोगों के सामने प्रस्तुत करते हैं। चंद लोग हैं, जो इस कला का गलत उपयोग कर रहे हैं।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर शो को दी मजबूती

जादूगर जूनियर ओ पी शर्मा कहते हैं कि जादू विज्ञान और तकनीक पर आधारित आर्ट है। इसीलिए हमने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की ताकि जादू में उसका उपयोग किया जा सके। यही वजह है कि हमारी टीम तकनीकी रूप से सक्षम है। टीम में सहयोगी के रूप में 13 और इंजीनियर हैं। यही वजह है कि हम नई-नई चीजें अपनी टीम में जोड़ते रहें और जादू के शो को विश्वस्तरीय बनाया।

सीक्रेट नहीं बल्कि प्रस्तुतीकरण महत्वपूर्ण

शर्मा कहते हैं कि अब तो समय ही बदल गया। स्टेज से कार्यक्रम के बारे में एनाउंस करिए। इंटरनेट पर लोग उसका सीक्रेट तलाशने लगते हैं। दरअसल, सीक्रेट ही जादू का सब कुछ है। यदि इसका सीक्रेट ही ​पता चला जाए तो शो में मजा नहीं आएगा। नई चीजें कर रहे हैं, जिसमें सीक्रेट नहीं बल्कि उसका प्रस्तुतीकरण महत्वपूर्ण है।

केरल में होती है जादू से जुड़ी पढ़ाई

जादूगर शर्मा कहते हैं कि हम लोगों ने प्रयास किया कि जादू को पाठयक्रम से जोड़ा जाए। ताकि शुरु से ही बच्चों मन में चमत्कार या अंधविश्वास को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा न हो। हालांकि अभी तक इस प्रयास में सफल नहीं हुए। सिर्फ केरल के अंदर ही ऐसी व्यवस्था है, जहां जादू से जुड़े हुए इंस्टीटयूट है और वहां इसकी पढ़ाई होती है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

2 बच्चों संग रेलवे ट्रैक पर कटी महिला, सुसाइड नोट-पड़ोसियों के बयान सुन पुलिस के हाथ-पांव फूले
Amit Shah vs Rahul Gandhi : सुनो न सुनो... ऐसा क्या बोले राहुल गांधी जो खड़े हो गए अमित शाह