Asianet News Hindi | Published : Jun 29, 2022 3:59 AM IST / Updated: Jun 29 2022, 10:37 PM IST

Maharashtra Politics: SC ने फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से किया इनकार, CM ने दिया इस्तीफा

सार

मुंबई. महाराष्ट्र में गहराए राजनीतिक संकट(Maharashtra political crisis) का क्लाइमेक्स हो गया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Bhagat Singh Koshyari) ने 30 जून को फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दिया था। शिवसेना इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई थी। कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया है। दूसरी ओर शिवसेना के बागी विधायक गोवा पहुंच गए हैं। बता दें कि शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे ने 21 जून को बगावत कर दी थी। पहले वे मुंबई से सूरत के लिए निकले और फिर पार्टी के विधायकों के साथ गुवाहाटी पहुंचे थे। पढ़िए नया अपडेट...

10:37 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधान परिषद से भी इस्तीफा दे दिया है। 

09:21 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यपाल के आदेश पर रोक नहीं लगाया है। नवाब मलिक और अनिल देशमुख वोटिंग में हिस्सा ले सकते हैं। कोर्ट ने इसकी इजाजत दे दी है।
 

09:21 PM (IST) Jun 29

एकनाथ शिंदे के वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि राज्यपाल के आदेश के अनुसार फ्लोर टेस्ट होगा। 

09:16 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को महाराष्ट्र में होने वाले फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। 11 बजे से फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही होगी। 

08:27 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट में बहस पूरी हो गई है। कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट 9 बजे फैसला सुनाएगा। 

08:26 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी राजनीतिक रूप से काम कर रहे हैं। राज्यपाल कोई देवदूत नहीं है। राज्यपाल ने जल्दबाजी में आदेश दिया। उनके फैसले की समीक्षा हो सकती है।

08:10 PM (IST) Jun 29

तुषार मेहता ने कहा कि कई केस में सुप्रीम कोर्ट ने 24 घंटे में फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया है। डिप्टी स्पीकर ने खुद दो दिन का नोटिस दिया था। अब 24 घंटे में फ्लोर टेस्ट पर सवाल उठा रहे हैं। 

08:08 PM (IST) Jun 29

बहुमत परीक्षण को देखते हुए मुंबई में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीसीपी रैंक के करीब 20 अधिकारियों को लगाया गया है।  एसआरपीएफ की 10 कंपनियों को तैनात किया गया है। अतिरिक्त फोर्स के 750 जवानों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाया गया है।

08:04 PM (IST) Jun 29

तुषार मेहता ने कहा कि स्पीकर अयोग्यता पर फैसला नहीं ले सकते। राज्यपाल के आदेश के खिलाफ दी गई अर्जी में उचित मानदंड का पालन नहीं किया गया। 

08:01 PM (IST) Jun 29

तुषार मेहता ने कहा कि डिप्टी स्पीकर के खिलाफ खुद अविश्वास प्रस्ताव है। राज्यपाल का फैसला गलत नहीं है। तुषार मेहता नबाम रेबिया बनाम अरुणाचल प्रदेश केस का हवाला दिया है।

07:57 PM (IST) Jun 29

राज्यपाल की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि स्पीकर अपनी मतदाता सूची तय नहीं कर सकते। एकनाथ शिंदे के वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि न्याय के लिए बहुमत की जांच जरूरी है। 

07:41 PM (IST) Jun 29

कोर्ट ने पूछा कि कितने विधायकों को अयोग्यता का नोटिस दिया गया है? दूसरे गुट में 39 विधायक हैं तो 16 के खिलाफ ही नोटिस क्यों दिया गया। एनके कौल ने कहा कि हमारे पास बहुमत है। असली शिवसेना हम हैं। 

07:38 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि नाराज विधायकों की संख्या कितनी है? एनके कॉल ने कहा कि 39। इसपर कोर्ट ने पूछा कि कितने में से 39? एनके कॉल ने जवाब दिया 55 में से 39।

07:01 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि सरकार फ्लोर टेस्ट से क्यों कतरा रही है? फ्लोर टेस्ट में जितनी देर होगी लोकतंत्र को उतना नुकसान होगा। राज्यपाल के पास संवैधानिक अधिकार है। आदेश देने के हालात पर भी विचार करना होगा। 

06:57 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि कैबिनेट की वैधता के लिए फ्लोर टेस्ट जरूरी है। अल्पमत वाली सरकार की कैबिनेट फैसले नहीं ले सकती। बहुमत पर सवाल का फैसला फ्लोर टेस्ट से हो।

06:44 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि या सरकार इस्तीफा दे या फ्लोर टेस्ट कराए। मुख्यमंत्री जिस तरह से फ्लोर टेस्ट नहीं कराना चाहते यह साफ है कि उन्होंने बहुमत खो दिया है। 

06:39 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि अल्पमत सरकार सत्ता में रहने की कोशिश कर रही है। बहुमत है तो सरकार को साबित करना चाहिए। आपके पास संख्या है तो आप जीतेंगे। अगर आपके पास संख्या नहीं है तो हारेंगे। 
 

06:36 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि फ्लोर टेस्ट कोर्ट के हस्तक्षेप का सवाल नहीं है। जवाबदेही तय करने का तरीका सदन में है। अयोग्यता का मामला फ्लोर टेस्ट से अलग है।

06:33 PM (IST) Jun 29

एनके कौल ने कहा कि फ्लोर टेस्ट में देर नहीं होनी चाहिए। सबसे पहले तय होना चाहिए कि अध्यक्ष को हटाना है या नहीं। अयोग्यता के फैसले से पहले स्पीकर पर फैसला जरूरी है। लंबित केस कभी फ्लोर टेस्ट नहीं रोक सकते। हॉर्स ट्रेडिंग रोकने के लिए जल्द से जल्द फ्लोर टेस्ट होना चाहिए। 

06:23 PM (IST) Jun 29

एकनाथ शिंदे के गुट के वकील एनके कौल ने कोर्ट में कहा कि डिप्टी स्पीकर फैसला नहीं कर सकते। वह खुद सवालों के घेरे में हैं। सिंघवी ने कहा कि स्पीकर को फैसला लेने की इजाजत दी जाए या फिर कल फ्लोर टेस्ट टाल दिया जाए। 

06:21 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अयोग्यता का मामला लंबित होने से फ्लोर टेस्ट नहीं रुक सकता। सिंघवी ने कहा कि कल फ्लोर टेस्ट हुआ तो छह विधायक कैसे वोट देंगे। दो विधायक कोरोना संक्रमित हैं। दो देश से बाहर हैं। बता दें कि एनसीपी के दो विधायक जेल में बंद हैं।

06:06 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने कोर्ट से कहा कि आप राज्यपाल के आदेश की समीक्षा कर सकते हैं। अगर 30 जून को फ्लोर टेस्ट नहीं होता है तो आसमान नहीं गिर जाएगा। कई विधायक देश से बाहर हैं। एनसीपी के दो विधायक कोरोना संक्रमित हैं। कोर्ट भी तो अगले सप्ताह अयोग्यता पर विचार करेगा।

06:02 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने दलबदल विरोधी कानून का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि निर्दलीय पार्टी में जाएं तब भी यह कानून लागू होता है। 

05:54 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने कहा कि क्या राज्यपाल कोर्ट पर भरोसा नहीं कर सकते। कानून और 10वीं अनुसूची का मजाक उड़ाया जा रहा है। कल प्लोर टेस्ट नहीं हुआ तो पहाड़ नहीं टूटेगा।

05:53 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मान लीजिए सरकार ने बहुमत खो दिया। ऐसी स्थिति में अयोग्यता नोटिस कैसे जारी हो सकती है। बहुमत का फैसला सदन में ही होगा।

05:47 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने कोर्ट में कहा कि अभी तक ऐसा नहीं हुआ है कि अयोग्यता पर फैसले से पहले फ्लोर टेस्ट कराया जाए। इसपर कोर्ट ने बोम्मई केस का हवाला देते हुए कहा कि बहुमत का फैसला सिर्फ सदन में ही होगा। 
 

05:38 PM (IST) Jun 29

कोर्ट में सिंघवी ने कहा कि राज्यपाल ने कैबिनेट की सलाह पर आदेश नहीं दिया। उन्होंने विपक्ष के नेता की मांग पर आदेश दिया है। विधायक की चिट्ठी पर राज्यपाल कार्रवाई नहीं कर सकते। 

05:36 PM (IST) Jun 29

गुवाहाटी एयरपोर्ट पर एकनाथ शिंदे ने कहा है कि कल फ्लोर टेस्ट के बाद हमलोग बैठक करेंगे। हम बागी नहीं, शिवसेना हैं। बालासाहेब के हिन्दुत्व विचार पर चलेंगे। 

05:33 PM (IST) Jun 29

सिंघवी ने कहा कि अयोग्यता पर फैसले से पहले फ्लोर टेस्ट नहीं हो। अयोग्यता को लेकर पहले फैसला हो। अगर वो सदस्य नहीं रहते तो वोट कैसे कर सकते हैं। स्पीकर के फैसले से पहले वोटिंग नहीं होनी चाहिए। स्पीकर के फैसले से संख्या बदलेगी। 

05:30 PM (IST) Jun 29

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि स्पीकर के फैसले से पहले वोटिंग नहीं हो। 6 महीने से पहले फ्लोर टेस्ट नहीं हो सकता। इसपर कोर्ट ने कहा कि स्पीकर के नोटिस पर हमें फैसला लेना है। हम तय करेंगे कि नोटिस वैध है या नहीं। क्या दुबारा फ्लोर टेस्ट कराने की कोई समयसीमा है?

05:27 PM (IST) Jun 29

उद्धव गुट के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कोर्ट में कहा कि अयोग्यता का मामला कोर्ट में लंबित है। सदस्यों के सत्यापन के बिना वोटिंग कैसे होगी? राज्यपाल ने इस मामले में बहुत तेजी से काम किया। 

05:18 PM (IST) Jun 29

सुप्रीम कोर्ट में उद्धव गुट की अर्जी पर सुनवाई शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के राज्यपाल ने 30 जून शाम 5 बजे तक फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दिया है। इसके खिलाफ शिवसेना सुप्रीम कोर्ट गई है। आज कोर्ट से फ्लोर टेस्ट पर अहम फैसला आ सकता है। 
 

05:09 PM (IST) Jun 29

सीएम उद्धव ठाकरे मंत्रालय पहुंचे हैं। वह कैबिनेट की बैठक करने वाले हैं। उनके साथ आदित्य ठाकरे और अन्य नेता भी मंत्रालय पहुंचे हैं।

05:04 PM (IST) Jun 29

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायक गोवाहाटी एयरपोर्ट के लिए निकल गए हैं। वे गोवा जाएंगे। दूसरी ओर उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे राजभवन पहुंचे हैं। 

02:32 PM (IST) Jun 29

महाराष्ट्र में सरकार बनाने की कवायद में जुटी भाजपा के पास 164 विधायक होने का दावा किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि कल उद्धव ठाकरे सरकार के विश्वासमत साबित नहीं होने की स्थिति में फौरन देवेंद्र फडणवीस सरकार बनाने का दावा करेंगे। वहीं कल रात या 1 जुलाई को देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

02:03 PM (IST) Jun 29

गुवाहाटी में बागी शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे ने दावा किया-"हम कल मुंबई पहुंचेंगे। 50 विधायक हमारे साथ हैं। हमारे पास 2/3 बहुमत है। हम किसी भी फ्लोर टेस्ट के बारे में चिंतित नहीं हैं। हम सब कुछ पास करेंगे और हमें कोई नहीं रोक सकता। लोकतंत्र में बहुमत मायने रखता है और वाे हमारे पास है।"

01:14 PM (IST) Jun 29

30 जून को होने वाले फ्लोर टेस्ट पर रणनीति बनाने के लिए BJP ने आज शाम मुंबई के ताज प्रेसिडेंट होटल में पार्टी के विधायकों की एक मीटिंग बुलाई है। इससे पहले देवेंद्र फडणवीस के घर भी एक बैठक बुलाई गई थी।

12:10 PM (IST) Jun 29

30 जून को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट से पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने आज दोपहर मुंबई में अपने आवास पर भाजपा नेताओं की बैठक बुलाई है। इधर, फ्लोर टेस्ट के खिलाफ शिवसेना सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। सुनवाई आज ही शाम 5 बजे होगी। 

12:05 PM (IST) Jun 29

महाराष्ट्र के निर्दलीय विधायक राजेंद्र राउत से जब भाजपा के साथ सत्ता में आने के बारे में पूछा गया, तो कहा-मैं शुरू से ही बीजेपी के साथ हूं। देवेंद्र फडणवीस ने राज्य विधानसभा में मेरे लिए स्टैंड लिया। विधायक परेशान होंगे अगर उनके निर्वाचन क्षेत्रों में काम नहीं होगा। भाजपा के साथ आने में कोई समस्या नहीं है।

11:10 AM (IST) Jun 29

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के निर्देश को चुनौती देने वाली शिवसेना के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु की याचिका पर हाईकोर्ट आज शाम 5 बजे सुनवाई करेगा। महाराष्ट्र के राज्यपाल ने राज्य के मुख्यमंत्री को 30 जून को सदन के पटल पर बहुमत समर्थन साबित करने के निर्देश दिए हैं।