Amitabh Budholiya | Published : Jun 30, 2022 12:51 AM IST / Updated: Jun 30 2022, 11:48 PM IST

Maharashtra: एकनाथ शिंदे CM-फडणवीस बने डिप्टी CM, मोदी ने दोनों को बधाई देकर कही बड़ी बात

सार

मुंबई. महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट(Maharashtra political crisis) का जून खत्म होते होते समाधान हो चुका है। एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ले ली है। एक नाटकीय घटनाक्रम में गुरुवार को देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कांफ्रेंस कर शिंदे को सीएम बनाने के लिए समर्थन का ऐलान किया है तो शपथ ग्रहण के थोड़े ही देर पहले बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवेंद्र फडणवीस को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का ऐलान कर दिया। अमित शाह की ट्वीट के बाद एकनाथ शिंदे ने सीएम तो फडणवीस ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ले ली है। शाम साढ़े सात बजे शपथ संपन्न हुआ। हालांकि, शिंदे के साथ कोई मंत्री ने शपथ नहीं लिया है। मंत्रिपरिषद में किसको-किसको शामिल किया जाएगा इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका है। 

इसके पहले राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद से उद्धव ठाकरे का इस्तीफा मंजूर कर लिया। लिहाजा विधानसभा के विशेष सत्र को स्थगित कर दिया गया। इसी के साथ फ्लोर टेस्ट भी कैंसिल हो गया। बता दें कि 11 बजे से विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना था। इससे पहले बुधवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा फ्लोर टेस्ट कराने को हरी झंडी मिलने के बाद उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वे खुद गाड़ी चलाकर राजभवन पहुंचे और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Bhagat Singh Koshyari) को अपना इस्तीफ सौंप दिया। शिवसेना फ्लोर टेस्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई थी। लेकिन कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे ने 21 जून को उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी थी। वे मुंबई से सूरत के लिए निकले और फिर पार्टी के विधायकों के साथ गुवाहाटी पहुंचे थे। वे NCP और कांग्रेस से गठबंधन के खिलाफ थे। साथ ही बागी विधायक सरकार में उन्हें तवज्जो नहीं मिलने से भी आक्रोशित थे। पढ़िए नया अपडेट...

11:48 PM (IST) Jun 30

उद्धव ठाकरे ने दी सीएम एकनाथ शिंदे व देवेंद्र फडणवीस को बधाई

महाराष्ट्र में शपथ लेने वाले नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पूर्व सीएम व शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बधाई दी है। उद्धव ठाकरे ने ट्वीट किया कि नव नियुक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि आप महाराष्ट्र के लिए अच्छा काम करें।

10:44 PM (IST) Jun 30

देवेंद्र फडणवीस खुशी से डिप्टी सीएम का पद नहीं स्वीकारे: शरद पवार

एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम का नंबर 2 का पद खुशी से स्वीकार किया है। यह उसके चेहरे पर देखा जा सकता है। लेकिन वह नागपुर में रहे थे, एक (आरएसएस) स्वयंसेवक के रूप में यह उनका लोकाचार है, इसलिए उन्होंने यह पद स्वीकार कर लिया।

08:41 PM (IST) Jun 30

सीएम व डिप्टी सीएम वाली दो सदस्यीय सरकार की पहली कैबिनेट

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एकनाथ शिंदे, राजभवन से सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे। यहां सीएम शिंदे व डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस वाली दो सदस्यीय सरकार ने कैबिनेट की मीटिंग की है। सीएम शिंदे, पुलिस के आला अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक उच्चाधिकारियाें के साथ भी बैठक करेंगे।

08:32 PM (IST) Jun 30

पवार ने दी बधाई, कह दी बड़ी बात

शरद पवार ने नई सरकार बनाए जाने और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने की कल्पना नहीं की थी। शायद बागी गुट ने मुख्यमंत्री पद की मांग की होगी। इसलिए उनको सीएम बनाया गया। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेंगे। किसानों के लिए काम करेंगे। 

08:25 PM (IST) Jun 30

राज ठाकरे ने दी बधाई, बोले-सतर्क रहिए

राज ठाकरे ने ट्वीट कर एकनाथ शिंदे को बधाई दी है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद आपको नसीब से मिला है अब आप अपने कर्मों से इसे सिद्ध करिएगा ऐसी आशा है। उन्होंने कहा कि सतर्क रहिए, सोच समझकर कदम उठाईए। पुन: बधाई। 

 

08:21 PM (IST) Jun 30

पिता के मुख्यमंत्री बनते ही सांसद बेटा गोवा से मुंबई के लिए निकले

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एकनाथ शिंदे के बेटे सांसद श्रीकांत शिंदे गोवा से मुंबई रवाना होने के लिए निकल पड़े हैं। बागी विधायकों के साथ श्रीकांत शिंदे गोवा के एक होटल में थे। कुछ देर पहले ही वह गोवा एयरपोर्ट पहुंचे हैं। यहां से फ्लाइट से वह मुंबई पहुंचेंगे।

08:17 PM (IST) Jun 30

शाह ने दी एकनाथ शिंदे व फडणवीस को बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। शाह ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ये नई सरकार महाराष्ट्र के विकास और जनता के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

08:04 PM (IST) Jun 30

पीएम मोदी ने कहा: वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा

पीएम मोदी ने देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।

 

08:02 PM (IST) Jun 30

PM Modi ने दी एकनाथ शिंदे व फडणवीस को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर मैं एकनाथ शिंदे को बधाई देना चाहता हूं। शिंदे एक जमीनी स्तर के नेता हैं, उनके पास समृद्ध राजनीतिक, विधायी और प्रशासनिक अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।

 

07:53 PM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र में हर किसी को न्याय मिलेगा: एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में अब हर किसी को न्याय मिलेगा। यहां बिना भेदभाव के सबके साथ न्याय होगा, राज्य का विकास होगा।

07:52 PM (IST) Jun 30

जिसने मुझे सर्वोच्च पद पर पहुंचाया, उसका आदेश सर्वोपरि

Deputy CM पद की शपथ लेने के बाद बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के सीएम रह चुके देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एक प्रामाणिक कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी के आदेशों का पालन करता हूं। जिस पार्टी का आदेश मुझे सर्वोच्च पद पर ले आया, वह मेरे लिए सर्वोपरि है। एक ईमानदार कार्यकर्ता होने के नाते मैं पार्टी के आदेशों का पालन करता हूं। जिस दल के आदेश ने मुझे सर्वोच्च स्थान दिया, उसका मैं मुखिया हूं।

 

07:39 PM (IST) Jun 30

बीजेपी कोटे में उप मुख्यमंत्री की कुर्सी, पूर्व सीएम फडणवीस ने ली उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

महाराष्ट्र में नए सियासी समीकरण में पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। फडणवीस के मंच पर पहुंचते ही जोरदार नारे से उनका स्वागत किया गया। 

07:38 PM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र के नए नाथ एकनाथ, शिंदे ने ली सीएम पद की शपथ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे ने शपथ ले ली है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य के उप मुख्यमंत्री होंगे। 

07:35 PM (IST) Jun 30

एकनाथ शिंदे ले रहे हैं सीएम पद की शपथ, नारों से जाेरदार स्वागत

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे शपथ ले रहे हैं। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिला रहे। शिंदे ने शिवसेना से बगावत करके बीजेपी के समर्थन से सरकार बनाने का ऐलान किया है।

07:33 PM (IST) Jun 30

पहुंचे राज्यपाल, कुछ ही देर में शुरू होगा समारोह

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी राजभवन में समारोह में पहुंच चुके हैं। कुछ ही पलों में शपथ होने वाला है। 

07:30 PM (IST) Jun 30

शपथ ग्रहण समारोह कुछ ही देर में, सब पहुंचे, महामहिम का इंतजार

महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री पद की शपथ कुछ ही देर में होने वाली है। होने वाले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राजभवन पहुंच चुके हैं। मंच पर तीन कुर्सियां लगी है। महामहिम भगत सिंह कोश्यारी का इंतजार हो रहा है।

07:16 PM (IST) Jun 30

राजभवन में परिवार के साथ पहुंचे शिंदे, नाती को गोद में लिए मिल रहे लोगों से

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के लिए एकनाथ शिंदे राजभवन पहुंच चुके हैं। वह अपनी पत्नी, सांसद बेटे, बहू और नाती सहित पूरे परिवार के साथ राजभवन पहुंचे हैं। 

07:11 PM (IST) Jun 30

कुछ ही देर में शपथ ग्रहण समारोह, तीसरी कुर्सी डिप्टी सीएम फडणवीस के लिए लगाई गई

कुछ ही देर में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली जाएगी। एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद डिप्टी सीएम के रूप में देवेंद्र फडणवीस लेंगे शपथ। राजभवन में आयाेजित शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम के लिए एक और कुर्सी लगाई गई है। राजभवन में शपथ ग्रहण के लिए पहले दो कुर्सी ही लगाई गई थी। एक राज्यपाल और एक मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले एकनाथ शिंदे के लिए। लेकिन देवेंद्र फडणवीस के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए राजी होने वाले गृह मंत्री अमित शाह के ट्वीट के बाद एक और कुर्सी बढ़ा दी गई है। 

07:04 PM (IST) Jun 30

शाह के हस्तक्षेप के बाद फडणवीस हुए राजी, लेंगे उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मान गए हैं। देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। अमित शाह से बातचीत करने के बाद फडणवीस राजी हो गए हैं। अमित शाह ने ट्वीट कर दावा किया है कि महाराष्ट्र के हित में देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बनने के लिए हामी भर दी है। 

06:55 PM (IST) Jun 30

CM की कुर्सी न मिलने से नाखुश हुए फडणवीस, बीजेपी में ही झगड़ा

महाराष्ट्र में शिवसेना में हुए बगावत के बाद सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में जैसे ही एकनाथ शिंदे के नाम का ऐलान हुआ है वैसे ही बीजेपी में अंदरूनी झगड़ा शुरू हो चुका है। सीएम पद के लिए आशान्वित देवेंद्र फडणवीस अब नाराज हो गए हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फडणवीस को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का ऐलान किया है लेकिन इसके पहले ही फडणवीस ने सरकार से बाहर रहने का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि फडणवीस सीएम न बनाए जाने से नाराज हैं। सूत्रों की मानें तो दो दिन पहले ही दिल्ली में फडणवीस से कह दिया गया था कि वह सीएम नहीं बनाए जा रहे हैं। 

06:39 PM (IST) Jun 30

देवेंद्र फडणवीस होंगे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि बीजेपी ने शिंदे को मुख्यमंत्री बनाकर साबित किया है कि वह कुर्सी की लालच नहीं करती है। हम पद की लालसा में नहीं हैं बल्कि विचारधारा को आगे बढ़ाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। नड्डा ने महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के रोल पर बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी ने उनको उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एकनाथ शिंदे का सहयोग करने को कहा है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। इसलिए, उनसे एक व्यक्तिगत अनुरोध किया और केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए।

06:26 PM (IST) Jun 30

गोवा के होटल से निकले बागी विधायक, खुलकर मना रहे जश्न

गोवा के एक होटल में ठहरे शिवसेना के बागी विधायक जश्न मना रहे हैं। होटल में ठहरे विधायकों ने एकनाथ शिंदे के नाम का ऐलान होते ही खुशी के मारे नाचने लगे। सारे के सारे बागी विधायक होटल के बाहर शिंदे के समर्थन में नारेबाजी करते हुए निकले हैं। वह खुलेआम अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। 

06:06 PM (IST) Jun 30

पवार ने दी शिंदे को बधाई

एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने के ऐलान पर बधाई दी है। 

05:02 PM (IST) Jun 30

बीजेपी बड़ी पार्टी होते हुए भी हमें समर्थन की है, मोदी और शाह हमारे साथ हैं: शिंदे

एकनाथ शिंदे ने कहा कि बाला साहेब के हिंदुत्व के लिए हम काम कर रहे हैं और बीजेपी हमारे साथ है। बड़ी पार्टी होते हुए भी बीजेपी ने हमारा समर्थन किया है। जनता ने बीजेपी और शिवसेना को जनादेश दिया था। अब दोनों समान विचारधारा वाली पार्टी इस राज्य पर शासन करेगी। हमने पहले भी इसके लिए कोशिश की है लेकिन सफल नहीं हुए तो यह कदम उठाया है। हम कुर्सी के लिए नहीं यह किए बल्कि विचारधारा के लिए अलग हुए हैं। 

04:59 PM (IST) Jun 30

हम हिंदुत्व की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे: शिंदे

महाराष्ट्र के होने वाले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम हिंदुत्व की लड़ाई को आगे बढ़ रहे हैं। हमारी ताकत दिन ब दिन बढ़ रही है। पीएम मोदी, शाह हमारे साथ हैं। इनका सपोर्ट हमारे साथ है तो हम एक मजबूत सरकार देने में सफल होंगे। 

04:46 PM (IST) Jun 30

केवल मुख्ममंत्री पद का होगा आज शपथ: फडणवीस

बीजेपी नेता फडणवीस ने कहा कि आज शाम साढ़े सात बजे केवल एकनाथ शिंदे का शपथ होगा। बाद में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। फडणवीस ने कहा कि वह सरकार के पूरा समर्थन में रहेंगे। वह बाहर से सरकार का समर्थन करेंगे। 

04:45 PM (IST) Jun 30

शिवसेना में बगावत इसलिए क्योंकि वह हिंदुत्व का रास्ता छोड़ दी थी: फडणवीस

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व की विचारधारा को त्याग दिया था। शिवसेना के अधिकांश विधायकों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में मांग किया था कि कांग्रेस और एनसीपी से रिश्ता तोड़ दें और हिंदुत्व की राह पर चले। लेकिन उद्धव ठाकरे ने उनकी नहीं सुनी। इसलिए शिवसेना के विधायकों ने अलग होने का फैसला किया। एकनाथ शिंदे को शिवसेना के नेता के रूप में मुख्यमंत्री पद के लिए अपना क्लेम किया है। बीजेपी उनके साथ है। हम महाराष्ट्र में वैकल्पिक सरकार दे रहे हैं। एकनाथ शिंदे को शिवसेना के मुख्यमंत्री के रूप में हम पूर्ण समर्थन देते हैं। तमाम निर्दलीय व छोटे दल भी हमारे साथ हैं। 

04:41 PM (IST) Jun 30

शाम साढ़े सात बजे लेंगे शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे गुरुवार की देर शाम साढ़े सात बजे शपथ लेंगे। शिंदे बीते दिनों शिवसेना से बगावत किए थे। शिंदे के साथ 40 शिवसेना विधायकों के समर्थन का दावा है। 

04:39 PM (IST) Jun 30

एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री

बीजेपी नेता व पूर्व मुख्यमंत्री  देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया है कि एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री। 

04:09 PM (IST) Jun 30

देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के साथ मुलाकात कर रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में होगा। इसकी तैयारी की जा रही है। 

03:47 PM (IST) Jun 30

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस आज शाम सात बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

03:34 PM (IST) Jun 30

देवेंद्र फडणवीस के घर पर एकनाथ शिंदे पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हो रही है। मुंबई पहुंचने के बाद एकनाथ शिंदे ने अपने समर्थकों को विक्ट्री का साइन दिखाया।

02:39 PM (IST) Jun 30

सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र फडणवीस आज ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। शिंदे गोवा से मुंबई पहुंच चुके हैं। वे अपने साथ 39 विधायकों का समर्थन पत्र लेकर आए हैं। मुंबई में केंद्र सरकार ने एकनाथ शिंदे को जेड प्लस सिक्योरिटी दी है।

02:36 PM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र का नया मंत्रिमंडल: राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जबकि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे होंगे। इसके साथ ही मंत्रियों की लिस्ट भी वायरल हो रही है। इसके अनुसार-6 कैबिनेट और इतने ही राज्यमंत्री होंगे। शिंदे गुट से दीपक केसरकर,दादा भूसे, अब्दुल सत्तार, बच्चू काड़ू, संजय शिरदाट, संदीपन भूमरे,उदय सामंत,शंभुराज देसाई, गुलाब राव पाटिल, राजेंद्र पाटिल और प्रकाश अबिदकर का नाम सामने आया है। हालांकि शिंदे का एक बयान सामने आया है, जिसमें वो कह रहे हैं कि कौन-कितने मंत्री होंगे, अफवाहों पर ध्यान न दें।

01:33 PM (IST) Jun 30

शिवसेना के बागी विधायक दीपक केसरकर का बयान-एकनाथ शिंदे मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि जो भी फैसला होगा, वह राज्य के विकास के लिए होगा। हमने किसी की पीठ में छुरा नहीं घोंपा है, संजय राउत के ऐसे बयान सिर्फ लोगों में नाराजगी फैलाने के लिए हैं। कल मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया था। हम किसी भी तरह के जश्न में शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्हें हटाना हमारा इरादा नहीं था। हम अभी भी शिवसेना में हैं और उद्धव ठाकरे को चोट पहुंचाना और उनका अपमान करना हमारा इरादा नहीं है।

12:53 PM (IST) Jun 30

सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे आज अकेले मुंबई आ रहे हैं। बाकी विधायक सीधे शपथग्रहण में शामिल होंगे। पहले इन सबको साथ आना था, लेकिन फ्लोर टेस्ट नहीं होने की वजह से प्लान चेंज हुआ।

11:16 AM (IST) Jun 30

एकनाथ शिंदे ने दिया बयान- सरकार में कौन और कितने मंत्री पद होंगे, इसे लेकर बीजेपी से अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है, यह जल्द ही हो जाएगा। तब तक, कृपया मंत्रिस्तरीय सूचियों और इसके बारे में अफवाहों पर विश्वास न करें।

11:16 AM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट का बयान-मुझे लगता है कि उन्हें (उद्धव ठाकरे) विश्वास मत का सामना करना चाहिए था लेकिन उन्होंने कैबिनेट बैठक के अंत में ही अपना विदाई भाषण दिया। उद्धव जी सरल स्वभाव के संवेदनशील व्यक्ति हैं। उन्हें कुछ चीजें पसंद नहीं आईं,इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया।

11:10 AM (IST) Jun 30

नहीं होगा फ्लोर टेस्ट: बता दें कि विधानसभा का स्पेशल सेशन रद्द कर दिया गया है। बुधवार की देर शाम  उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद महा विकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ विश्वास मत के एकमात्र एजेंडे के साथ आज विशेष विधानसभा बुलाया गया था। इसमें फ़्लोर टेस्ट होना था। महाराष्ट्र विधानसभा के प्रधान सचिव राजेंद्र भागवत(Rajendra Bhagwat, Principal Secretary,) ने एक सर्कुलर में सभी राज्य विधायकों को सूचित किया कि राज्यपाल के आदेश के अनुसार, अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है, इसलिए आज का विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा।
 

11:07 AM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र में नई सरकार को लेकर देवेंद्र फडणवीस के घर पर भाजपा नेताओं की बैठक चल रही है। उनके 2 जुलाई से पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।


More Trending News