
कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम सीट से नामांकन दाखिल किया। इसके बाद ममता ने नंदीग्राम में शिव मंदिर में जाकर पूजा अर्चना भी की। वहीं इसी सीट से टीएमसी के बागी सुवेंद्रु अधिकारी आज रोड शो करेंगे।
ममता ने मंगलवार को रैली की
ममता बनर्जी ने मंगलवार को यहां एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने टीएमसी के बूथ स्टार के कार्यकर्ताओं और पूवी मिदनापुर के जिलास्तर के नेताओं से मिलकर उनका हौसला भी बढ़ाया। बता दें कि नंदीग्राम को बंगाल में सत्ता की चाभी कहा जाता है। टीएमसी के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के बाद ममता बनर्जी का नंदीग्राम में यह पहला दौरा है।
ममता ने क्या-क्या कहा?
कोई अगर बंटवारे की बात करे, तो ऐसे लोगों की बात मत सुनना। मैं हर नाम भूल सकती हूं, लेकिन नंदीग्राम नहीं। जब नंदीग्राम में आंदोलन हो रहा था, तब उनके घर पूजा हो रही थी। जिस तरह 14 मार्च को गोली चली थी, वो सबको याद है। ममता बनर्जी 2007 की नंदीग्राम घटना का जिक्र कर रही थीं। यहां केमिकल हब खोलने का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस ने गोली दागी थीं। इसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी।
ममता ने कहा कि घटनावाले दिन वो नंदीग्राम अकेली जा रही थीं। उन्हें रोकने की कोशिश की गई। राज्यपाल ने उन्हें नसीहत दी। लेकिन तमाम अत्याचारों के बाद भी वे नहीं रुकीं। बहुत से लोगों को उस वक्त उनके साथ होना चाहिए था, लेकिन वो साथ नहीं आए। ममता ने कहा कि अगर वो गलत हैं, तो जनता कहेगी, तो वो नामांकन नहीं भरेंगी।
प बंगाल: 8 चरणों में होगा मतदान, 2 मई को आएंगे नतीजे
| फेज | सीटें | अधिसूचना | नामांकन | नाम वापसी | वोटिंग |
| पहला | 30 | 2 मार्च | 9 मार्च | 12 मार्च | 27 मार्च |
| दूसरा | 30 | 5 मार्च | 12 मार्च | 17 मार्च | 1 अप्रैल |
| तीसरा | 31 | 12 मार्च | 19 मार्च | 22 मार्च | 6 अप्रैल |
| चौथा | 44 | 16 मार्च | 23 मार्च | 26 मार्च | 10 अप्रैल |
| पांचवां | 45 | 23 मार्च | 30 मार्च | 3 अप्रैल | 17 अप्रैल |
| छठा | 43 | 26 मार्च | 3 अप्रैल | 7 अप्रैल | 22 अप्रैल |
| सांतवां | 36 | 31 मार्च | 7 अप्रैल | 12 अप्रैल | 26 अप्रैल |
| आठवां | 35 | 31 मार्च | 7 अप्रैल | 12 अप्रैल | 29 अप्रैल |
294 विधानसभा सीटों वाले प बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। वहीं, यहां भाजपा टीएमसी की सत्ता में दखल करने की कोशिश में जुटी है। तो टीएमसी सत्ता में बरकरार रहने के लिए हर कोशिश में जुटी है।
प बंगाल : 2016 के नतीजे
प बंगाल में 294 सीटें हैं। यहां 2016 में 6 चरणों में चुनाव हुए थे। ममता की पार्टी ने 293 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से 211 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। जबकि भाजपा 291 सीटों पर चुनाव मैदान में थी लेकिन उसे सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था और तीनों पर जीत हासिल की थी।
कांग्रेस ने लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनाव लड़ा था। उसने 92 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और 44 सीटें जीतने में सफल रही थी। वहीं, सीपीएम 148 सीटों में से 26 पर जीत हासिल कर पाई थी। वहीं, सीपीआई को 11 सीटों में से एक पर जीत मिली थी।
| पार्टी | सीटें | वोट % |
| टीएमसी | 211 | 45.6 |
| कांग्रेस | 44 | 12.4 |
| सीपीआई | 26 | 20.1 |
| भाजपा | 3 | 10.1 |
| आरसीपी | 3 | 1.7 |
| निर्दलीय | 1 | 2.2 |
| अन्य | 6 | 7.7 |
विधानसभा की मौजूदा स्थिति
विधानसभा चुनाव के 5 साल बाद स्थिति में काफी बदलाव आया है। यहां टीएमसी के पास 209, भाजपा के पास 27, कांग्रेस के पास 23, सीपीआई(एम) के पास 19, आरएसपी के पास 2 और गोरखा जनमुक्ति के पास 2 विधायक हैं। वहीं, 10 सीटें खाली पड़ी हैं। ये सीटें टीएमसी और अन्य पार्टियों के विधायकों के इस्तीफे के बाद भाजपा में शामिल होने की वजह से खाली हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.