Hajj Yatra 2025: 42000 से ज्यादा भारतीय नहीं कर पाएंगे हज यात्रा, जानें क्यों

Published : Apr 16, 2025, 06:59 PM IST
Hajj

सार

सऊदी अरब ने 2025 की हज यात्रा के लिए भारत के 52,000 हज स्लॉट रद्द कर दिए हैं, जिससे हजारों यात्रियों का सपना अधूरा रह सकता है। इस फ़ैसले के खिलाफ भारत में आवाज उठ रही है और नेताओं ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।

Hajj Yatra 2025: इस साल भारत से 42,000 से ज्यादा तीर्थयात्री हज यात्रा पर नहीं जा पाएंगे। सऊदी अरब ने निजी ऑपरेटरों को मक्का में हज यात्रा के लिए 10,000 भारतीय तीर्थयात्रियों को भेजने की अनुमति दी है। यह आवंटित कोटे से बहुत कम है। पहले 2025 के लिए CHGOs (Combined Haj Group Operators) को 52,000 से ज्यादा स्लॉट मिले थे। सऊदी अरब ने भारत के लिए निजी हज यात्रियों के कोटे में 80% की कटौती की है।

सऊदी अरब ने भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए रद्द किए 52,000 से अधिक स्लॉट

सऊदी अरब ने 2025 की हज यात्रा के लिए भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए 52,000 से अधिक स्लॉट रद्द कर दिए हैं। इसके खिलाफ भारत में आवाज उठ रही है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ यह मामला उठाने का अनुरोध किया।

उमर अब्दुल्ला ने Instagram पर लिखा, "52,000 से अधिक भारतीयों के हज स्लॉट रद्द होने की खबर है। इनमें से बहुत से लोगों ने पहले ही पैसे दे दिए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर से आग्रह है कि वे प्रभावित तीर्थयात्रियों के हित में समाधान खोजने के लिए सऊदी अधिकारियों से संपर्क करें।"

 

 

PDP नेता महबूबा मुफ्ती ने भी विदेश मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। X पर उन्होंने पोस्ट किया, "सऊदी अरब से परेशान करने वाली खबर आ रही है। भारत के निजी हज कोटे में अचानक 80% कटौती कर दी गई है। इससे तीर्थयात्रियों और टूर ऑपरेटरों को परेशानी हो रही है। विदेश मंत्रालय से आग्रह है कि इस मामले को सऊदी सरकार के सामने उठाकर तत्काल हस्तक्षेप करें।"

 

 

4 जून से 9 जुलाई तक होगी हज यात्रा

हज यात्रा इस साल 4 जून से 9 जुलाई तक होने वाली है। हज पवित्र शहर मक्का की वार्षिक मुस्लिम तीर्थयात्रा है। सऊदी अरब सरकार हज तीर्थयात्रियों के लिए हर देश को कोटा देती है। कितने लोग हज करने आएंगे यह इस बात से तय होता है कि उस देश में मुसलमानों की संख्या कितनी है।

हज कोटा कम किए जाने पर भारत सरकार ने क्या कहा?

भारत सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय (MoMA) ने कहा कि सऊदी अरब ने निजी हज यात्री कोटे से 10,000 भारतीय तीर्थयात्रियों को पवित्र तीर्थयात्रा के लिए अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की है। भारत के लिए हज कोटा 2025 में 1,75,025 है। यह 2014 में 1,36,020 था। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के तहत भारतीय हज समिति मुख्य कोटे के तहत 122,518 लोगों को हज यात्रा पर भेजने की व्यवस्था कर रही है। बाकी कोटा निजी टूर ऑपरेटरों को आवंटित किया गया है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने 800 से अधिक ऑपरेटरों को 26 CHGOs में विलय किया है।

 

 

बार-बार कहने के बाद भी निजी ऑपरेटर सऊदी अधिकारियों की समय-सीमा पूरा नहीं कर पाए। वे मीना शिविरों, आवास और परिवहन के लिए जरूरी कॉन्ट्रैक्ट नहीं कर सके। बता दें कि मीना, मक्का के ठीक बाहर एक तम्बू शहर है। यहां हज यात्री एक दिन के लिए रुकते हैं।

मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार ने सऊदी अधिकारियों से बात की है। सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। हज की रस्में सीमित जगह में बहुत अधिक गर्मी में पूरी की जाती हैं। सऊदी सरकार ने बताया है कि निजी ऑपरेटर द्वारा जगह बुक करने में देरी की गई। इसके चलते मीना में उपलब्ध जगह पहले ही बुक हो गए हैं। इसके चलते इस साल किसी भी देश को समय सीमा में कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा।

PREV

Recommended Stories

पीएम मोदी का स्पेशल डिनर: बसों से आए NDA सांसद, हर टेबल पर खास इंतजाम
11 दिसंबर की 10 सबसे खूबसूरत तस्वीरें, देखें मेस्सी के सुनहरे जूतों से लेकर बर्फीली झीलों तक...