
Modi Retirement Rumors: क्या पीएम नरेंद्र मोदी सितंबर में अपने 75वें जन्मदिन के बाद 'रिटायर' हो जाएंगे? वह भाजपा और उसके वैचारिक संरक्षक RSS (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के भीतर एक अघोषित 'नियम' के अनुसार पद छोड़ देंगे। गुरुवार को ऐसी अटकलों को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने खारिज कर दिया।
RSS के 100 साल के होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भागवत (जो प्रधानमंत्री से 6 दिन पहले 75 साल के हो जाएंगे) ने कहा, "मैंने कभी नहीं कहा कि रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को 75 साल की उम्र होने पर रिटायर हो जाना चाहिए।" उन्होंने कहा,
संघ में हम स्वयंसेवक हैं। हमें एक काम दिया गया है। हम चाहें या नहीं। अगर मैं 80 साल का हो जाऊंगा और कोई कहता है जाओ, एक शाखा चलाओ, मुझे जाना होगा। मैं नहीं कह सकता कि 75 साल पूरे कर लिए हैं। अब रिटायरमेंट का आनंद लेना चाहता हूं। हमें जो भी करने को कहा जाता है हम वही करते हैं।
भाजपा ने बार-बार कहा है कि ऐसा कोई नियम नहीं है, जिसके तहत नरेंद्र मोदी को 75 साल की उम्र के बाद इस्तीफा देना पड़े। केंद्र सरकार में बिहार के 80 साल के जीतन राम मांझी मंत्री हैं। प्रधानमंत्री समेत सरकार में शामिल कई लोग 75 साल की सीमा से एक या दो साल के भीतर ही हैं।
विपक्ष ने लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे भाजपा के सीनियर नेताओं का हवाला दिया। 2019 में जब वे 92 और 90 साल के थे तब पार्टी से बाहर कर दिया गया था। उसी साल 76 साल के भगत सिंह कोश्यारी और 85 साल के बीसी खंडूरी सहित अन्य भाजपा नेताओं को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- 'परिवार में हों 3 बच्चे, बहुत ज्यादा आगे नहीं बढ़ना चाहिए', मोहन भागवत ने जनसंख्या नियंत्रण पर कहीं ये बातें
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा था, “वह (नरेंद्र मोदी) अगले साल रिटायर हो जाएंगे। वह अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं।” उस समय अमित शाह ने कहा था कि भाजपा को 75 वर्ष से अधिक उम्र के नेताओं से रिटायरमेंट की जरूरत नहीं है। नरेंद्र मोदी के 'इस्तीफे' पर विपक्ष का व्यंग्य मार्च में फिर से उभर आया था जब उन्होंने 11 वर्षों में या प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय का दौरा किया था।
यह भी पढ़ें- 'हमारे बीच संघर्ष हो सकता है झगड़ा नहीं, मिलकर लेते हैं फैसले', BJP के साथ संबंध पर बोले मोहन भागवत
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.