
नई दिल्ली. देश में कोरोना की दूसरी लहर के चलते संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बढ़ते हुए मामलों को देख राज्य सरकारों ने सख्ती बरतना फिर शुरू कर दिया है। इसी क्रम में हरियाणा में एक बार फिर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, गुजरात के अहमदाबाद में 20 नवंबर की रात 9 बजे से 23 नवंबर की सुबह 6 बजे तक पूर्ण रूप से कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा मप्र के 5 शहरों में भी नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है।
मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते शिवराज सरकार ने इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, रतलाम और विदिशा में रात 10 से 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। यही नहीं प्रदेश के कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि, शिवराज सिंह चौहान ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।
इससे पहले गुरुवार को भोपाल में कोरोना के 425 मामले, जबकि इंदौर में 313 मामले सामने आए हैं। वहीं, बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बैठक बुलाई थी। इसमें नाइट कर्फ्यू पर फैसला किया गया।
शिवराज सिंह ने दिए ये निर्देश
- राज्य में 1 दिसंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
- थिएटर 50% सिटिंग कैपेसिटी के साथ खुलते रहेंगे।
- पूरे राज्य में मास्क पर सख्ती। इसे लागू करने के लिए जिला प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।
- मुख्यमंत्री खुद एक दिन छोड़कर कोरोना के मामलों का रिव्यू करेंगे।
गुजरात: गुजरात के अहमदाबाद में 20 नवंबर की रात 9 बजे से 23 नवंबर की सुबह 6 बजे तक पूर्ण रूप से कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, राजकोट, सूरत और वडोदरा में 21 नवंबर से रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।
हरियाणा: हरियाणा सरकार ने पिछले महीने स्कूलों को खोलने का फैसला किया था। लेकिन राज्य में अब तक करीब 172 बच्चे और लगभग इतने ही अध्यापक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसे देखते हुए 15 दिन के लिए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, अभी कॉलेज बंद नहीं किए गए हैं। कोचिंग इंस्टिट्यूट के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। यह जानकारी हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने दी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.