25 सवाल : टैक्स, कोरोना और किसान से लेकर ऐसे तमाम मुद्दों पर बजट में क्या कहा गया? आसान भाषा में समझें

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का बजट 2021-22 पेश किया। बजट पेश करने के दौरान निर्मला सीतारमण ने टैक्स को लेकर कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि देश के वो बुजुर्ग जो 75 साल से ज्यादा के हैं और पेंशन लेते हैं उन्हें टैक्स रिटर्न में छूट दी गई है। वहीं किफायती घर खरीदने वालों के लिए टैक्स में छूट का समय बढ़ाकर मार्च 2022 तक कर दिया गया है। ऐसे में सवाल-जवाब के जरिए जानते हैं कि बजट में क्या मिला और क्या नहीं?
 

Vikas Kumar | Published : Feb 1, 2021 7:48 AM IST / Updated: Feb 05 2022, 03:20 PM IST

नई दिल्ली. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का बजट 2021-22 पेश कर दिया है। बजट पेश करने के दौरान निर्मला सीतारमण ने टैक्स को लेकर कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि देश के वो बुजुर्ग जो 75 साल से ऊपर के हैं और पेंशन लेते हैं उन्हें टैक्स रिटर्न में छूट दी गई है। वहीं किफायती घर खरीदने वालों के लिए टैक्स में छूट का समय बढ़ाकर मार्च 2022 तक कर दिया गया है। ऐसे में सवाल-जवाब के जरिए जानते हैं कि बजट में क्या मिला और क्या नहीं?

1- सवाल- बजट पेश होने के बाद कितना टैक्स देना होगा? 
जवाब-
उतना ही, जितना और जैसे पहले देते थे। टैक्स देने वालों के लिए बजट में ज्यादा कुछ नहीं है। आयकर टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हां, वे बुजुर्ग जो 75 साल से ऊपर के हैं और पेंशन लेते हैं उन्हें टैक्स नहीं देना पड़ेगा। 

2- सवाल- बजट के बाद क्या-क्या महंगा होगा?
जवाब-
मोबाइल पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी गई है। इसका मतलब है कि विदेशी मोबाइल के दाम बढ़ जाएंगे। यानी मोबाइल महंगा हो जाएगा। लेकिन जो मोबाइल भारत में ही बने होंगे उनके दाम कम होंगे। कुछ ऑटो पार्ट्स पर कस्टम ड्यूटी 15% तक बढ़ा दी गई है, इससे गाड़ियां भी महंगी होंगी।

3- सवाल- कोरोना से निपटने के लिए बजट में क्या कहा गया? 
जवाब-
बजट में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया है। इस साल स्वास्थ्य का बजट 94 हजार करोड़ से बढ़ाकर 2.38 लाख करोड़ किया गया है। वहीं कोरोना वैक्सीन को लेकर 35 हजार करोड़ रुपए देने का ऐलान किया गया है।

4- सवाल- किसानों के लिए बजट में क्या-क्या घोषणा की?
जवाब-
वित्त मंत्री ने जैसे ही किसानों के लिए बजट पढ़ना शुरू किया, विपक्ष हंगामा करने लगा। बजट में एग्रीकल्चर क्रेडिट टारगेट 16.5 लाख कर दिया गया है। वहीं ऑपरेशन ग्रीन स्कीम में जल्द खराब होने वाली 22 फसलों को शामिल किया जाएगा।

5- सवाल- देश के गरीबों को बजट से क्या मिला? 
जवाब- बजट में गरीबों के लिए पहला है वन नेशन वन राशन कार्ड। जो 32 राज्यों में लागू किया जाएगा। 86% लोगों को इसमें कवर किया जाएगा। हालांकि यह कोई नया नहीं है। वहीं उज्ज्वला योजना का फायदा 1 करोड़ और महिलाओं को होगा।

6- सवाल- शिक्षा के लिए सरकार ने क्या-क्या किया?
जवाब-
सबसे पहला तो ये कि सरकार कुछ एनजीओ के साथ मिलकर 100 नए सैनिक स्कूल खोलेगी। लद्दाख में हायर एजुकेशन के लिए लेह में सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोली जाएगी।

7- सवाल- आदिवासी और गरीब बच्चों को क्या मिला?
जवाब-
आदिवासी क्षेत्रों में 750 एकलव्य मॉडल स्कूलों में सुविधाओं का सुधार किया जाएगा। वहीं अनुसूचित जाति के 4 करोड़ बच्चों के लिए 6 साल में 35219 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं आदिवासी बच्चों के लिए पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप भी लाई जाएगी।

8- सवाल- रेलवे को बजट में क्या-क्या मिला?
जवाब- रेलवे को 1.10 लाख करोड़ रुपए दिए गए। 1.07 लाख करोड़ रुपए सिर्फ कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए है। रेलवे के लिए फ्यूचर रेडी रेलवे सिस्टम बनाने के लिए नेशनल रेल प्लान 2030 बनाया गया है।

9- सवाल- बजट के बाद पेट्रोल-डीजल पर क्या फर्क पड़ेगा?
जवाब-
सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर कृषि सेस लगाया है। डीजल पर चार रुपए और पेट्रोल पर ढाई रुपए का सेस लगाया गया है। लेकिन इसका असर आम लोगों पर नहीं पड़ेगा, बल्कि इसका खर्च सरकार उठाएगी।

10- सवाल- जिन राज्यों में चुनाव है वहां के राज्यों को क्या मिला?
जवाब-
असम, बंगाल, तमिलनाडु और केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं। तमिलनाडु को 1.03 लाख करोड़ रुपए के निवेश से 3,500 किमी के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया जाएगा। 65,000 करोड़ रुपए के निवेश से केरल में 1,100 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य किया जाएगा। 25,000 करोड़ रुपए की लागत से पश्चिम बंगाल में 675 किमी राजमार्ग का निर्माण किया जाएगा। कोलकाता-सिलीगुड़ी रोड का अपग्रेडेशन होगा। 34 हजार करोड़ रुपए असम में नेशनल हाईवेज पर खर्च होंगे।

11- सवाल- बजट में व्हीकल स्क्रैपिंग का जिक्र था, इसका क्या मतलब है?
जवाब-
इसका मतलब है कि अब पुरानी गाड़ियां रोड पर नहीं चलेंगी। बजट में वॉलंटरी व्हीकल स्क्रैपिक पॉलिसी का जिक्र किया गया, जिससे रोड से पुरानी गाड़ियां हटाई जाएंगी। 20 साल पुरानी पर्सनल व्हीकल और 15 साल पुरानी कमर्शियल व्हीकल स्क्रैप किए जाएंगे।

12- सवाल- एमएसएमई सेक्टर को बजट में क्या मिला?
जवाब-
एमएसएमई सेक्टर के लिए बजट को और ज्यादा बढ़ा दिया गया है। 

13- सवाल- बिजली क्षेत्र के लिए वित्त मंत्री ने क्या दिया?
जवाब-
इसमें बिजली से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने की बात कही गई है। सरकार ने हाईड्रोजन प्लांट बनाने का ऐलान किया है। पीपीपी मॉडल के तहत कई प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा।

14- सवाल- मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर बजट के बाद क्या असर दिखेगा?
जवाब-
मेट्रो और सिटी बसों के लिए 18 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, नागपुर, नासिक में मेट्रो प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने का ऐलान किया गया।

15- सवाल- वित्त मंत्री ने बजट में पांच मिनी बजट की बात की। आखिर इसका क्या मतलब था?
जवाब-
यह एक सिम्बॉलिक शब्द था। सरकार ने कहा कि सबसे संवेदनशील वर्गों को सहारा देने के लिए पीएमजीकेवाई, तीन आत्मनिर्भर पैकेज और बाद में की गईं घोषणाएं अपने आप में पांच मिनी बजट के समान थीं। 

16- सवाल- बजट में नौकरी यानी रोजगार को लेकर कुछ बात हुई क्या?
जवाब-
हां बात हुई। वित्त मंत्री ने कहा, यूरोप और जापान से और अधिक जहाजों को भारत लाने के प्रयास किए जाएंगे। रिसाइंकिलिंग कैपेसिटी जो लगभग 4.5 मिलियन लाइट डिस्प्लेसमेंट टन है उसे 2024 तक दो गुना किया जाएगा। इससे हमारे युवाओं के लिए 1.5 लाख अधिक नौकरियां पैदा होने का अनुमान है।

17- सवाल- वित्त मंत्री ने बजट के 6 स्तंभों का जिक्र किया, आखिर ये क्या है? 
जवाब-
वित्त मंत्री ने कहा, 2021-22 का बजट 6 स्तंभों पर टिका है। पहला स्तंभ है स्वास्थ्य और कल्याण, दूसरा-भौतिक और वित्तीय पूंजी और अवसंरचना,तीसरा-अकांक्षी भारत के लिए समावेशी विकास, मानव पूंजी में नवजीवन का संचार करना,पांचवा-नवाचार और अनुसंधान और विकास, छठा स्तंभ-न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन।

18- सवाल- घाटे में चल रही कंपनियों के लिए सरकार का क्या प्लान है?
जवाब- सीपीएस यानी सेंट्रल पब्लिक सेक्टर इंटरप्राइजेज यानी, जिन कंपनियों पर सेंट्रल कंट्रोल का डायरेक्ट कंट्रोल है उन कंपनियों को लेकर कहा गया कि बीमार पड़ी या घाटे में चलने वाले सीपीएसई को समय से बंद करने के लिए हम एक ऐसे संशोधित तंत्र को लागू करने वाले हैं, जिससे इन इकाइयों को समय से बंद किया जा सकेगा।

19- सवाल- बजट में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग पर क्या कहा गया?
जवाब-
कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) पोर्टल के सुधार और स्टार्टअप के लिए डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग का उपयोग करने का प्रस्ताव दिया है। मंत्रालय MCA-21 में एआई-आधारित सुविधाओं की शुरुआत करेगा। 

20- सवाल- बैंकों को लेकर बजट में क्या कहा गया?
जवाब-
बजट में बैंक पर ज्यादा कुछ नहीं गया। हां, आईडीबीआई को लेकर कहा कि IDBP के अलावा दो सार्वजनिक क्षेत्रीय बैंकों और एक सामान्य बीमा कंपनी का भी निजीकरण किया जाएगा। 

21- सवाल- वायु प्रदूषण से निपटने के लिए क्या है?
जवाब-
बजट में 1 मिलियन से अधिक जनसंख्या वाले 42 शहरी केंद्रों के लिए 2217 करोड़ रुपए दिए गए हैं। 

22- सवाल- पानी की सुविधा के लिए सरकार क्या करेगी?
जवाब-
जल जीवन मिशन (शहरी) लांच किया जाएगा। 4378 शहरी स्थानीय निकायों में 2.86 करोड़ घरेलू नल कनेक्शन की व्यवस्था। 287000 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

23- सवाल- बजट में स्पेस के लिए क्या मिला?
जवाब-
पीएसएलबी सीएस 51 को लांच किया जाएगा। जो अपने साथ ब्राजील का एमाजोनिया उपग्रह ले जाएगा। 

24- सवाल- गगनयान मिशन को लेकर वित्त मंत्री ने क्या कहा?
जवाब-
बजट में कहा कि गगनयान मिशन के क्रियाकलाप के अलावा भारत के चार अंतरिक्ष यात्रियों को रूस के जैनेरिक स्पेस फ्लाइट पहलुओं की ट्रेनिंग दी जा रही है। मानव रहित पहला लांच दिसंबर 2021 में होने वाला है।

25- सवाल- कस्टम ड्यूटी बढ़ने से क्या-क्या महंगा होगा?
जवाब-
मोबाइल और चार्जर जैसी वस्तुएं महंगी हो जाएंगी। लेकिन लोहा और स्टील के सामान सस्ते हो जाएंगे। तांबा भी सस्ता हो जाएगा। कपड़े सस्ते हो सकते हैं। ऑटो पार्ट्स महंगे हो जाएंगे।

Share this article
click me!

Latest Videos

PM Modi Russia Visit : भारत का ट्रस्टेड साथी है रूस, मोदी के दौरे से पश्चिमी देशों में जलन
NMC ने 113 नए मेडिकल कॉलेजों को खोलने की दी मंजूरी, यूपी की खुल गई किस्मत, देखें पूरी लिस्ट
UP के पीलीभीत में बारिश-बाढ़ की 5 तस्वीरः बह गया रेलवे ट्रैक, सड़क-गेट पर दिखे मगरमच्छ
Nepal Rain: नेपाल में चारों तरफ पानी–पानी! अब तक 62 लोगों की गई जान| मॉनसून| Heavy Rainfall
Kathua Terrorist Attack: फिर हुआ आतंकी हमला, सेना की गाड़ियों को बनाया निशाना, कितने जवान शहीद?