राज्यों का हालः राजस्थान के दो जिलों में कर्फ्यू, झारखंड में मंत्री का बेटा भी मरकज में हुआ था शामिल

Published : Apr 02, 2020, 10:00 AM ISTUpdated : Apr 02, 2020, 04:38 PM IST
राज्यों का हालः राजस्थान के दो जिलों में कर्फ्यू, झारखंड में मंत्री का बेटा भी मरकज में हुआ था शामिल

सार

देश के 29 राज्यों में कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2000 के पार पहुंच गया है। वहीं, मरने वालों की संख्या भी 58 हो गई है। पीएम मोदी द्वारा लागू किए गए 21 दिनों के लॉकडाउन का आज 9 वां दिन हैं। 

नई दिल्ली. देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश के 29 राज्यों में कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2000 के पार पहुंच गया है। वहीं, मरने वालों की संख्या भी 60 हो गई है। इन सब के बीच दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से निकले जमातियों की वजह से कोरोना का संकट और गहरा गया है। वहीं, राज्यों में कोरोना का आंकड़ा पल-पल बढ़ता जा रहा है। 

पीएम मोदी द्वारा लागू किए गए 21 दिनों के लॉकडाउन का आज 9 वां दिन हैं। अधिकांश जगहों पर लॉकडाउन को कड़ाई से लागू किया जा रहा है। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे है और कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चैन को तोड़ा जा सके। उधर, तबलीगी मरकज में शामिल होकर लौटे हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में शामिल हाजी हुसैन के बेटे का भी नाम शामिल है। मंत्री परिवार को एतिहात के तौर पर परिवार समेत होम क्वारैंटाइन किया गया है। 

चूरू: सरदारशहर में कर्फ्यू लगाया गया

चूरू के सरदारशहर और राजलदेसर में क्वारैंटाइन किए गए 17 लोगों में सात लोगों की कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना के बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया। चूरू में एक साथ 7 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चूरू के सरदारशहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। चूरू में इसलिए कर्फ्यू लगाया गया, क्योंकि सरदारशहर क्वारैंटाइन किए 9 लोग चूरू में 13 दिन रूके थे। सात पॉजिटिव में से 3 सरदारशहर और 4 राजलदेसर में क्वारैंटाइन केंद्र में हैं।

टोंक: पूरे इलाके को सील किया गया

मरकज में शामिल चार जमातियों के सैंपल काेरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद टोंक शहर में बुधवार को दहशत फैल गई। प्रशासन ने कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के क्षेत्र को सील कर दिया है। संक्रमित व्यक्ति जिन लोगों के संपर्क में आए, उन्हें क्वारैंटाइन किया। क्षेत्र में दवा का छिड़काव कर उन घरों को सैनिटाइज किया जाएगा, जहां संक्रमित व्यक्ति ठहरे थे।

स्वास्थ्य कर्मियों पर पथराव 

कोरोना वायरस महामारी से अपनी जान की परवाह किए बगैर जनसेवा में लगे अफसरों और कर्मचारियों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश में इंदौर के टाटपट्‌टी बाखल इलाके में बुधवार को संक्रमण संदिग्धों की स्क्रीनिंग करने पहुंचे कुछ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर, उत्तरप्रदेश में मुजफ्फरनगर के मोरना में लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, इसमें एक सब इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल जख्मी हो गए हैं। 

राज्यों का हाल 

महाराष्ट्र- कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है। यहां कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या  335 हो गई है। बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी मे मिले संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन ने 56 साल के इस मरीज को सायन अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक उसे बुखार, खांसी, सांस लेने में समस्या थी और किडनी फेल होने जैसी स्थिति थी। मृतक के परिवार के सात सदस्यों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।

कोरोना की चपेट में अब सीआईएसएफ के पांच जवान भी आ गए हैं। ये सभी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात थे। इससे पहले मुंबई के सीएसटी रेलवे पुलिस स्टेशन का एक कॉन्स्टेबल भी कोरोना से संक्रमित मिला था। रेलवे पुलिस के इस कॉन्स्टेबल को 30 मार्च को कल्याण के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

मध्यप्रदेश- प्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75, जबकि राज्य में 98 पहुंच गई है। प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इंदौर शहर को हॉट स्पॉट शहरों में शामिल किया गया है। प्रदेश में इंदौर में कोरोना से संक्रमित सबसे अधिक 63 मरीज हैं। जबकि जबलपुर में 8, उज्जैन में 5 और राजधानी भोपाल में 3 पॉजिटिव हैं। 

राजस्थान- राज्य में बुधवार को 17 मामले सामने आए, मंगलवार को 14 नए केस मिले थे। जयपुर, झुंझुनूं, डूंगरपुर, अजमेर में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए लोगों में से 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 120 है। राजधानी जयपुर में सबसे अधिक 35 मरीज हैं। जबकि भीलवाड़ा में मरीजों की संख्या 22 है। 

उत्तरप्रदेश- प्रदेश में बुधवार को गोरखपुर में 25 साल के शख्स  और मेरठ में एक व्यक्ति ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया है। यूपी में संक्रमित मरीजों की संख्या 117 तक पहुंच गई है। प्रदेश सरकार कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने दिल्ली की तबलीगी जमात में शामिल हुए 569 लोगों की पहचान कर ली है। पुलिस उनके खिलाफ और छिपाने में मदद करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी में हैं। वहीं, सरकार ने कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी को लापरवाही बरतने पर हटाया था। जिसके बाद बुधवार को सीएमएचओ को भी हटा दिया गया है। सबसे ज्यादा 34 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। 

दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में क्राइम ब्रांच और सरकार ने संयुक्त अभियान चलाकर 275 विदेशी नागरिकों की पहचान की है। इन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है। ये सभी निजामुद्दीन की तबलीगी जमात में शामिल हुए थे। इनमें 172 इंडोनेशिया के, 36 किर्गिजिस्तान के और 21 बांग्लादेश के हैं। बुधवार को कैंसर इंस्टीट्यूट की महिला डॉक्टर समेत 3 संक्रमित मिले थे। डॉक्टर अपने भाई के घर गई थी, जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटा था। केजरीवाल सरकार ने महामारी के दौरान ड्यूटी में लगे सरकारी और निजी कर्मचारियों की मौत होने पर परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 152 तक पहुंच गई है। जबकि दो लोगों की मौत हो चुकी है। 

कर्नाटक- बेंगलुरु और मैसूर देश के 25 हॉटस्पॉट में शामिल हैं। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने 1 साल की अपनी सैलरी सीएम रिलीफ फंड में दान करने का फैसला लिया है। उन्होंने अन्य लोगों से महामारी से लड़ाई के लिए सहयोग की अपील की है। राज्य में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 5 हजार 106 वाहनों सीज किए गए। प्रदेश के 13 जिले कोरोना से प्रभावित हैं। यहां सबसे अधिक बेंगलुरु में 47 मरीज हैं। जबकि मैसूर में 19 पॉजिटिव केस मिले हैं। कर्नाटक में कोरोना संक्रमित 3 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 110 हो गई है। 
 

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

कौन हैं NIA के नये मुखिया राकेश अग्रवाल? जानिए इनका पूरा ट्रैक रिकॉर्ड
Odisha Crime: खेलती बच्ची को बहलाकर ले गया दादा, फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया