
नई दिल्ली। बिग बॉस विजेता एल्विश यादव (Elvish Yadav) सांप का जहर बेचते हैं। जहर का इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता था। नोएडा पुलिस ने सेक्टर 51 में एक रेव पार्टी के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि वे एल्विश यादव को सांप और उसका जहर सप्लाई करते थे। इसे रेव पार्टी में आए लोगों को बेचा जाता था।
पुलिस ने 9 सांप बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान सांप का जहर बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ किए जाने पर एल्विश यादव का नाम आया। आरोपियों ने बताया कि वे एल्विश यादव की पार्टियों में सांप सप्लाई करते थे। ड्रग्स विभाग, वन विभाग और नोएडा पुलिस की छापेमारी के बाद रेव पार्टी का भंडाफोड़ हुआ।
पांच कोबरा सांप बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरामद किए गए सांपों में से पांच कोबरा, दो रेड सैंड बोआ, एक रेड स्नेक और एक अजगर है। पुलिस को एक प्लास्टिक बॉटल मिला है। बॉटल में 20-25ml सांप का जहर था। पुलिस ने यह कार्रवाई एक एनजीओ की मदद से की है। एनजीओ ने पहले पता लगाया कि एल्विश यादव रेव पार्टी के लिए जहर सप्लाई करते हैं। इसके बाद एनजीओ ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने एनसीओ से मिली सूचना पर काम किया और छापेमारी की।
रेव पार्टी में सांप के साथ होता था डांस
पुलिस ने कोबरा सांप बरामद किया है। इसे दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसके साथ ही अजगर और रेड सैंड बोआ जैसे बिना जहरीले सांप भी बरामद किए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिना जहर वाले सांपों का इस्तेमाल रेव पार्टी में डांस के दौरान किया जाता था।
यह भी पढ़ें- Shocking: सोफे पर बैठकर गप्पे लड़ा रहा था परिवार, सीट के अंदर से निकला 5 फीट लंबा कोबरा
एनजीओ ने ऐसे किया रेव पार्टी में जहर के इस्तेमाल का खुलासा
एनजीओ पीपल फॉर एनिमल के लिए काम करने वाले गौरव गुप्ता को सूचना मिली कि एल्विश यादव रेव पार्टी का आयोजन करते हैं। पार्टी में विदेशी लड़कियां बुलाई जाती हैं और सांप के जहर व अन्य नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। एनजीओ के एक व्यक्ति ने एल्विश से संपर्क किया और कहा कि रेव पार्टी करनी है। इसके लिए कोबरा का जहर चाहिए। एल्विश ने उसे अपने एजेंट राहुल का नंबर दिया और नाम लेकर संपर्क करने के लिए कहा। बताए गए तरीके से संपर्क करने पर राहुल और चार अन्य लोग 9 सांप व सांप का जहर लेकर पहुंच गए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
एल्विश यादव ने कहा- फर्जी हैं मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप
एल्विश यादव ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप फर्जी हैं। उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, "मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप फर्जी हैं, इनमें एक प्रतिशत भी सच्चाई नहीं है। दोषी साबित होने पर मैं जवाबदेही लूंगा।" एल्विश ने अपील की कि उनकी प्रतिष्ठा को बर्बाद नहीं किया जाए।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.