गणतंत्र दिवस पर गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा को मिलेगा परम विशिष्ट सेवा मेडल, 384 लोगों को मिलेगा वीरता पुरस्कार

Republic day 2022 :  मंगलवार को 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा नीरज चोपड़ा और अन्य लोगों के लिए वीरता पुरस्कार की घोषणा की गई। नीरज चोपड़ा के अलावा सेना के कुल 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार का ऐलान किया गया है।

Asianet News Hindi | Published : Jan 25, 2022 1:06 PM IST / Updated: Jan 26 2022, 09:10 AM IST

नई दिल्ली। 73वें गणतंत्र दिवस (Republic day) के मौके पर 384 लोगों को वीरता पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इस मौके पर टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा (Neeraj chopra) को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। नीरज चोपड़ा सेना की 4 राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट में सूबेदार हैं। 

आतंकियों के छक्के छुड़ाने वाले छह जवानों को शौर्य चक्र



गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जिन 384 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की गई उनमें शौर्य चक्र, सेना पदक वीरता, वायु सेना पदक वीरता शामिल हैं। सेना के 6 जवानों को तीसरे सबसे बड़े सम्मान शौर्य चक्र से नवाजा गया है। पांच जवानों को यह सम्मान मरणोपरांत मिला है। 
17 मद्रास के नायब सूबेदार श्रीजीत एम को जुलाई 2021 में जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान के दौरान एक ऑपरेशन में एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। 

राजपूत रेजिमेंट के हवलदार अनिल कुमार तोमर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। अनिल कुमार दिसंबर 2020 में जम्मू कश्मीर में एक कॉम्बैट एक्शन टीम का नेतृत्व करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया था। इनके अलावा जाट रेजिमेंट के हवलदार पिंकू कुमार को एक ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया है। अपनी जान गंवाने से पहले उन्होंने आतंकवादियों का रास्ता रोका था और एक आतंकवादी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 

कोर ऑफ इंजीनियर्स के हवलदार काशीराय बम्मनल्ली को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में एक बाग के आसपास एक ऑपरेशन में एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया है। हवलदार काशीराय ने ऑपरेशन के दौरान अपनी टीम के सदस्यों की जान भी बचाई थी।

12 शौर्य चक्र, 53 अति विशिष्ट मेडल दिए जाएंगे
मंगलवार को 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा नीरज चोपड़ा और अन्य लोगों के लिए वीरता पुरस्कार की घोषणा की गई। नीरज चोपड़ा के अलावा सेना के कुल 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार का ऐलान किया गया है। इसमें 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं।

51 लोगों को मिलेगा जीवन रक्षा पदक 
गणतंत्र दिवस के मौके पर 2021 के लिए जीवन रक्षा पदक भी दिए जाने हैं। इस मौके पर जीवन रक्षा पदक से 51 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 6 लोगों को सर्वोत्तम रक्षा पदक, 16 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 29 को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। 5 लोगों को मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया जा रहा है। यह पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जो अपने प्राणों की बाजी लगाकर दूसरों की जान बचाते हैं।

यह भी पढ़ें
Republic Day 2022: गणतंत्र दिवस पर Daler Mehndi देंगे इंडिया के फर्स्ट वर्चुअल लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्मेंस
PMRBP विजेताओं से रूबरू हुए PM मोदी, 'वोकल फॉर लोकल' की अपील-'भविष्य में भारत में बने प्रॉडक्ट्स ही खरीदें'

Share this article
click me!