
Gas leakage in Pepsi Plant:पश्चिम बंगाल में एक बीवरेज कंपनी के प्लांट में गैस लीकेज की बड़ी घटना सामने आई है। राज्य के 24 परगना जिला में पेप्सी कंपनी के प्लांट में अमोनिया गैस लीक कर गया है। गैस लीकेज की वजह से प्लांट में काम करने वाले कई कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई है। खतरनाक अमोनिया गैस के रिसाव से हड़कंप मचा हुआ है। प्लांट में अफरा-तफरी है। पेप्सी के अधिकारियों की सूचना के बाद मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची हुई हैं।
24 परगना के नरेंद्रपुर में अफरातफरी...
पेप्सी कंपनी का प्लांट 24 परगना जिला के नरेंद्रपुर में है। किन्हीं वजहों से सोमवार की देर शाम को प्लांट में अमोनिया गैस लीक करने लगा। इस लीकेज की सूचना प्लांट में फैलते ही हर ओर अफरातफरी मच गई। अमोनिया के फैलने से लोगों के सांस लेने में दिक्कत होने लगी साथ ही तमाम तरह की परेशानियां होते देख लोग प्लांट छोड़कर भागने लगे। अधिकारियों ने तत्काल फायर सर्विस व जिला प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। अस्पतालों को अलर्ट मोड में डालने के साथ प्लांट पर कई एंबुलेंस तैनात कर दिए गए। कई कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि दो कर्मचारियों की हालत गंभीर है।
बचाने गए दो दमकल कर्मियों की हालत भी बिगड़ी
पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सीनियर अफसर ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक बनाने वाली एक कंपनी में गैस लीकेज की वजह से कई कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई है। कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रमिकों को बचाने के लिए वहां गए दो दमकलकर्मी भी बीमार पड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि प्लांट को खाली कराने के साथ ही आसपास के इलाके को खाली करा दिया गया है। अमोनिया गैस के लीक से बचाने के लिए डॉक्टर्स की भी टीम लगाई गई है। अमोनिया गैस लीकेज की वजह से कई कर्मचारियों को नाक, कान व गले में जलन की शिकायत है। कईयों की स्थिति बिगडने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.