BJP का 41वां स्थापना दिवस आज: PM मोदी बोले- कार्यकर्ता राष्ट्र को पार्टी से हमेशा बड़ा मानते हैं

आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना 41वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, भाजपा हमेशा इस मंत्र पर काम करती है कि पार्टी व्यक्तिगत से बड़ी है और राष्ट्र पार्टी से बड़ा है। यह परंपरा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के वक्त से आज तक चली आ रही है। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 6, 2021 5:20 AM IST / Updated: Apr 06 2021, 11:00 AM IST

नई दिल्ली. आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना 41वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, भाजपा हमेशा इस मंत्र पर काम करती है कि पार्टी व्यक्तिगत से बड़ी है और राष्ट्र पार्टी से बड़ा है। यह परंपरा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के वक्त से आज तक चली आ रही है। 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आप सभी को भाजपा स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। पार्टी के गौरवशाली यात्रा के आज 41 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये 41 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि सेवा और समर्पण के साथ कोई पार्टी कैसे काम करती है।

पीएम ने कहा, भारतीय जनता पार्टी को आकार और विस्तार देने वाले हमारे आदरणीय लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी जैसे अनेकों वरिष्ठों का आशीर्वाद हमें हमेशा मिलता रहा है।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

- 'देश का शायद ही कोई राज्य या जिला होगा, जहां पार्टी के लिए 2-3 पीढ़ियां न खप गई हों। मैं इस अवसर पर जनसंघ से लेकर भाजपा तक राष्ट्र सेवा के इस यज्ञ में अपना योगदान देने वाले हर व्यक्ति को आदर पूर्वक नमन करता हूं।'

- 'डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, अटल बिहारी वाजपेयी जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी, राजमाता सिंधिया जी, ऐसे अनगिनत महान व्यक्तित्वों को बीजेपी के प्रत्येक कार्यकर्ता की तरफ से मैं श्रद्धांजलि देता हू, श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।'

- 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की शक्ति है कि हम वो स्वप्न पूरा कर पाएं। अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर को संवैधानिक अधिकार दे पाएं।'

- 'पिछले साल कोरोना ने पूरे देश के सामने एक अभूतपूर्व संकट खड़ा कर दिया था। तब आप सब, अपना सुख-दुःख भूलकर देशवासियों की सेवा में लगे रहे। आपने 'सेवा ही संगठन' का संकल्प लिया, उसके लिए काम किया।'

- 'गांधी जी कहते थे कि निर्णय और योजनाएं वो हों जो समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाए। गांधी जी की उस मूल भावना को चरितार्थ करने के लिए हमने अथक प्रयास किया है।'

- 'आज भाजपा से गांव-गरीब का जुड़ाव इसलिए बढ़ रहा है क्योंकि आज वो पहली बार अंत्योदय को साकार होते देख रहा है। आज 21वीं सदी में जन्म देने वाला युवा, भाजपा के साथ है, भाजपा की नीतियों, भाजपा के प्रयासों के साथ है।'

जेपी नड्डा-शाह ने दी बधाई
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी। अमित शाह ने ट्वीट किया, सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। अपने खून पसीने से सींचकर भाजपा को विशाल वटवृक्ष बनाने वाले सभी महापुरुषों को नमन करता हूं। राष्ट्रवादी विचारधारा, अंत्योदय के सिद्धांत व मोदी जी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भाजपा निरंतर प्रयासरत है। 

भाजपा में सदस्यों के लिए पार्टी ही परिवार- नड्डा
वहीं, नड्डा ने कहा, भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर मैं संगठन के उन सभी महापुरुषों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वस्व अर्पण कर पार्टी को इस वैभव तक पहुंचाया है। भाजपा एक ऐसा संगठन है जिसके सदस्यों के लिए पार्टी ही परिवार है। उन्होंने कहा, करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और निरंतर मेहनत के कारण ही संगठन के विकास और राजनीतिक वैभव की यात्रा संभव हुई है। 

1980 में भाजपा की हुई स्थापना
श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। 1977 में कई दलों के साथ से यह जनता पार्टी बनी। 1980 में  जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद ने सभी सदस्यों को पार्टी और संघ की सदस्यता लेने के लिए कहा। इसके चलते जनसंघ के सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। इसके बाद 6 अप्रैल, 1980 को एक नई राजनीतिक पार्टी भाजपा बनाई गई। 
 

Share this article
click me!