
खारघर (महाराष्ट्र). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को खुद को और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को महाराष्ट्र के लिए विकास का ‘‘दोहरा इंजन’’ के रूप में बताया और लोगों से इस राज्य में भाजपा को दूसरे कार्यकाल के लिए एक और मौका दिये जाने की अपील की। मोदी ने मुंबई के बाहरी इलाके में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तटीय कोंकण क्षेत्र नवी मुंबई हवाई अड्डे, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक और मेट्रो रेल समेत तेजी से चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ एक ‘‘नये महाराष्ट्र’’ की अर्थव्यवस्था के लिए मुख्य स्तंभ के रूप में उभर रहा है।
सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करें- पीएम
फडणवीस के नेतृत्व का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में वह एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। उन्होंने कहा, ‘‘देवेन्द्र और नरेन्द्र दोनों महाराष्ट्र के विकास के लिए दोहरा इंजन है।’’ मोदी ने लोगों से एक बार प्रयोग में लाए जाने वाले प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की। उन्होंने इस तरह के प्लास्टिक के इस्तेमाल को समुद्री पारिस्थितिकी के लिए एक खतरा बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोंकण क्षेत्र के सभी हिस्सें, पनवेल, कल्याण-डोंबिवली, बेलापुर-ऐरोली और ठाणे शहर आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने रायगढ़ जिले में खारघर-पनवेल क्षेत्र को एक ‘‘मिनी इंडिया’’ का प्रतिनिधित्व करने वाला एक महानगरीय क्षेत्र बताया।
अपने भाषण के दौरान अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश के विकास में महाराष्ट्र का बड़ा योगदान है। अब नया भारत बनाने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। जैसे आपने दिल्ली में दूसरे कार्यकाल के लिए नरेन्द्र को चुना, उसी तरह राज्य में दूसरे कार्यकाल के देवेन्द्र को चुनें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विकास के दृष्टिकोण से नरेन्द्र-देवेन्द्र का सूत्र ‘सुपर-हिट’ है। यह विकास का दोहरा इंजन है।’’
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.