PM Modi Speech on Operation Sindoor: संसद में पीएम मोदी के स्पीच की 15 बड़ी बातें

Published : Jul 29, 2025, 10:16 PM IST
PM Modi in Lok Sabha

सार

PM Modi Speech on Operation Sindoor: संसद के मानसून सत्र में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान आतंकवाद, पाकिस्तान, कांग्रेस की नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर अपनी बात रखी। उनके भाषण के 15 प्रमुख प्वाइंट्स।

PM Modi Speech on Operation Sindoor: संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा दो दिनों से चल रही है। मंगलवार को लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने स्पीच दिया। ऑपरेशन सिंदूर को सैन्यशक्ति के शौर्य और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए उन्होंने सेना के पराक्रम का परिणाम बताया। पीएम मोदी ने ट्रंप का नाम सीधे तौर पर लेने की बजाय यह कहा कि पाकिस्तान के साथ सीजफायर में किसी भी विश्व नेता ने मध्यस्थता नहीं की। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बहाने कांग्रेस और देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को भी जमकर कोसा। आइए जानते हैं उनके स्पीच की 15 बड़ी बातें...

यह सत्र भारत के गौरवगान का सत्र

पीएम मोदी ने संसद में कहा कि यह सत्र भारत के शौर्य और सामर्थ्य का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर भारत की सेना के पराक्रम और आतंकियों पर सटीक कार्रवाई का परिणाम है। पीएम ने इसे ‘विजयोत्सव’ करार दिया और कहा कि यह आतंकी अड्डों को मिट्टी में मिलाने का उत्सव है। उन्होंने इसे ‘सिंदूर की सौगंध’ से जोड़ा जो पूरा किया गया। यह भारत की सुरक्षा नीति में आत्मनिर्भरता की नई दिशा दर्शाता है।

पहलगाम हमले के पीछे दंगे फैलाने की साजिश थी

मोदी ने कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछ-पूछ कर लोगों की हत्या की। यह भारत में दंगा फैलाने की सोची-समझी साजिश थी। लेकिन देशवासियों की एकता और सजगता ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। उन्होंने जनता को इसके लिए धन्यवाद दिया। यह भारत की सामाजिक एकजुटता की बड़ी जीत थी।

हमारा संकल्प था – आतंक को मिट्टी में मिला देंगे

प्रधानमंत्री ने बताया कि 22 अप्रैल को विदेश यात्रा से लौटते ही उन्होंने आपात बैठक बुलाई और सेना को पूरी छूट दी। आतंक के आकाओं को कल्पना से भी बड़ी सजा देने का आदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि अब यह राष्ट्रीय संकल्प है कि आतंक का करारा जवाब दिया जाएगा। कुछ बातें गोपनीय रहीं, कुछ मीडिया में आईं। लेकिन कार्रवाई ने आतंक के आकाओं की नींद उड़ा दी।

अब न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी

प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने वर्षों से न्यूक्लियर धमकी दी लेकिन अब भारत डरता नहीं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई आतंकवादी ठिकानों को खत्म किया। बहावलपुर और मुरीदके जैसे ठिकानों को भी जमींदोज कर दिया गया। पाकिस्तान के कई एयरबेस आज ICU में हैं। यह संदेश साफ है: अब भारत झुकता नहीं।

अब मास्टरमाइंड को भी नींद नहीं आती

पीएम मोदी बोले कि पहले हमले के बाद आतंकी मास्टरमाइंड चैन से रहते थे। लेकिन अब उन्हें डर रहता है कि भारत आकर हमला करेगा। यह भारत का 'न्यू नॉर्मल' है। ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि भारत अब हर हमले की कीमत वसूल करेगा। उन्होंने कहा कि सिंदूर से सिंधु तक हमने करारा प्रहार किया।

दुनिया ने भारत का साथ दिया, कांग्रेस ने नहीं

पीएम ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश ने भारत को कार्रवाई से नहीं रोका। सिर्फ तीन देशों ने पाकिस्तान का पक्ष लिया। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत की कांग्रेस पार्टी ने सेना का साथ नहीं दिया। विपक्ष की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हेडलाइंस मिल सकती हैं, देशवासियों के दिल नहीं।

हमने आतंक के एपिसेंटर पर हमला किया

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने आतंकियों के ट्रेनिंग सेंटर, कमांड हब और लॉजिस्टिक्स प्वाइंट को टारगेट किया। पीएम ने कहा कि सेना ने 100% लक्ष्य साधे। हमला सिर्फ बदले का नहीं, भविष्य का रास्ता तय करने का भी था। ऑपरेशन का उद्देश्य आतंकवाद के मूल स्रोत को खत्म करना था। 6 मई को ऑपरेशन और 7 मई को स्पष्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस इसका प्रमाण हैं।

कांग्रेस पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है

मोदी ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर हो रही है। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर झूठ फैला रही है। कांग्रेस ने पहले सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए और बाद में आंकड़े गिनाने लगे। अभिनंदन की वापसी पर कांग्रेस का मंसूबा उजागर हुआ। यही हाल पहलगाम हमले में भी देखने को मिला।

सेना पर नहीं, पाकिस्तान पर भरोसा है कांग्रेस को

मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसे गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री की बातों पर भरोसा नहीं, लेकिन पाकिस्तान की बातों पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया वर्षों से ऐसा ही रहा है। पाकिस्तान के लोगों और कांग्रेस नेताओं के बयानों में फर्क नहीं दिखता।

सेना के लिए कांग्रेस का रवैया हमेशा नकारात्मक रहा

पीएम ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने कभी कारगिल विजय दिवस नहीं मनाया। डोकलाम विवाद के दौरान कांग्रेस नेता पाकिस्तान से ब्रीफिंग लेते थे। कांग्रेस हमेशा सेना के पराक्रम को कमजोर करती रही। ये व्यवहार देशहित में नहीं है। ये सैनिकों के मनोबल को गिराने वाला है।

कांग्रेस ने कभी आत्मनिर्भरता का सपना भी नहीं देखा

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी सेना को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम नहीं किया। छोटे हथियारों तक के लिए भारत को विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था। कांग्रेस के समय जीप, बोफोर्स, सब घोटालों से भरे पड़े थे। उन्होंने रिसर्च और डिफेंस प्रोडक्शन के रास्ते बंद कर दिए। ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाई सोचना भी मुश्किल था।

कांग्रेस ने पाकिस्तान को मोस्ट फेवर्ड नेशन बनाया

मोदी ने कहा कि जब पाकिस्तान आतंक फैला रहा था, तब कांग्रेस उसे ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ का दर्जा दे रही थी। वहां से आतंकी आते थे और यहां मुशायरे होते थे। मोदी सरकार ने यह दर्जा रद्द किया, वीजा बंद किया और अटारी-वाघा बार्डर तक बंद कर दिया। इससे पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा। यह भारत की बदली हुई नीति का हिस्सा है।

पीओके क्यों नहीं लिया का जवाब मांग रहे

मोदी ने कहा कि जो आज पूछ रहे हैं कि POK क्यों नहीं लिया गया, उन्हें पहले बताना चाहिए कि उसे पाकिस्तान को कब्जाने क्यों दिया। ये सब कांग्रेस की ऐतिहासिक विफलताओं का परिणाम है। जब भी नेहरू जी की चर्चा होती है, कांग्रेस का इकोसिस्टम बौखला जाता है। उन्होंने कहा कि गलतियां आपकी, और जवाब हमसे?

नेहरू ने सिंधु जल समझौते में भारत के साथ धोखा किया

प्रधानमंत्री ने सिंधु जल समझौते को ‘ऐतिहासिक भूल’ बताया। उन्होंने कहा कि भारत से निकलने वाली नदियों का 80% पानी पाकिस्तान को दे दिया गया। यह भारत की कृषि और जल सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था। इस समझौते से देश दशकों पीछे चला गया। कांग्रेस ने इस गलती को कभी सुधारा तक नहीं।

नेहरू दूरदर्शी नहीं थे, तात्कालिक सोचते थे

मोदी ने कहा कि नेहरू जी का सोच बहुत सीमित और तात्कालिक था। सिंधु जल समझौते से उन्होंने सोचा कि इससे शांति आएगी लेकिन उल्टा हुआ। पाकिस्तान ने इसे कमजोरी समझा और दशकों तक प्रॉक्सी वॉर करता रहा। इस एक फैसले ने भारत को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि हमने जो भुगता है, वह इतिहास में दर्ज है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Read more Articles on

Recommended Stories

Nitin Nabin: मोदी ने कराया BJP के बॉस का मुंह मीठा, नितिन नबीन के पदभार ग्रहण की खास तस्वीरें
Nitin Nabin: बीजेपी बॉस के घर में चलता है अलग सिस्टम, पत्नी ने बताया क्यों नहीं होता झगड़ा