
Vande Bharat train: मुंबई को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोलापुर से मुंबई तक और शिर्डी से मुंबई तक, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने दोनों ट्रेनों को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री मोदी ने छत्रपति शिवाजी महराज टर्मिनस से दोनों वंदे भारत ट्रेनों को रवाना किया।
पहली बार दो वंदे भारत ट्रेनों की शुरूआत, खुलेगा विकास का द्वार
पीएम मोदी ने ट्रेनों को रवाना करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 'आज पहली बार एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत हुई है। यह राज्य में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बढ़ावा देगी।' पीएम ने कहा कि आज का दिन भारतीय रेल और विशेष रूप से मुंबई और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बड़ा है। एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेनें शुरू हुई हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से यहां के लोगों के लिए काफी सुविधाजनक यात्रा हो सकेगी। यही नहीं यह सुविधा महाराष्ट्र में पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देंगे। यहां विकास की और संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
देश में पहली बार दस लाख करोड़ रुपये केवल इंफ्रा के लिए होंगे खर्च
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए दस लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यह बीते नौ सालों की तुलना में पांच गुना अधिक है। डबल इंजन सरकार की वजह से महाराष्ट्र को कनेक्टिविटी के मामले में नंबर वन बनाया जाएगा। यहां यातायात के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। उन्होंने कहा कि देश के 17 राज्य और 108 जिले अभी तक वंदे भारत ट्रेन से जुड़ चुके हैं। दस ट्रेनें पूरे देश में चल रही हैं। यह नए भारत के विकास यात्रा की कहानी है। देश स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ आगे बढ़ रहा है। यह अमृत काल है जिसमें हम विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.